
अदनान कफ़ील दरवेश
सितंबर की हवा : राहतफ़ज़ा लगेगी
हमें यक़ीन दिलाती
कि हब्स से भरे दिन कट गए
अक्सर सीलन से भरी दीवारों पर
ख़ुश्की के बूटे उकेरती
इसी बीच धीरे-से हवा में घुली ख़ुनकी
किसी रोज़ यक़ीन को मात देती
छील देगी गला
दरमियान में बुख़ार की तरह लौटेगी
कोई पुरानी व्याधि
या सरे-शाम सामान समेटते हुए
आ धमकेगी आँधी की बला
या अनजान सिमतों से उठेगी
मूसलाधार बारिश की पट-पट
मुमकिन है
फ़ौजी बूटों से काँप जाए कोई दुपहर
या गोली की आवाज़ से दहल जाए कोई सुबह
ये भी हो सकता है कि आसमान से
अज़ाब की तरह उतरे ये सितमगर-सितम्बर
जिसमें हम अपने नैतिक पतन के गर्त में चले जाएँ।
(‘लानत का प्याला’ में संकलित)









