मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी,मौलाना अबुल कलाम आजाद के ख्वाबों की वो ताबीर है जो 1947 के बाद भारतीय संविधान सभा के भाषण में पेश किया गया। सोशल मीडिया पर आज भी मौलाना का वह भाषण मौजूद है जिस में उन्होंने भारत की राष्ट्रीय भाषा के तौर पर ‘हिन्दुस्तानी’ अर्थात उर्दू भाषा को चुनने का प्रावधान रखा था।
11 नवंबर 1888 को मक्का में पैदा होने वाले मौलाना अबुल कलाम आजाद ने कभी ख्वाब में भी नहीं सोचा होगा कि वह हिंदुस्तान आयेंगे। हिंदुस्तान आकर न सिर्फ यहां पर आम जिंदगी व्यतीत करेंगे बल्कि इस देश के विकास में रीड की हड्डी बनकर शैक्षणिक, आर्थिक, सामाजिक, धार्मिक और सद्भाविक स्तर पर मजबूती प्रदान करेंगे। 1912 में जब आप ने अल हिलाल के नाम से मासिक पत्रिका का संपादन शुरू किया तो किस ने सोचा था कि वह स्वतंत्रता के संघर्ष में मील का पत्थर होगा। पत्रिका का ऐसा प्रभाव हुआ कि अंग्रेज सरकार की सत्ता डगमगाने लगी, अफसर के नीचे से उनकी कुर्सी हिलती नजर आई और उन्हें अपना वजूद खतरे में दिखाई देने लगा। केवल 2 साल से भी कम समयकाल 1914 में ही अंग्रेजों ने इस मासिक पत्रिका पर रोक लगा दी। मौलाना अबुल कलाम आजाद ने अपने इस पत्रिका के माध्यम से देश के लोगों विशेषतः मुस्लिम समुदाय में आग की एक लहर पैदा की। एक ऐसी चिंगारी जिस ने इस मुल्क के तत्कालीन अंग्रेज हुकूमत को घुटने पर का खड़ा किया। उनकी साख उजड़ गई, जगह जगह लोगों ने बगावत कर दिया और अंग्रेजों के खिलाफ असहयोग आंदोलन की शुरुआत हो गई। गांधी को मौलाना अबुल कलाम आजाद जैसा एक राजनीतिज्ञ, विचारक, वक्ता और इतिहासकार का मिलना ही देश की आजादी के लिए आधी से ज्यादा समस्या का समाधान था। यह बात हवा में नहीं बल्कि अल हिलाल के बंद होते ही अल ब्लाग 1914 में शुरू करने के उनके लगन और रुचि के आधार पर कहा जा सकता है। लिसान उस सिद्क जैसे पत्रिका का अल्पायु में ही संपादन करना और उसके माध्यम से एक बड़े वर्ग के लोगों को वैचारिक रूप से देश के स्वतंत्रता आंदोलन के लिए तैयार करना मौलाना आजाद का ही काम हो सकता था। आजाद में जिस मेहनत और लगन के साथ एक नागरिक और स्वतंत्रता सेनानी होने का कर्तव्य निभाया है और देश की आजादी के बाद जिस उत्साह से देश के विकास का ख्वाब संजोया है उसे पूरा करना और उसके लिए अपना सब कुछ बलिदान कर देना ही आज के समय पर आजाद को सच्ची खिराज ए अक़ीदत होगी।

आजाद की मृत्यु के लगभग 66 साल बाद आज जब मौलाना आजाद राष्ट्रीय विश्वविद्यालय अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। संपूर्ण देश में शिक्षा दिवस मनाया जा रहा है। मैं आजाद के उस सपनों को साकार होते हुए देख रहा हूं।
आजाद ने एक ऐसे देश का ख्वाब देखा था जिस में हिन्दू मुसलमान एक साथ अपने धर्म की शिक्षाओं के आधार पर जीवन जीने का ख्वाब देख सके, आजाद ने एक ऐसे देश का ख्वाब देखा था जहां मुसलमान को एक मुसलमान के तौर पर पहचान मिले, सम्मान मिले लेकिन उस को उसकी पहचान के आधार पर भेदभाव का शिकार न बनाया जाए। उस को उसकी पहचान के आधार पर किसी भी चौराहे और किसी भी आंगन में घुस कर मौत के घाट न उतार दिए जाए।
आजाद ने कहा था कि “एक मुसलमान से ये उम्मीद रखना कि वह सच का ऐलान न करें और ज़ुल्म को ज़ुल्म न कहे, बिल्कुल ऐसा ही है जैसे यह कहा जाए कि वह अपने धार्मिक जीवन से पीछे हट जाए। अगर तुम किसी आदमी से इस बात का अधिकार नहीं मांगते कि वह अपना धर्म त्याग दे, तो निश्चित ही एक मुसलमान से यह मांग नहीं की जा सकती कि वह ज़ुल्म को ज़ुल्म न कहे। क्योंकि दोनों बातों का मतलब एक ही है।”
आज के वर्तमान हिंदुस्तान में जब हम इस वक्तव्य को पढ़ते है या किसी भाषण में सुनते है तो महसूस होता है कि मौलाना कितने दूर दृष्टि रखते थे। उनको इस बात का अहसास था कि अगर देश के दो अलग हिस्से होंगे और लोग दो मुल्कों में अलग हो जाएंगे तो देश का क्या हाल होगा। आप ने शायद हिंदुत्व विचारधारा के उन लोगों को भी पहचान लिया था जो आज देश की सत्ता अपने हाथ में लेकर नफरत, घृणा और कुंठा की राजनीति को चरम पर पहुंचा रहे हैं। यह माहौल न सिर्फ मुल्क के किसी विशेष समुदाय या लोगों में फैला, बल्कि यह ज़हर इस मुल्क के शिक्षण संस्थाओं तक फैल चुका है। मौलाना अबुल कलाम आजाद ने दोटूक अंदाज में कांग्रेस के अधिवेशन में अपनी बात रखते हुए कहा था कि “मैं एक मुसलमान हूं और मुझे मुसलमान होने पर गर्व महसूस होता है, इस्लाम की तेरह सौ साल की अद्भुत परंपराएं मेरे सामने आई हैं। मैं इसका एक छोटा सा हिस्सा भी बर्बाद कर देने को तैयार नहीं हूं। इस्लाम की सभ्यता मेरी संपत्ति की पूंजी है और इसकी रक्षा करना मेरा कर्तव्य है। एक मुसलमान के रूप में धार्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में मेरी अपनी एक विशेष पहचान है और मैं उसमें किसी भी तरह का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं कर सकता लेकिन इन सभी भावनाओं के साथ मेरी एक और भावना भी है जो मेरे जीवन की वास्तविकताओं द्वारा बनाई गई है इस्लाम की रूह/ आत्म मुझे इससे नहीं रोकता, यह मुझे इस क्षेत्र में मार्गदर्शन करता है।” यह विचार कितना ठोस और आधारभूत संरचना रखता है। आज के तत्कालीन समाज में सरकारों और सामाजिक संगठनों के लिए यह खुला संदेश है मौलाना अबुल कलाम आजाद की ओर से। मौलाना जब अपनी पहचान को खोने नहीं देना चाहते तो आज के लोगों से क्यों ये उम्मीद रखी जा सकती है कि वह अपनी पहचान से पीछे हट जाएं। याद रखना आज के समाज में नफरत का जो ज़हर आपके द्वार तक पहुंचा है वह न केवल एक समुदाय को बल्कि पूरे देश के लिए घातक है। नफरत ऐसा विष है जो अपना रंग भी नहीं बदलता है और सभ्यताओं का नाश कर देता है। हमें ऐसी ही नफरत और घातक बीमारियों से इस देश को बचाने का संघर्ष का करना है।
आज के शिक्षण संस्थानों में बड़े पदों पर बैठे ये नफरती पुजारी और सरकारी गुलामी से ज्यादा हिंदुत्व विचारधारा के नतमस्तक लोग इस देश की बुनियादों को खोखला और कमजोर कर रहे हैं। जिस देश के शिक्षण संस्थाओं में सरकारी प्रभाव में पुलिस और फोर्स का आवागमन आम बात हो, प्रशासनिक गुंडागर्दी सामान्य बात बनती जा रही हो सरकारी संस्थाओं और सरकार पर सवाल खड़ा अपराध के समान या देशद्रोह बनाता जा रहा हो, आलोचना की परिभाषा बदलती जा रही हो, संस्थाओं पर सवाल करना और अनैतिक व्यवहार पर टोकना या उनके विरोध में लोकतांत्रिक आवाज उठाना देश के खिलाफ होता जा रहा हो, तो ऐसे में मौलाना अबुल कलाम आजाद की शिक्षाएं विशेषतः मुसलमानों, पिछड़ों, छात्रों और दलितों के लिए उम्मीद की मशाल और देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था को कठोर बनाने सहायक बनती हैं।
मौलाना ने आजादी के पहले भी सांप्रदायिक नफरत के खिलाफ आवाज़ उठाई और हिन्दू मुस्लिम एकता की बात की और आजादी के बाद भी अपने उन वक्तव्यों पर पूरी ताकत के साथ खड़े रहे। देश के विभाजन के बाद जामा मस्जिद दिल्ली की सीढ़ियों से दिए गए मौलाना का अपील आज दौर में भी उतना ही प्रमाणिक है जितना कि आजादी के समय था। आजाद ने कहा था कि “अहद करो, ये मुल्क हमारा है. हम इसी के लिए हैं और उसकी तक़दीर के बुनियादी फ़ैसले हमारी आवाज़ के बग़ैर अधूरे ही रहेंगे…”
इसके अतिरिक्त मौलाना अबुल कलाम आजाद ने इस देश की संस्कृति और सभ्यता को याद दिलाते हुए कहा था कि “हजारों वर्षों के हमारे साझे जीवन ने एक अखंड राष्ट्र का स्वरूप दिया है। ऐसे साँचे बनाए नहीं जा सकते, वे सदियों से प्रकृति के गुप्त हाथों से अपने आप बनते रहते हैं। अब यह सांचा ढल चुका है और इस पर किस्मत की मुहर लग चुकी है.हम चाहें या न चाहें, अब हम एक भारतीय राष्ट्र और एक अविभाज्य भारतीय राष्ट्र बन गए हैं। पृथक्करण की कोई भी कृत्रिम कल्पना हमारी एकता को दो भागों में विभाजित नहीं कर सकती। हमें प्रकृति के निर्णय को स्वीकार कर अपने भाग्य का निर्माण स्वयं शुरू कर देना चाहिए।” ये वो बातें थी जो मौलाना आजाद ने देश के नागरिकों के सामने की थी। उनको सोचने और समझने पर विवश किया था।
इसके अतिरिक्त मौलाना अबुल कलाम आजाद ने इस देश की संस्कृति और सभ्यता को याद दिलाते हुए कहा था कि “हजारों वर्षों के हमारे साझे जीवन ने एक अखंड राष्ट्र का स्वरूप दिया है। ऐसे साँचे बनाए नहीं जा सकते, वे सदियों से प्रकृति के गुप्त हाथों से अपने आप बनते रहते हैं। अब यह सांचा ढल चुका है और इस पर किस्मत की मुहर लग चुकी है.हम चाहें या न चाहें, अब हम एक भारतीय राष्ट्र और एक अविभाज्य भारतीय राष्ट्र बन गए हैं। पृथक्करण की कोई भी कृत्रिम कल्पना हमारी एकता को दो भागों में विभाजित नहीं कर सकती। हमें प्रकृति के निर्णय को स्वीकार कर अपने भाग्य का निर्माण स्वयं शुरू कर देना चाहिए।” ये वो बातें थी जो मौलाना आजाद ने देश के नागरिकों के सामने की थी। उनको सोचने और समझने पर विवश किया था।
मौलाना धार्मिक शिक्षाओं पर पैनी निगाह रखते थे। आप ने कई धार्मिक किताबें लिखी, कुरआन जैसी पवित्र और मुस्लिम समाज के प्रमुख किताब पर टिप्पणी लिखी, मुहम्मद साहब की जीवनी और बाद के कई बड़े इस्लामिक स्कॉलर के जीवन दर्शन पर किताबें लिखी। इन सब के बाद भी अल्लामा धार्मिक सौहार्द के सबसे बड़े समर्थक थे। यह बात अपने आप में बड़ी महत्वपूर्ण है। इससे यह बात साफ होती है कि इस्लामिक शिक्षाएं किसी भी प्रकार की नफरत, आपसी वैमनस्य, या कुंठा को बढ़ावा नहीं देती हैं। देश की आजादी के सच्चे सिपाही के रूप ने आप ने अपने वक्तव्यों से, अपने कलम से, अपने पत्रिकाओं से, अपने लेखों से और अपने जीवन से यह बता दिया कि यदि व्यक्ति में लगन और काम करने की इच्छा शक्ति हो तो वह किस किस प्रकार से अपना योगदान दे सकता है।
मौलाना के जीवन से आज के युवाओं को सीख लेनी चाहिए। किस प्रकार मौलाना के इस देश की आज़ादी और आज़ादी मिलने के बाद देश के विकास में अपना योगदान दिया है। मौलाना किसी बड़े शिक्षण संस्थान से पढ़े नहीं थे लेकिन सीखने और समझने की लगन ने मौलाना को इस स्थान तक ला दिया कि वह भारत के पहले शिक्षा मंत्री बने और भारत के विकास के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र को आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचाया। आज इस की रोशनी पूरे भारत के कोने कोने में पहुंच रही है।
मौलाना के मस्तिष्क से उपजा हुआ बीज आज बड़ा हो कर फल दे रहा है शिक्षा और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत विश्व का प्रतिनिधित्व कर रहा है। ललित कला अकादमी, साहित्य अकादमी या उर्दू अकादमी जैसी संस्थाएं भारत के कोने कोने में पनपने वाले संस्कृति को कलाम ने सबसे पहले पहचाना और उन्हें एक स्थान दिया। ताकि वह देश के स्तर पर अपने क्षेत्र व समाज का प्रतिनिधित्व कर सके।
मौलाना ने अपना जीवन कष्टमय व्यतीत किया। वह चाहते तो अपने पिता के खानदानी पेशे को आगे बढ़ा कर बड़े शान से जीवन शानदार, शाहज़ादों वाला जीते। लेकिन आपका मन नहीं माना, भारत की मनोदशा और स्थिति ने आपको कुछ और सिखाया। प्रारंभिक शिक्षा घर पर प्राप्त करने के बाद समाज के बारे में सोचना समझना शुरू किया। जो देखते उसको समझने और उस पर विचार विमर्श करने की कोशिश करते। अपने बचपन का एक किस्सा वह अपनी जेल की रचना “गुबार ए खातिर” में बताते है कि बचपन में आपका रोज का काम था कि नौकर के साथ घूमने जाते। लेकिन जब जाने लगते तो अपने साथ किताबें ले जाते और खुली हवा में पढ़ते रहते। आपके नौकर को यह शिकायत होती कि अन्य लोग सायं काल में घूमने आते है और आप किताब लेकर बैठ जाते हैं। मै यहां अकेला रह जाता हूं। ये लगन और कोशिश थी सीखने जानने और समझने की। तब जाकर 12 या 15 साल की आयु में कोई कलाम ‘लिसान उस सिदक’ नमक अखबार जारी करता है। आगे जा कर अल हिलाल, अल ब्लाग के नाम से अपनी पत्रिका भी जारी करता है।
कलाम के अंदर बगावत और आजादी की ख्वाहिश का ऐसा लगन था कि चार–चार बार आपकी पत्रिका बंद हुई, अंग्रेजों के आपकी पत्रिका के विरोध में लेख लिखे, प्रशासन ने आपका छापा खाना जब्त कर लिया, आप पर जुर्माने लगाए लेकिन आप ने सच बात और न्याय की बात कहने से खुद को अलग नहीं किया। आज के समय में जब लोग एक छोटी सी नौकरी और सरकारी दबाव में लाखों और करोड़ों छात्रों भविष्य को दांव पर रख कर समझौते करते हैं। ऐसे में मौलाना से सीखना चाहिए। बैन लगा, जुर्माना लगाया और कई कई बार सरकारी कार्रवाई हुई लेकिन सत्यनिष्ठा पर आंच न आने दी।

देश के लिए बलिदान का क्या क्या रास्ता अपनाया। जेल गए, एक बार नहीं बल्कि इतनी बार जेल गए कि हर हफ्ते का एक दिन उनके जीवन का जेल में बीता। उसी जेल में रहते हुए आपकी पत्नी आप का साथ छोड़ गई, लेकिन उससे भी आपके संघर्षशील जीवन पर कोई फर्क नहीं पड़ा। यहां तक कि जेल के अंदर जिस दिन ये खबर मिली उसके दूसरे दिन जब ये खबर अखबार में आने वाली थी उस दिन आप जेल में बंद अपने बैरक में मुंह पीछे कर के बैठे इंतेज़ार करते रहे कि अखबार वाला अखबार दे जाए और उस को पता न चले कि पत्नी के मौत की खबर से कोई इंसान टूट चुका है। ये खुद्दारी और आत्मसम्मान था।
ऐसे तो मौलाना के जीवन के एक एक हिस्से पर बहुत कुछ लिखा गया और लिखा जा रहा है। आज मौलाना अबुल कलाम आजाद का यौम ए वफात के दिन बस इतना कहना है कि मौलाना के जीवन से सीख लीजिए, इनकी तरह कलम उठाए, जबान से आवाज बुलंद कीजिए और ज़ुल्म के खिलाफ, नाइंसाफी के खिलाफ, भ्रष्टाचार के खिलाफ और शिक्षा में हो रहे अन्याय के खिलाफ अपने को आगे कीजिए, ठीक वैसे ही जैसे मौलाना ने आजादी के लिए अंग्रेजों के विरोध में कर दिखाया है।
मौलाना आजाद हमारे लिए जिंदा थे, जिंदा हैं और जिंदा रहेंगे लेकिन अगर सरकारी संस्थाओं में चल रही साजिशों के खिलाफ उठ कर उन्हें सम्मान देना चाहते हो, उनके कार्यों को याद रखना चाहते हो और उनको सच्ची अकीदत से याद करना चाहते हो तो आपको लिखना पड़ेगा। इतना लिखो कि आप का लिखना इतिहास बन जाए, इतना बोलो और इतने तेज से बोलो कि आपका बोलना इतिहास बन जाए और इतना कहो कि आपका कहना इतिहास बन जाए। आखिर ये की आजाद को अपनी जिंदगी में ऐसे अपना लो कि मानू के हजारों छात्रों में आज़ाद का रूप उतर आए और देश एक बार फिर शिक्षा, कला और साहित्य का राजकुमार बन जाए।
धन्यवाद
आज़ाद दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं
(मोहम्मद सालेह अंसारी, शोधार्थी, मौलाना आजाद राष्ट्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद)










