मसूद अब्दाली
इज़राइल और फ़िलिस्तीन का विवाद अब केवल ग़ज़ा और पश्चिमी तट तक सीमित नहीं रहा है। इज़राइली सरकार की नीतियों के ख़िलाफ़ वैश्विक स्तर पर राजनीतिक, कूटनीतिक और जन प्रतिक्रिया बढ़ती जा रही है। ब्रिटेन, फ़्रांस और कनाडा ने पश्चिमी तट की इज़राइली बस्तियों से आने वाली वस्तुओं के आयात पर पाबंदियों का ऐलान किया है, जबकि कई और देश भी ऐसी पाबंदियों का समर्थन कर रहे हैं। दूसरी ओर, इज़राइल ने ब्रिटेन के पूर्वी यरूशलम स्थित वाणिज्य दूतावास को बंद करने का आदेश दे दिया है।
बस्ती बसाने के ख़िलाफ़ ब्रिटिश क़दम
ब्रिटिश विदेश मंत्री एड मिलिबैंड ने हाउस ऑफ़ कॉमन्स (संसद) को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रिटेन पश्चिमी तट पर इज़राइली क़ब्ज़े को ग़ैर-क़ानूनी मानता है। उन्होंने फ़िलिस्तीनी इलाक़ों से स्थानीय लोगों की ज़बरदस्ती बेदख़ली और बस्ती बसाने वालों की हिंसा को नस्ली सफ़ाए के रूप में बताया।
ब्रिटेन ने इन बस्तियों से आने वाली वस्तुओं पर पाबंदी के साथ-साथ उनकी विस्तार में मदद करने वाली कुछ कंपनियों और व्यक्तियों के ख़िलाफ़ भी पाबंदियाँ लगाने का ऐलान किया है। फ़्रांस और कनाडा ने भी इसी तरह के क़दम उठाए हैं, जबकि नौ और देशों ने संयुक्त रूप से ऐसी पाबंदियों का समर्थन या उन पर विचार करने का ऐलान किया है।
यहूदी-विरोध (Antisemitism) के बयानिये का राजनीतिक इस्तेमाल
मिलिबैंड के बयानों पर इज़राइल और उसके कुछ समर्थकों की ओर से कड़ा रद्दे-अमल सामने आया और उन्हें यहूदी-विरोध से जोड़ दिया गया, जबकि मिलिबैंड ख़ुद एक यहूदी हैं। उनके परिवार ने नाज़ी दौर में यहूदियों पर होने वाले अत्याचारों का सामना किया था।
क्या इज़राइली सरकार की नीतियों, क़ब्ज़े या बस्ती बसाने का विरोध करना यहूदी-विरोध कहा जाना सही है?
पश्चिमी तट में गिरफ़्तारियाँ और बस्ती बसाने वालों की हिंसा
अल-जज़ीरा के अनुसार, पिछले सप्ताह पश्चिमी तट के अलग-अलग इलाक़ों से बच्चों सहित लगभग एक सौ फ़िलिस्तीनियों को गिरफ़्तार किया गया।
तूलकरम में अनाथ और बेसहारा बच्चों की देखभाल के लिए मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता रुवी इब्राहीम को उनके घर से हिरासत में लिया गया। उन पर बच्चों को आतंकवाद की शिक्षा देने का आरोप लगाया गया है।
रामल्लाह के क़स्बे बैत इलू में बस्ती बसाने वालों के हमले में 23 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि क़सरा में बस्ती बसाने वालों की नाकाबंदी के दौरान राहत सामग्री ले जा रहे ट्रक पर हमला करके सामान लूटने की भी ख़बरें सामने आईं।
ग़ज़ा में बमबारी, आयरलैंड में ट्रम्प से सवाल
ग़ज़ा में इज़राइली बमबारी और ड्रोन हमलों का सिलसिला जारी रहा। ख़ान यूनिस में एक रिहायशी इमारत पर हमले में नौ लोग मारे गए, जबकि ग़ज़ा शहर की एक ख़ेमाबस्ती पर बमबारी से कई लोग ज़िंदा जल गए।
ग़ज़ा की स्थिति के बारे में राष्ट्रपति ट्रम्प से उनके आयरलैंड दौरे के दौरान भी सवाल किया गया। एक पत्रकार ने पूछा कि वह उन आयरिश नागरिकों को क्या जवाब देंगे जो मानते हैं कि अमेरिका ग़ज़ा में इज़राइल की कार्रवाइयों और पश्चिमी तट में इज़राइली आतंकवादियों को सुविधा प्रदान कर रहा है?
राष्ट्रपति ट्रम्प ने जवाब दिया कि अमेरिका इज़राइलियों और फ़िलिस्तीनियों के बीच शांति समझौते की कोशिश कर रहा है।
उनके दौरे के मौक़े पर आयरलैंड के बड़े शहरों में ग़ज़ा, पश्चिमी तट और ईरान युद्ध के ख़िलाफ़ प्रदर्शन भी हुए।
ग़ज़ा की जंग पर वैश्विक विरोध
न्यूयॉर्क में 9/11 की स्मृति सभा के दौरान एक युवा फ़िलिस्तीनी झंडा लेकर मैदान में दाख़िल हुआ, जिसे पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया।
यूरोपीय देश स्लोवेनिया में इज़राइली दूतावास के उद्घाटन के मौक़े पर भी विरोध प्रदर्शन हुआ।
ये घटनाएँ इस बात की निशानी हैं कि फ़िलिस्तीन का मसला अब केवल मध्य-पूर्व की कूटनीति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वैश्विक जनमत का एक स्थायी विषय बनता जा रहा है।
इसी दौरान थाईलैंड में इज़राइली पर्यटकों के कथित अनुचित व्यवहार और कुछ विदेशियों की बढ़ती हुई कारोबारी और संपत्ति संबंधी गतिविधियों के ख़िलाफ़ स्थानीय स्तर पर विरोध तेज़ हो गया है।
थाईलैंड के शहर फुकेत (Phuket) में स्थानीय समूहों ने कुछ इज़राइली और दूसरे विदेशी पर्यटकों पर स्थानीय क़ानूनों के उल्लंघन, दुकानदारों और टैक्सी ड्राइवरों के साथ अनुचित व्यवहार और कुछ मौक़ों पर सेवाओं के भुगतान से संबंधित शिकायतें की हैं।
10 सितंबर को बैंकॉक में इज़राइली दूतावास के बाहर सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और विदेशियों की ओर से कथित रूप से ज़मीनों पर क़ब्ज़े के ख़िलाफ़ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने “थाईलैंड बिक्री के लिए नहीं है” और “यह तुम्हारी वादा की हुई ज़मीन नहीं है” जैसे नारे लगाए।
इज़राइलियों की अपनी डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म
इज़राइली फ़िल्म निर्माता युवाल अब्राहम और रेशल ज़ोर की डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म NAZA ने वेनिस फ़िल्म फ़ेस्टिवल में विशेष जूरी पुरस्कार हासिल किया है।
फ़िल्म में 24 इज़राइली सैनिकों और ख़ुफ़िया अधिकारियों की गुमनाम गवाहियाँ शामिल हैं, जिन्होंने अपनी पहचान ज़ाहिर न करने की शर्त पर ग़ज़ा में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) से संबंधित टार्गेटिंग और नागरिकों की मौतों के बारे में गंभीर दावे किए हैं।
इज़राइली सेना ने इन आरोपों को सख़्ती से ख़ारिज करते हुए कहा है कि इन गवाहों की पहचान और सेना में उनकी हैसियत की स्वतंत्र रूप से पुष्टि संभव नहीं है, जबकि हमलों के लक्ष्यों के चयन और मंज़ूरी के फ़ैसले इंसानी अधिकारी करते हैं, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस नहीं।
अगर फ़िल्म में पेश की गई गवाहियाँ ग़लत हैं, तो क्या केवल उन्हें ख़ारिज कर देना काफ़ी है या इन दावों की बाक़ायदा और स्वतंत्र जाँच भी होनी चाहिए?
एक जूता और एक नया इज़राइली विवाद
इज़राइल ने ग़ज़ा के लोगों को तबाह कर दिया, लेकिन हुक्मरानों की वहशत की भारी क़ीमत उसके सैनिक अब तक चुका रहे हैं।
एक अनुमान के अनुसार, पाँच हज़ार से अधिक इज़राइली सैनिक एक या दोनों पैरों से महरूम हो गए हैं।
जूते बनाने वाली कंपनी Adidas ने एक पैर वाले लोगों के लिए विशेष जूते तैयार किए हैं। इसके विज्ञापन में इज़राइल के एक विकलांग सैनिक को इस जूते के साथ दौड़ते हुए दिखाया गया है।
इज़राइली चरमपंथी इससे सख़्त नाराज़ हैं और सैनिकों की ओर से Adidas के बहिष्कार की मुहिम शुरू की गई है।
टेक्सास का नया पाठ्यक्रम: इतिहास या पूर्वाग्रह?
उधर अमेरिकी राज्य टेक्सास के शिक्षा बोर्ड ने हाई स्कूल के सामाजिक विज्ञान के नए पाठ्यक्रम को मंज़ूरी दी है। इसमें 9/11 के हमलों को “रेडिकल इस्लाम” से जोड़कर पढ़ाने और शुरुआती इस्लामी इतिहास के कुछ पहलुओं को युद्ध, ग़ुलामी और महिला क़ैदियों के संदर्भ में बयान करने के निर्देश शामिल हैं।
ये बदलाव 2030-31 के शैक्षणिक वर्ष से लागू होना शुरू होंगे।
अगर इतिहास पढ़ाते हुए किसी एक धर्म को लगातार नकारात्मक उदाहरणों के ज़रिए पेश किया जाएगा तो ऐतिहासिक चेतना पैदा करने के बजाय अंतर-धार्मिक अविश्वास और सामाजिक तनाव बढ़ सकता है।
आपत्ति केवल मुस्लिम संगठनों या आलोचकों की ओर से नहीं आई। बोर्ड द्वारा नियुक्त कम-से-कम तीन विशेषज्ञों ने भी पाठ्यक्रम में इस्लाम से संबंधित कुछ बयानों पर अपनी चिंताएँ ज़ाहिर की हैं।
प्रसिद्ध शिक्षाविद् सुश्री एंड्रिया हचिन्सन (Andrea Hutchinson) ने कहा कि संबंधित सामग्री “करीबी ऐतिहासिक जाँच-पड़ताल” पर खरी नहीं उतरती, जबकि यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्सास, ऑस्टिन में दर्शनशास्त्र के प्रोफ़ेसर रॉबर्ट कोन्स ने भी कुछ दावों के स्रोतों की अकादमिक हैसियत पर सवाल उठाया है।
प्रोफ़ेसर का कहना था कि इतिहास का बुनियादी सिद्धांत यही है कि विद्यार्थी को घटनाओं, प्रमाणों और अलग-अलग दृष्टिकोणों से परिचित कराया जाए। उसे पहले से किसी निष्कर्ष का पाबंद बना देना अकादमिक बेईमानी है।
अगर इस्लाम के इतिहास में युद्ध, ग़ुलामी या दूसरे विवादित पहलुओं को पढ़ाना ज़रूरी है तो उनका पूरा ऐतिहासिक संदर्भ भी बताया जाना चाहिए।
ग़ुलामी को केवल इस्लामी दुनिया से जोड़ना ऐतिहासिक तस्वीर को अधूरा कर देगा, क्योंकि ग़ुलामी इस्लाम से बहुत पहले भी अलग-अलग समाजों में मौजूद थी। बल्कि ख़ुद अमेरिका में 1865 तक ग़ुलामी को संवैधानिक संरक्षण हासिल था।
इज़राइल और फ़िलिस्तीन के विवाद से लेकर टेक्सास की कक्षा तक, शब्द और बयानिये इस्लाम-विरोधी मुहिम का हिस्सा बन चुके हैं।
इज़राइली सरकार की नीतियों की आलोचना को यहूदी-विरोध और आतंकवाद से जोड़ दिया गया है। अब स्कूलों में इतिहास, शोध, प्रमाण और निष्पक्षता के बजाय मुसलमानों के प्रति डर और शक के साथ पढ़ाई की जाएगी, जिसकी वजह से कक्षा ज्ञान का केंद्र बनने के बजाय सामाजिक विभाजन का मैदान बन सकती है।
इतिहास का काम किसी धर्म को कटघरे में खड़ा करना नहीं है, बल्कि इंसान को अतीत से सच सीखने के क़ाबिल बनाना है।
(1. मसूद अब्दाली वरिष्ठ स्तंभकार हैं। इस्लामी दुनिया और विशेष रूप से मध्य-पूर्व की स्थिति का विश्लेषण उनका विशेष क्षेत्र है। 2. सम्पादकीय नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं छात्र विमर्श का इससे सहमत होना आवश्यक नहीं है। यह लेख उर्दू साप्ताहिक दावत में प्रकाशित हुआ है विमर्श के पाठकों के लिए यहाँ पुनः प्रकाशित किया जा रहा है।)










