सालेह अंसारी
“हमें अच्छे से तैरना नहीं आता”
यह बात पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा तुमबर्ग ने तब हंसते हुए कही जब एक मीडिया चैनल को इंटरव्यू देते हुए इन से सवाल पूछ गया। एंकर ने एक अमेरिकी सीनेटर का हवाला देते हुए बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है कि “उम्मीद है ग्रेटा तुमबर्ग को तैरना आता होगा”।
ग्रेटा तुमबर्ग वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करती हैं। इनकी पहचान एक ऐसे बच्चे के रूप में है जो पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी जागरूक हैं और दुनिया के बड़े बड़े राजनेताओं के सामने बड़ी गंभीरता और सटीकता से भयमुक्त हो कर अपनी बात रखती हैं।
ग्रेटा तुमबर्ग पिछले दिनों एक जून को 12 सदस्यीय दल के साथ मदलीन नामक जहाज से फलस्तीन समर्थन के लिए सहायता सामग्री लेकर समुद्र के रास्ते इसराइल द्वारा बनाए गए बैरिकेड को तोड़ने जा रही थी।
उनका मानना है कि यह मुश्किल दौर है, दुनिया के सारे नेता मूकदर्शक बने हुए हैं। इसराइल द्वारा गाजा में हो रहे नरसंहार को रोकने में दुनिया नाकाम है। ऐसे में हमारे पास और कोई रास्ता नहीं है। सिवाय इसके कि हम अपने आप को खतरे में डाल कर गाजा पहुंचे और वहां के लोगों की सांकेतिक मदद करें। दुनिया के सामने इसराइल का पर्दाफाश करें। ग्रेटा ने कहा कि यदि गाजा के लिए 100 किलो आटा पहुंचाने की कीमत मेरी जान है तो मैं जान देना मंजूर करूंगी, ताकि गाजा तक सहायता सामग्री पहुंच सके।
पिछले 2 सालों से इसराइल फलस्तीन में नरसंहार का खेल खेल रहा है। लोग भूख, प्यास, ठंड और इलाज न होने की वजह से मौत के मुंह में जा रहे हैं। जिस में अधिकतर महिलाएं और नवजात शिशु और कम उम्र बच्चे शामिल हैं। दुनिया के सभी बड़े नेता सिर्फ मूकदर्शक बने हुए हैं। यूनाइटेड स्टेट द्वारा संयुक्त राष्ट्र का हर प्रस्ताव जो इसराइल और फलस्तीन के बीच सीजफायर पर पेश किया जाता है, वीटो के माध्यम से पास होने से रोक दिया जाता है।
आप को बताते चले ग्रेटा तुमबर्ग ने फलस्तीन जाने का प्रयास इससे पहले भी उठाया था। लेकिन मिसाइल द्वारा इनके सहायता सामग्री पर हमला किया गया। जिस के बाद इन्हें वापस होना पड़ा था। ग्रेटा ने मिसाइल हमले के लिए इसराइल को जिम्मेदार बताया था लेकिन इसराइल ने इस मामले में कोई सफाई नहीं दी और न ही इस हमले की जिम्मेदारी ली। एक बार मिसाइल द्वारा जहाज पर हमला होने और साथी वॉलेंटियर्स के घायल हो जाने के बाद, ग्रेटा क्या कर सकती थी। या तो हार कर बैठ जाती या फिर कोई बड़ा कदम उठाती।
ग्रेटा तुमबर्ग ने वही किया। जो एक साहसी निर्भीक और हिम्मती लड़की कर सकती थी। एक जहाज पर हमला होने के कुछ ही दिन बाद ग्रेटा ने दूसरा जहाज लिया लिया और स्वयं समेत 12 लोगों का दल फिर से निकल पड़ा।
ये सिर्फ एक जहाज नहीं है ये दुनिया के सामने बुजदिली, कम हिम्मती और तानाशाही के मुंह पर तमाचा और अंधकार के दौर में उम्मीद की किरण है। जो काम दुनिया के बड़े बड़े नेता और कार्यकर्ता नहीं कर सके। वह काम ग्रेटा तुमबर्ग और उन के साथियों ने किया।
9 जून की सूचना के अनुसार जब फ्रीडम फ्लोटिला नामक दस्ता अर्थात ग्रेटा और उनके साथी गाजा से कुछ ही नॉटिकल (180 km) दूरी पर थे इसराइल सेना द्वारा उनके जहाज पर मिसाइल द्वारा हमला किया गया और उनके साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अंतरराष्ट्रीय जल पर चलने वाले जहाज को इसराइली सेना द्वारा हमला कर, उसको हाईजैक कर लेना युद्ध अपराध माना जाता है। लेकिन नतमस्तक हो चुकी दुनिया को गाजा के लिए संघर्षरत लोगों पर हुए इस अपराध का कोई असर शायद ही पड़े।
दुनिया भर से लोगों ने फ्रीडम फ्लोटिला संगठन के सदस्यों के रिहाई और सुरक्षित गाजा तक पहुंच को सुनिश्चित बनाने की मांग की है।
ग्रेटा तुमबर्ग और उन के साथियों द्वारा उठाया गया यह कदम वैश्विक स्तर पर एक बड़े संदेश का काम करेगा। ऐसे समय में जब दुनिया ने फलस्तीन से अपने सारे संबंध तोड़ लिए और इसराइल के सामने नेता नतमस्तक नजर आ रहे हैं, ग्रेटा और उनके साथी दुनिया के सामने मानवता और इंसानियत की मिसाल बन कर उठे हैं। दुनिया भर में एक बड़ी आबादी इस कदम की सराहना कर रहा है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि अब दुनिया के अलग अलग हिस्सों से लोग गाजा की तरफ कूच कर रहे हैं और इजरायली प्रतिबंधों को खत्म करने के लिए घरों से निकल पड़े।
आश्चर्य जनक बात यह भी है कि इस दल को अभी तक मीडिया और वैश्विक स्तर पर वह स्थान नहीं मिला जिस की उम्मीद को जाती है। विश्लेषकों का मानना है कि ऐसा इस लिए भी हो रहा हैं क्योंकि यह मामला फलस्तीन से जुड़ा हुआ है और विरोधी इसराइल के साथ बहुत सारे देशों के व्यापारिक और सामरिक रिश्ते हैं। पश्चिमी मीडिया ने इस मामले को नाममात्र रिपोर्टिंग दी है। जैसा कि इनका इतिहास रहा है। उदाहरणतः बीबीसी जैसी अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्था ने इस बड़े आयोजन और संघर्ष को इसराइल द्वारा जहाज और वॉलेंटियर्स को अगुवा किए जाने से महज 1 घंटे पहले रिपोर्ट की जाती है।
एक बात साफ है कि अगर आप दुनिया के किसी अन्य मामले पर वैश्विक संस्थाओं की आलोचना करते हैं तो आपका स्वागत बड़े स्तर पर किया जाएगा। आपको बड़े बड़े मीडिया चैनल इंटरव्यू करेंगे। आप पर प्राइम टाइम में चर्चा होगी। बड़े बड़े कार्यक्रम आप के नाम होंगे। लेकिन यदि आप पश्चिम राजनेताओं के राजनीतिक अनैतिकता पर सवाल करेंगे, उनके अमानवीय कृत्यों को आलोचना करोगे तो न्यूज रूम के दरवाजे तक भी नहीं पहुंच सकेंगे। अर्थात मीडिया आपको अहमियत नहीं देगी और न ही आप उनके अखबारों में हेडिंग बन पाएंगे।
इन सब के बाद भी ग्रेटा तुमबर्ग और उनके साथियों ने दुनिया के सामने मानवता और सत्यता की प्रतीक बन कर खड़ी है। उन्हें न तो मीडिया की चकाचौंध दुनिया की जरूरत है और न ही अखबारों में प्रमुखता। ग्रेटा तुमबर्ग बताती है कि उनके लिए पर्यावरण के साथ साथ मानवता और सामाजिक न्याय भी जरूरी है। बराबरी और सामाजिक न्याय के बिना पर्यावरण संरक्षण की बात अधूरी और उस की महत्वता कम करने के बराबर है।
यहां उस सदस्यों की सूची साझा की जा रही है जो मदलीन पर सवार थे।
यासेमिन एकर – जर्मनी
बैप्टिस्ट आंद्रे – फ्रांस
थियागो अविला – ब्राज़ील
उमर फैयाद – फ्रांस
रीमा हसन – फ्रांस
पास्कल मौरिरास- फ्रांस
यानिस म्हामदी – फ़्रांस
सुएब ओरदु – तुर्की
ग्रेटा थुनबर्ग – स्वीडन
सर्जियो टोरिबियो – स्पेन
मार्को वान रेन्नेस – नीदरलैंड
रेवा वियार्ड – फ़्रांस
मदलीन कौन हैं, जिनके नाम पर जहाज का नाम पड़ा?
मदलीन फिलिस्तीनी नागरिक और एक मछुवारन हैं। बचपन में ही इनके पिता की मौत के बाद से करीब 6 साल की कम उम्र से इन्होंने मछली पकड़ने का काम शुरू किया। जिस से अपने परिवार का भरण पोषण करती थी। यह फलस्तीन की पहली महिला मछुवारन मानी जाती हैं। जिन्होंने इसराइल के दबाव के बाद भी अपना काम जारी रखा और दुनिया के सामने हिम्मत की मिसाल पेश की। ऐसे समय में जब फ्रीडम फ्लोटिला संगठन ने गाजा तक सहायक सामग्री पहुंचाने का प्रण लिया तो जहाज का नाम इनके नाम पर रख कर दुनिया भर के राजनेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों को यह संदेश दिया कि इसराइल की तानाशाही और नरसंहार के सामने यह जहाज़ मदलीन की ही तरह अडिग रहेगा, और हर कोशिश होगी कि गाजा तक यह सामग्री पहुंचे। साथ ही दुनिया को संदेश जाए कि विश्व की कोई भी सीमा किसी से दूर नहीं है अगर प्रयास दृढ़ संकल्प के साथ किया जाए।










