जॉर्डन चुनाव: इस्लामिस्ट पार्टी के बढ़ते प्रभाव से इस्राइल के लिए बढ़ेंगे ख़तरे?

0
544

मिर्ज़ा दानिश बेग

आज बात पश्चिमी एशियाई देश जॉर्डन के बारे में। यह देश उत्तर में सीरिया, उत्तर-पूर्व में इराक़, पूर्व और दक्षिण-पूर्व में सऊदी अरब, पश्चिम में फ़िलिस्तीन और इस्राइल से घिरा हुआ है। जॉर्डन की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से सेवाओं, पर्यटन और खनिज संसाधनों पर आधारित है‌ और यह एक संवैधानिक राजशाही है, जहाँ राजा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जॉर्डन की संस्कृति अरब, इस्लामिक और पश्चिमी प्रभावों का मिश्रण है। इसका समाज विविध और धर्मनिरपेक्ष माना जाता है। जॉर्डन का फ़िलिस्तीन मुद्दे पर लंबे समय से एक सशक्त और समर्थक रुख़ रहा है। 1948 में अरब-इस्राइल युद्ध के बाद जॉर्डन ने पश्चिमी तट (वेस्ट बैंक) पर क़ब्ज़ा कर लिया और 1950 में इसे अपने हिस्से में मिला लिया। 1967 में चले छह दिन के युद्ध में इस क्षेत्र को इस्राइल ने छीन लिया, लेकिन जॉर्डन ने कभी भी अपने फ़िलिस्तीनी आबादी के प्रति समर्थन को कम नहीं होने दिया। जॉर्डन फ़िलिस्तीन की स्वतंत्रता के लिए हमेशा एक मज़बूत समर्थनकर्ता रहा है और फ़िलिस्तीनियों के साथ एक शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है। फ़िलिस्तीनी शर्णार्थियों की बड़ी संख्या जॉर्डन में रहती है और उन्हें जॉर्डन की नागरिकता भी दी गई है, जिससे जॉर्डन की नीति फ़िलिस्तीन मुद्दे से गहराई से जुड़ी रही है।

अक्टूबर 2024 में जॉर्डन में संसदीय चुनाव हुए। चुनावों में नागरिकों की उम्मीदों, अर्थव्यवस्था, बेरोज़गारी और राजनीतिक सुधार जैसे मुद्दे प्रमुख थे। जॉर्डन के चुनाव आमतौर पर नियंत्रित होते हैं और इसमें राजा की सत्ताधारी भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जबकि संसद में अलग-अलग दलों का प्रतिनिधित्व होता है। राजा के अधिकार काफ़ी अधिक होते हैं। चुनाव में पारंपरिक रूप से स्वतंत्र उम्मीदवारों का प्रभुत्व होता है और विपक्षी दलों को चुनौती देने का सीमित अवसर मिलता है। 2024 के चुनावों में भी यही पैटर्न देखने को मिला है, जहाँ विपक्षी इस्लामिक एक्शन फ़्रंट (IAF) जैसे दलों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की, लेकिन सत्ता की केंद्रीय भूमिका राजा अब्दुल्लाह द्वितीय और उनके समर्थक समूहों के पास बनी रही।

जॉर्डन के इस चुनाव में इस्लामिस्ट पार्टी इस्लामिक एक्शन फ़्रंट (IAF) ने सबसे ज़्यादा सीटें जीती हैं। इस बार पार्टी ने 138 में से 31 सीटें हासिल की, जो उनकी अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इस जीत का मुख्य कारण इस्राइल और ग़ज़ा के बीच चल रहे संघर्ष के प्रति जनता का गुस्सा था। जिसके नतीजे में IAF ने चुनाव प्रचार किया और जीते। जॉर्डन की एक बड़ी आबादी फ़िलिस्तीनी मूल की है और IAF ने इस चुनाव में फ़िलिस्तीन को लेकर अपने मज़बूत रुख़ को सामने रखा। उन्होंने चुनाव के दौरान फ़िलिस्तीन की आज़ादी, इस्राइल के साथ 1994 के शांति समझौते को निरस्त करने और ग़ज़ा में हमास का समर्थन करने जैसे मुद्दे उठाए थे।

IAF के नेताओं ने कई महत्वपूर्ण बयान दिए, जिनमें से कई फ़िलिस्तीन और इस्राइल के बीच चल रहे संघर्ष पर केंद्रित थे। IAF के प्रमुख नेता मुराद अडेलाह ने चुनाव के बाद अपनी जीत को “जनमत संग्रह” कहा, जो हमास और उसके सहयोगियों के समर्थन का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि जॉर्डन और इस्राइल के बीच 1994 में हुआ शांति समझौता समाप्त होना चाहिए।

एक अन्य महत्वपूर्ण बयान IAF के अध्यक्ष वेल अल-सक्का का था, जिन्होंने कहा कि जॉर्डन की जनता ने उन पर विश्वास किया है और अब पार्टी पर देश और नागरिकों के प्रति ज़िम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि उनकी पार्टी फ़िलिस्तीनी संघर्ष के प्रति प्रतिबद्ध है और उन्होंने ग़ज़ा संघर्ष के दौरान हमास के समर्थन में बड़ी रैलियों का आयोजन भी किया था। IAF के नेता फ़िलिस्तीन के मुद्दे को अपने चुनावी अभियान का केंद्र बनाते हुए, इस्राइल के साथ जॉर्डन के संबंधों को कमज़ोर करने और हमास के साथ लगातार एकजुटता दिखाने की बात कर रहे हैं।

हालांकि, IAF को बहुमत नहीं मिला है, इसीलिए उन्हें गठबंधन सरकार बनाने के लिए दूसरे दलों से सहयोग लेना पड़ेगा। संसद में अभी भी सरकार समर्थक और जनजातीय दलों का दबदबा है, जिससे IAF की सत्ता में आने की संभावनाएं कम हैं।

जॉर्डन के राजा, अब्दुल्लाह द्वितीय, की इस चुनाव में एक प्रमुख भूमिका है। संवैधानिक रूप से, राजा के पास सरकार बनाने और संसद को भंग करने की शक्ति है। हालांकि संसद क़ानून बना सकती है और सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है, फिर भी अंतिम निर्णय राजा के हाथ में होता है। राजा अब्दुल्लाह ने 2022 में चुनाव सुधार किए थे, जिनसे पार्टियों की भूमिका को बढ़ावा दिया गया था, लेकिन इस्लामिस्ट पार्टियों के बढ़ते प्रभाव को नियंत्रित करने की कोशिश भी की गई।

इस प्रकार, अगर IAF सत्ता में आती है, तो वे फ़िलिस्तीन का खुलकर समर्थन करेंगे और संभवतः इस्राइल के साथ शांति समझौते को रद्द करने की दिशा में क़दम उठाएंगे, लेकिन गठबंधन सरकार के बिना उनके लिए यह संभव नहीं होगा। नई सरकार बनने में एक सप्ताह से महीने तक का समय भी लग सकता है।

IAF जॉर्डन में मुस्लिम ब्रदरहुड की राजनीतिक शाखा है। मुस्लिम ब्रदरहुड एक इस्लामी राजनीतिक आंदोलन है जिसकी स्थापना 1928 में मिस्र में हुई थी। इस संगठन का मुख्य उद्देश्य इस्लामी क़ानून (शरिया) के आधार पर एक सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था स्थापित करना है। जॉर्डन में IAF को इस्लामवादी विचारधारा के समर्थकों के रूप में देखा जाता है, जो मुस्लिम भाईचारे के सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हैं।

हालांकि, जॉर्डन में मुस्लिम ब्रदरहुड की आधिकारिक स्थिति थोड़ी जटिल है। 2020 में जॉर्डन के उच्चतम न्यायालय ने मुस्लिम ब्रदरहुड को पंजीकरण क़ानूनों के उल्लंघन के कारण भंग कर दिया था। इसके बावजूद, संगठन अब भी सक्रिय है और राजनीति में अप्रत्यक्ष रूप से भाग लेता है।

मुस्लिम ब्रदरहुड का संबंध केवल जॉर्डन तक सीमित नहीं है। यह एक व्यापक क्षेत्रीय संगठन है जिसका प्रभाव विभिन्न अरब देशों में भी है। कई अरब देशों में इसे सरकारों के लिए एक चुनौती के रूप में देखा गया है, क्योंकि यह अक्सर उनके विरुद्ध इस्लामी सरकारों की स्थापना की वकालत करता है।

जॉर्डन चुनावों में इस्लामिक एक्शन फ़्रंट की बढ़त से इस्राइल के लिए कुछ संभावित ख़तरे उभर सकते हैं। फ़्रंट ने खुलकर हमास का समर्थन किया है और जॉर्डन और इस्राइल के बीच 1994 के शांति समझौते को ख़त्म करने की बात कही है। अगर फ़्रंट का प्रभाव जॉर्डन की सरकार में बढ़ता है, तो इस्राइल के साथ जॉर्डन के राजनयिक और सुरक्षा संबंधों पर इसका नकारात्मक असर हो सकता है। यह समझौता दोनों देशों के बीच शांतिपूर्ण संबंध बनाए रखने में मददगार रहा है, ख़ासकर पश्चिमी तट के सीमावर्ती इलाकों में। फ़्रंट का सत्ता में आना इन संबंधों को कमज़ोर कर सकता है‌। क्षेत्रीय स्थिरता को भी ख़तरे में डाल सकता है, क्योंकि जॉर्डन फ़िलिस्तीनी शरणार्थियों की एक बड़ी आबादी का घर है और इस्लामिस्ट पार्टी के फ़िलिस्तीनी मुद्दों पर सख़्त रुख़ से वहां इस्राइल विरोधी भावनाएं और बढ़ सकती हैं, जिससे इस्राइल के लिए एक नई मुसीबत पैदा हो सकती है। साथ ही जॉर्डन और इस्राइल के बीच सहयोग में कमी, विशेष रूप से सुरक्षा और ख़ुफ़िया मामलों में, इस्राइल की पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा चुनौतियां बढ़ा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here