आतंकवाद की राजनीतिक परिभाषा!

पुरोहित जब मध्यप्रदेश के पंचमढ़ी में पोस्टेड था, तो वहां अरबी सीखी। मालेगांव धमाके से जुड़े SMS वो अरबी में भेजता था, ताकि शक इस्लामिक आतंकवादी संगठनों की ओर जाए। भारत में यह पैटर्न बहुत आम है। अभी-अभी पहलगाम हमले के बाद गौतम गंभीर को IS की तरफ़ से जान की धमकी मिली, पता चला कि धमकी गुजरात के किसी जिग्नेश सिंह परमार ने भेजी थी, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।

0
612
credit: ndtv picture
pahalgam

दिलीप खान 

प्रज्ञा सिंह ठाकुर तो मान लीजिए एक उजड्ड संगठन से जुड़ी व्यक्ति थी, लेकिन कर्नल पुरोहित कौन था? वह भारतीय सेना का अफ़सर था। जम्मू-कश्मीर में काउंटर-टेररिज़्म टीम में शामिल था, जिसे अनौपचारिक तौर पर MI-25 के नाम से जाना जाता है। इस टीम का टास्क था बॉर्डर इलाक़ों में ख़ुफ़िया जानकारी इकट्ठा करना और दुश्मनों की तलाश करना।

फिर मिलिट्री इंटेलिजेंस में भेज दिया गया। इसके बाद किसी रिटायर्ड मेजर रमेश उपाध्याय के संपर्क में आया और अभिनव भारत नामक उग्र संगठन जॉइन कर लिया। आरोप है कि पुरोहित ने सेना का 60 किलो RDX चोरी की।

पुरोहित जब मध्यप्रदेश के पंचमढ़ी में पोस्टेड था, तो वहां अरबी सीखी। मालेगांव धमाके से जुड़े SMS वो अरबी में भेजता था, ताकि शक इस्लामिक आतंकवादी संगठनों की ओर जाए। भारत में यह पैटर्न बहुत आम है। अभी-अभी पहलगाम हमले के बाद गौतम गंभीर को IS की तरफ़ से जान की धमकी मिली, पता चला कि धमकी गुजरात के किसी जिग्नेश सिंह परमार ने भेजी थी, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।

दिलचस्प ये है कि प्रज्ञा ठाकुर के साथ मिलकर कर्नल पुरोहित मालेगांव धमाके का षडयंत्र उस समय रच रहा था, जब वह आर्मी की नौकरी में था। जब धमाका हुआ, तब भी वो आर्मी में था। गिरफ़्तारी के बाद आर्मी ने उसे बर्ख़ास्त किया।

तो पुरोहित पर आरोप क्या है कि NIA उसे फांसी की सज़ा देने की मांग कर रहा है? आरोप है कि पुरोहित ने सेना से RDX चुराकर अभिनव भारत को दिया, जिसका इस्तेमाल मालेगांव विस्फ़ोट में किया गया। साथ ही, पूरी प्लानिंग में वो शरीक़ रहा।

मरहूम हेमंत करकरे ने अपनी जांच के बाद कुछ टेप जारी किए थे। एक टेप में प्रज्ञा ठाकुर से पुरोहित कह रहा था, “हमें अभिनव भारत के सदस्यों के हाथ में हथियार थमाने होंगे… हर स्तर के कार्यकर्ताओं को हथियार चलाने की बुनियादी ट्रेनिंग देनी होगी…हमें अखिल भारतीय हिंदू राष्ट्र बनाना होगा, जिसका नाम ‘अभिनव भारत’ होगा।”

एक टेप में पुरोहित सेना के एक अन्य अधिकारी कर्नल बप्पादित्य धर से देश में सैन्य तख़्तापलट करने की रणनीति पर बात कर रहा था, जिसके जवाब में धर कहता है, “मैंने 26 जनवरी के दिन अखंड भारत के 20 हज़ार नक़्शे जवानों को बंटवाया है, हमारी तरफ़ से (इस मुहिम में) यही छोटा योगदान है।”

सोचिए कितना ख़तरनाक है ये सब कि किसी एक धर्म का मुल्क बनाने की मुहिम में सेना के ही अफ़सर जुटे थे और जवानों को इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे थे!

अभिनव भारत की स्थापना की मुख्य सूत्रधार हिमानी सावरकर थी, जो नाथूराम गोडसे की भतीजी ओर विनायक दामोदर सावरकर की बहू (भतीजे की पत्नी) थी। इसी संस्था से पुरोहित जुड़ा।

पकड़े जाने पर पुरोहित ने दलील दी कि वो तो इन संस्थाओं (अभिनव भारत और सनातन संस्था) की तहक़ीक़ात कर रहा था कि इनका आतंकवादी घटनाओं से क्या लिंक है, लेकिन दिलचस्प ये है कि गिरफ़्तारी के बाद हिमानी सावरकर के बेटे सत्याकी सावरकर ने पुरोहित को ‘हीरो’ बताया। सनातन संस्था ने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर और कर्नल पुरोहित को षडयंत्र करके झूठे मुक़दमे में फंसाया गया है।

कभी सुना है कि जिन संस्थाओं की जांच कोई अधिकारी इस एंगल से कर रहा हो कि वे आतंकवादी संगठन हैं, उन्हीं संगठनों के लोग जांच अधिकारी को ही हीरो क़रार दे और उनकी रिहाई की मुहिम में जुटे रहें!

मालेगांव केस में ये सब हुआ। पूरे मामले में मीडिया की एक अच्छी बात यह दिखी है कि उसने आज तक प्रज्ञा सिंह ठाकुर या कर्नल पुरोहित को आतंकवादी कहकर संबोधित नहीं किया। अलबत्ता, प्रज्ञा ठाकुर और पुरोहित बेल पर जब छूटे, तो उनके बयानों को मीडिया ने ऐसे प्रचारित किया, जिससे लोगों में इनके प्रति हमदर्दी बढ़े।

मालेगांव धमाके में शामिल सभी व्यक्तियों को मीडिया ने हमेशा “आरोपी” कहा, लेकिन क्या मीडिया की यही भाषा सबके लिए होती है?

अमूमन नहीं। अमूमन हिंदुत्ववादी संगठन के लोगों को लेकर मीडिया की भाषा नरम रहती है। प्रोफ़ेशनल तक़ाज़ा यही कहता है कि यही भाषा सभी आरोपियों के मामलों में होनी चाहिए, लेकिन मीडिया सांस्थानिक तौर पर पूरे मुल्क को उजड्ड बनाने की मुहिम में जुटा है। जैसे कोई मुस्लिम नाम दिखता है, मीडिया गिद्ध की तरह टूट पड़ता है।

NIA ने कुछ साल पहले ये कहा था कि उन पर ‘ऊपर’ से दबाव है कि इन लोगों के केस को नरमी से लड़ा जाए और इनके ख़िलाफ़ कमज़ोर सबूत पेश किए जाएं। अब हो सकता है कि ‘ऊपर वाले’ का प्रज्ञा ठाकुर के साथ डील बंद हो गई हो। अब NIA इन सबको फांसी देने की मांग कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here