सालेह अंसारी
इस्लामी साहित्य की प्रतिनिधि पत्रिका “पेश रफ्त” इस समय मेरे सामने है। इस विशेषांक का शीर्षक अल्लामा इकबाल की शायरी, विचार और दर्शनशास्त्र पर आधारित है। पत्रिका का शीर्षक (मन आ के अज़ संग आईना साज़म) अल्लामा इकबाल की एक फारसी कविता के अंश से लिया गया है।
यह पत्रिका विशेष रूप से चार भागों में विभाजित है।
प्रथम भाग में हम अक़वाल, हम्द और नात के साथ संपादकीय पढ़ सकते हैं। संपादकीय लेख डॉ. खालिद मुबाशिर, एसोसिएट प्रोफेसर, जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने लिखा है। इस लेख में अल्लामा इकबाल से संबंधित आलोचनाओं पर चर्चा की गई है।
पत्रिका के दूसरे भाग का नाम ‘मकाला’ है। इस भाग में शोध आधारित लेख प्रस्तुत किए गए हैं। इन लेखों के अध्ययन से पाठकों को अल्लामा इकबाल के विचारों, मानवता के विकास के लिए सुझाए गए कार्यों और उनके दर्शन (खुदी) को विस्तार से समझने में सहायता मिलती है। संपादक की दूरदृष्टि और लेखों के चयन ने इस भाग को अत्यंत मूल्यवान बना दिया है। इस अध्याय के लेख, जैसे डॉ. जिया उर रहमान का “इक़बाल और बलाद-ए-इस्लामिया का दर्द”, डॉ. इकबाल हुसैन का “इक़बाल और नव-इस्तेमारी बयानिया” और डॉ. इम्तियाज़ अहमद का “इक़बाल का तसव्वुर-ए-मर्द-ए-मोमिन: चंद जरूरी वजाहतें”, अत्यंत वैचारिक और इस्लामी जीवन की संकल्पनाओं पर आधारित हैं। ये लेख न केवल पाठकों को इक़बाल के विचारों और साहित्यिक योगदान से परिचित कराते हैं, बल्कि जीवन के संघर्षों में इक़बाल द्वारा सुझाए गए इस्लामी मूल्यों पर भी प्रकाश डालते हैं।
तीसरा भाग “मबाहिष” को समर्पित है। इसमें दो लेख सम्मिलित हैं। दोनों लेखों के नाम समान हैं, लेकिन दोनों में अलग-अलग विचारों और दर्शनों पर चर्चा की गई है।
पहला लेख प्रोफेसर शमीम अहमद का “नजरिया-ए-इक़बाल और मेरा मौकुफ” है। इसमें लेखक ने अल्लाह, मानव समाज और इश्क़ पर अल्लामा इक़बाल के विचारों का अध्ययन किया है। लेखक यह बताने का प्रयास करते हैं कि इंसान मिट्टी का बना है, लेकिन उसे जीवन देने का कार्य इश्क़ करता है। यही इश्क़ मानव को क्रियाकलाप के लिए प्रेरित करता है और आगे बढ़ने का प्रयास कराता है। लेखक बताते हैं कि मानव ने छल और लालच के कारण अपने भविष्य और वर्तमान को खराब कर लिया है, लेकिन अभी भी समय है—यदि वह छल, कपट और लालच को त्यागकर पूरी कृतज्ञता के साथ जीवन व्यतीत करने लगे, तो वह आज भी संसार में प्रकाश का माध्यम बन सकता है। मानव समाज का उपकार कर उसे उसके वास्तविक जीवन से जोड़ सकता है।
इस भाग के दूसरे लेख में डॉ. शहाबुद्दीन ने इक़बाल के इश्क़ के दर्शन और अक़्ल पर चर्चा की है। लेखक बताते हैं कि इक़बाल ने जिस तरह अक़्ल और इश्क़ के बीच संबंध और भिन्नता पर विचार किया है, इस मामले में वह फारसी शायर रूमी से भी आगे हैं। डॉ. शहाबुद्दीन आगे इस लेख में व्यक्ति और समाज पर अल्लामा इक़बाल के दर्शन पर आलोचकों की आलोचनाओं का उत्तर देते हैं और बताते हैं कि अल्लामा इक़बाल व्यक्ति के सुधार के माध्यम से समाज का उत्थान देखते हैं।
अल्लामा इक़बाल व्यक्तिगत सुधार के साथ-साथ सामाजिक कृतियों और राजनैतिक विचारों पर भी अपनी दार्शनिक दृष्टि रखते हैं। वह पश्चिम द्वारा थोपी गई सभ्यता, सामाजिक न्याय और उपनिवेशवाद के पर अपने विचार रखते हैं और इनमें व्याप्त कुरीतियों पर गहरा प्रहार करते हैं। अल्लामा इक़बाल पश्चिमी सभ्यता, उपनिवेशवाद और सामाजिक न्याय के प्रश्न पर केवल प्रश्नचिह्न ही नहीं लगाते, बल्कि इसके सुधार के मार्ग भी सुझाते हैं। जो उनके ख़ुदी के दर्शन में निहित है। यह भाग देखने में छोटा भले ही हो, लेकिन वैचारिक और शोध की दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण है।
पत्रिका के अंतिम चरण में अल्लामा इक़बाल की पाँच विशेष नज़्मों का मूल्यांकन किया गया है। ये पाँच लेख अपने आप में अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं। इसका कारण यह है कि अल्लामा इक़बाल के दर्शन पर आधारित सभी प्रमुख कार्य इसमें शामिल हैं और इनका चयन भी संपादकीय मंडल ने इसी आधार पर किया है।
पहला मूल्यांकन अल्लामा इक़बाल की नज़्म “मस्जिद-ए-कुर्तबा” का है। यह अल्लामा इक़बाल की लंबी नज़्मों में से एक है। इस नज़्म और इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को जिस प्रकार अल्लामा इक़बाल ने प्रस्तुत किया है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है। इस अध्याय का मूल्यांकन करते हुए डॉ. हबीबुर रहमान ने जिस धैर्य और विद्वता का परिचय दिया है, वह भी सराहनीय है। पूरे अध्याय को पढ़ने के बाद प्रतीत होता है कि लेखक ने हर शब्द के अर्थ को स्पष्ट कर दिया है। लेखक बताते हैं कि अल्लामा इक़बाल ने इस नज़्म को इस्लामी सभ्यता के पतन के परिणामस्वरूप नहीं लिखा, बल्कि मानव व्यवहार, इश्क़, क्रियाकलाप और नवनिर्माण के नियमों का वर्णन किया है। इस प्रकार, इस पूरे अध्याय को पढ़कर आपकी जो समझ विकसित होगी, वह अल्लामा इक़बाल के विचारों के समीप ले जाने में सहायक होगी।
दूसरे अध्याय में मुसद्दिक मुबीन साहब ने जिस समझ के साथ “इब्लीस की मजलिस-ए-शूरा” का वर्तमान आधुनिक समाज के संदर्भ में मूल्यांकन किया है, वह अविस्मरणीय है। मुसद्दिक मुबीन पहले कुछ संदर्भ प्रस्तुत करते हैं और इसके माध्यम से इक़बाल के वैचारिक महत्व को पाठकों तक पहुंचाते हैं, फिर नज़्म पर चर्चा करते हैं। इस अध्याय में इब्लीस के माध्यम से जिस तरह की बातें की गई हैं, मुसद्दिक मुबीन इसे अल्लामा इक़बाल के व्यक्तिगत मंथन से जोड़ते हैं। वे बताते हैं कि
वास्तव में इक़बाल पहले खुद इब्लीस के किरदार को सामने लाते हैं और आज के सांसारिक मुद्दों पर बात करते हैं, फिर उन्हीं से उसका जवाब दिलवाते हैं कि आधुनिक समाज, लोकतंत्र, तानाशाही या इस तरह की व्यवस्था में भले ही सभी लोग फंसे हों, लेकिन असल समस्या दीन-ए-मुस्तफ़वी से है। अगर मानने वालों में इसकी समझ आ गई और वे अपनी शिक्षाओं पर आगे बढ़ने लगे तो हमारी सभी व्यवस्थाएं नष्ट हो जाएंगी।
तीसरे अध्याय में नज़्म “शुआ-ए-उमीद” का मूल्यांकन मिलता है। इस नज़्म का मूल्यांकन डॉ. महर फातिमा ने किया है। उन्होंने भी व्यवस्थित रूप से इस नज़्म के तीनों भागों का मूल्यांकन किया है और बताया है कि अल्लामा इक़बाल इस नज़्म के माध्यम से पूर्वी दुनिया के लोगों को ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से सीख लेकर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं। इस पूरे ड्रामे को डॉ. महर फातिमा ने बेहतर तरीके से वर्णित किया है।
चौथे अध्याय का मूल्यांकन अब्दुल माजिद ने किया है। नज़्म का नाम “खिज्र-ए-राह” है। इस नज़्म में इक़बाल ने खिज्र के माध्यम से वर्तमान समाज या कहें पूर्वी दुनिया के पिछड़ेपन का कारण बताया है और उसका हल भी प्रस्तुत किया है। अब्दुल माजिद ने इस पूरी नज़्म का मूल्यांकन बहुत व्यवस्थित और विस्तृत रूप में किया है, जिसका अध्ययन कर पाठक को गहरा बोध होता है। अब्दुल माजिद ने इस मूल्यांकन के माध्यम से इक़बाल के समय-दर्शन और मानव समाज के आपसी संबंधों पर भी चर्चा की है।
पत्रिका का अंतिम और इस भाग का आखिरी अध्याय “तुलू-ए-इस्लाम” नज़्म का मूल्यांकन है। इस नज़्म को अल्लामा इक़बाल ने एक प्रकार की भविष्यवाणी के रूप में लिखा है। नज़्म यह बताने का प्रयास करती है कि अब ऐतिहासिक रूप से पश्चिम और मध्य की दुनिया में पतन का प्रारंभ हुआ है और उत्थान अब इस्लाम के हिस्से में है। मोहम्मद फैसल खान ने इस अध्याय के आरंभ में ही इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर चर्चा की है और पाठक को नज़्म की समझ दे दी है कि कविता किस प्रसंग में लिखी गई है। आगे वह बड़ी स्पष्टता से नज़्म का मूल्यांकन करते हैं और हर शेर पर अपनी टिप्पणी के माध्यम से समझाने का प्रयास करते हैं। इस प्रकार ये पांच अध्याय अल्लामा इक़बाल की शायरी की एक व्याख्या पाठक के सामने लाते हैं और इक़बाल को समझने या पढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
सम्पूर्ण पत्रिका बहुत वैचारिक और दार्शनिक पृष्ठभूमि पर चर्चा करती है, जो अल्लामा इक़बाल का अपना क्षेत्र है, और काफी सफल दिखाई देती है। लेकिन इस पूरी पत्रिका को पढ़ते हुए जो कमी सामने आती है, वह यह कि इसमें इक़बाल के गद्यांशों पर कम चर्चा की गई है। यदि इस पत्रिका में एक-दो अध्याय अल्लामा इक़बाल के व्याख्यानों या अन्य संदेशपत्रों के लिए रखे जाते तो इक़बाल का विस्तृत कैनवास पाठक तक पहुँच सकता था। लेकिन
इक़बाल एक बड़े विचारक और दार्शनिक हैं, जिन्होंने अपनी शायरी और व्याख्यानों के माध्यम से विश्व में एक बड़े बदलाव का स्वप्न देखा। उसे इस छोटी पत्रिका में समेटना संभव नहीं था। अतः संपादकीय मंडल बधाई का पात्र है। समय मिले तो इस पत्रिका को खरीदकर पढ़ें। साहित्य के इस्लामी विचारों और लेखकों के बारे में यदि आपको जानने की उत्सुकता है तो आप इस पत्रिका के नियमित पाठक भी बन सकते हैं। धन्यवाद!










