शकील अहमद राजपूत
जब भी किसी मासूम की जान जाती है मेरा दिल बहुत गमगीन हो जाता है, ये मेरी ही बात नहीं बल्के इंसानी फितरत है। इस्लाम भी इसी फितरी तालीम को उजागर करता है। कुरआन मासूम लोगों की हत्या की बहुत सख्त मजम्मत करता है। एक इंसान की हत्या को पूरी मानवता की हत्या करार देता है और किसी एक इंसान की जान बचाने को पूरी इंसानियत की जान बचाना करार देता है। (सूर: अल-मायदा, आयत 32)
इसी तरह हिन्दू धर्म भी अहिंसा परमो धर्म की बात करता है, दूसरे धर्मों की शिक्षा भी इसी तरह की है।
मैं समझता हूं कि जब तक धर्म के चश्मे से आतंकवाद को देखा जाएगा, हम किसी सही नतीजे पर नहीं पहुंच पाएंगे। ऐसे नेरेटिव से धर्म को मानने वाले अनुयायियों के बीच अंतर बढ़ता जाएगा और जो गलत फ़हमिया पैदा होंगी वो नफरत में इजाफा करेंगी।
यह बात सही हो सकती है के ऐसे आतंकवादी कृत्य में शामिल होने वाले का कोई धर्म हो, लेकिन उसका यह कृत्य धर्म की वजह से है या किसी और वजह से, दुश्मनी की वजह है या कोई षडयंत्र इस पर गौर करना होगा।
इस्लाम धर्म से जोड़ना इसलिए भी उचित नहीं के उसे फॉलो करने वाले दो चार नहीं बल्के दुनिया में दूसरे नंबर की आबादी है। अगर धर्म कारण होता तो एक बड़ी आबादी हिंसक होती लेकिन ऐसा नहीं है। अब अगर इस कृत्य के पीछे पाकिस्तान का हाथ है तो घटना अंजाम देने का तरीका बता रहा है के वो देश में हिंदू मुस्लिम विभाजन चाहते हैं। अगर ऐसा है तो हमें हिंदू मुस्लिम एकता का प्रदर्शन करके इस प्लान को निष्फल बनाना चाहिए। और अगर कोई राजनीतिक फायदा उठाने का षडयंत्र है, तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, क्योंकि कुछ लोग हैं जो इस विपत्ति में अवसर देख रहे हैं। लेकिन समस्या यह है कि किसी भी षडयंत्र से पर्दा उठने में समय लगता है और उस समय के भीतर बहुत कुछ नुकसान हो चुका होता है।
शंकराचार्य ने सही प्रश्न उठाया है कि आपके फ्लैट में कोई अनजान व्यक्ति कोई घटना अंजाम देकर चला जाए तो सबसे पहली जवाबदेही तो ‘ चौकीदार’ ही की होगी!! देश पर इतनी बड़ी आफत आन पड़ी और यहां किसी की जवाबदारी ही नहीं बन रही!!। आतंकवाद को खत्म करने के लिए एक जुट होना जरूरी हैं। लेकिन धर्म के नाम पर अपने ही देश में मुसलमानों के खिलाफ माहौल बनाना बिल्कुल ठीक नहीं है इससे देश अंदर से कमज़ोर होगा। मैं यह समझने की कोशिश कर रहा हूं कि आखिर हर बार आतंकवादी बीजेपी की डूबती नैया को सहारा क्यों दे जाते है?
आखिर हिन्दू मुस्लिम की जो राजनीति हमारे देश में पल रही थी आतंकवादियों ने उसे मजीद बढ़ाने का मौका क्यों दिया?
मारने वाले चार थे लेकिन बाकी सारे लोग बचाने वाले,मदद करने वाले, अपने घर के दरवाजे खोलने वाले, इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा करने वाले, उसके खिलाफ प्रदर्शन करने वाले मुसलमान करोड़ो में है। लेकिन मेन स्ट्रीम मीडिया में ठीक से दिखाया नहीं जा रहा। मीडिया और नफरती कीड़े मुसलमानों को ही जिम्मेदार ठहरा रहे है। ये बड़ी हैरत और दुख की बात है। यह भी मानसिक आतंकवाद है। इसे रोकना भी सरकार की प्राथमिक जवाबदही है। कमाल की बात यह है कि जितने भी टूरिस्ट के वीडियो आएं है, उनमें वो भी शामिल है जिन्होंने अपने परिवार के लोगों को खोया है, उन्होंने भी कश्मीरी मुसलमानों की पेट भर कर तारीफ की है लेकिन देश में कुछ लोग जी भर कर मुसलमानों का विरोध कर रहे है।
स्कूल कॉलेज में, रास्ते और बाजारों में, हिंसा की कई वारदात हो रही है। कानून व्यवस्था को मेंटेन करना भी सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जालिमों को सख्त सजा दी जाए ये हर दिल की आवाज़ है लेकिन किसी मासूम को निशाना न बना लिया जाए। अपने दिमाग का इस्तेमाल करे मीडिया से ब्रेन वॉशिंग न करवाएं।
कुछ लोगों को फिर से इस्लाम और कुरआन के खिलाफ़ बोलने का मौका मिल गया है वहीं घिसा पिटा नैरेटिव चला रहे है के कुरआन काफिरों को मारने की शिक्षा देता है। मुझे बताइए युद्ध के दौरान एक सैनिक को क्या आदेश दिए जाते हैं? जो आदेश दिए जाते है, वहीं आदेश युद्ध समय में कुरआन ने उन मक्का वासियों के ख़िलाफ़ दिए हैं जिनके इंतहाई जुल्म से परेशान होकर मुसलमान मदीना चले गए और वहां भी उन्हें सुकून से नहीं रहने दिया। लेकिन इन आयतों को संदर्भ से हटा कर दिखाया जाता है और लोगों को भ्रमित किया जाता है। वरना इस्लामी इतिहास के 1400 साल और भारतीय मुस्लिम इतिहास के तकरीबन 750 साल के उस दौर में भी दूसरे धर्मों के लोगो को सम्पूर्ण अधिकार दिए गए थे। लेकिन हमने इतिहास को भी कलंकित कर दिया।
निचले स्तर से लेकर उच्च पदों तक सभी जगह हिंदू धर्म के लोग हैं। उच्च शिक्षा से लेकर मीडिया, न्यायालय, व्यवस्था तंत्र में हिंदूओ की तादाद ही सबसे ज़्यादा है। मुसलमान या तो है ही नहीं या नाम मात्र। फिर भी “हिंदू धर्म को खतरा है” का प्रोपेगंडा करके बहुमति में विक्टिमहुड की भावना पैदा की जा रही है। जो अत्यंत गंभीर बात है। राजाओं की लड़ाई को धर्म के खाने में डाला जा रहा है।
सच्ची बात यह है कि आतंकवाद के नाम पर सबसे ज़्यादा नुकसान मुसलमानों को ही उठाना पड़ा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकाने वार ऑन टेरर के नाम पर अफगानिस्तान, न्यूक्लियर वेपन के बहाने ईराक, असद को बेदखल करने के लिए सीरिया, लोक तंत्र और अपने ही लोगों पर अत्याचार का बहाना बनाकर गद्दाफी (लीबिया) पर हमला वगैरा मुस्लिम देशों को तबाह करने में अमेरिका समेत बड़ी शक्तियों का हाथ है। यह कोई सीक्रेट नहीं रहा। Geo politics से वाकिफ लोग जानते है के वार ऑन टेरेरिज्म इसी स्कीम का भाग थी। इजराइल में उन्हें मानव अधिकारो का उल्लंघन नहीं दिख रहा, इजरायल को अनकंडीशनल स्पोर्ट भी इसी राजनीति का हिस्सा है। ये बड़ी शक्तियां आतंकवाद के खात्मे के बहाने आतंकवाद पैदा कर रही है। यही ताकते शस्त्र बेच कर फायदा हासिल रही है। क्या काश्मीर समस्या में अंतराष्ट्रीय साजिश तो नहीं? इस पहलू से भी सोचने की जरूरत है। क्योंकि पाकिस्तान भी इसकी जिम्मेदारी लेने से इंकार कर रहा है और लश्करे तौयबा भी। उधर चीन भी पाकिस्तान की सपोर्ट में आ रहा है और अमेरिका भी दोनों देशों पर अपनी निगाहे गाड़े हुए है। आतंकवादियों के पास जो हथियार देखे गए वो अमेरिकन बनावट के थे। युद्ध के परिणाम हम अपनी आंखों से देख रहे हैं, अड़ोस पड़ोस के मुल्कों, मध्य पूर्व के देशों या यूक्रेन की परिस्थिति देख लीजिए। और जो पाकिस्तान के नाम पर राजनीति करते है वो कभी दुश्मन को खत्म नहीं कर सकते क्योंकि ऐसा करने से उनका एक मुद्दा ही खत्म हो जाएगा।
बुद्धिजीवी सवाल कर रहे है कि इतने गंभीर मुद्दे पर सर्व दलीय बैठक बुलाई जाए और प्रधानमंत्री जी गैर हाज़िर रहे ऐसा क्यों? क्या चुनावी रैली ज्यादा महत्वपूर्ण थी या या इस विषय की बैठक! संरक्षण में खामी को स्वीकार करने से समस्या हल नहीं होगी। देश और देश वासियों की सुरक्षा और आतंकवाद के खात्मे के लिए मजबूत और निर्णायक क़दम उठाने होंगे। नोटबंदी और आर्टिकल 370 हटने के बाद भी परिस्थिति गंभीर क्यों है?
क्या इसके पीछे शैलानी को आतंकित करने का उद्देश्य नहीं? अथवा किसी देश या राज्य के अर्थतंत्र को प्रभावित करना या प्रवासियों को किसी दूसरी दिशा में शिफ्ट करना हो, जैसे 1997 में मिस्र में, प्रवासियों 2002 इंडोनेशिया के बाली में और 2015 में यूरोप के प्रवासन स्थानों पर टेरर अटैक के बाद इन देशों में प्रवासन बहुत प्रभावित हुआ था। इस दिशा में भी विचार होनी चाहिए।
कश्मीर से पंडितों का स्थानांतर एक विचलित करने वाली दास्तान है लेकिन इसमें भी बहुत से गहरे सवाल है जिन्हें संबोधित नहीं किया गया। फिर उसके बाद से आज तक कश्मीर में मरने वालों की बड़ी तादाद मुसलमानों की है। चाहे वो पुलिस के रूप में हो या सामान्य नागरिक के रूप में। लेकिन वो मीडिया से ब्लैक आउट रहता है।
हमारे मुल्क में भी आतंकवाद की जड़ में पहुंचने के लिए चारों दिशा में विचार विमर्श होनी चाहिए। प्रज्ञा ठाकुर, कर्नल पुरोहित, स्वामी असीमानंद, वगैरा किस मानसिकता के लोग थे और कौन सी साजिश का हिस्सा थे? इसके अलावा रिटायर Ig मशरिफ साहब ने अपनी किताब करकरे का कातिल कौन? में पर्दा उठाने की कोशिश की हैं। नक्सलवाद के नाम से होने वाली हिंसा में आदिवासी और क्रिश्चन शामिल है। ब्लास्ट सिरीज और मॉब लिंचिंग में हिंदू नाम धारी , पेलेस्टाइन की नस्ल कुशी में यहूदी जियोनिसट, बर्मा के नरसंहार में बौद्ध , चीन के ज़ालिम नास्तिक है तो यूरोप के अत्याचारी सेक्युलर। लेकिन बदनाम सिर्फ इस्लाम को ही किया जाता है। गांधीजी से लेकर राजीव गांधी तक, और कुलबर्गी से लेकर जस्टिस लोया तक को मारने वाले कौनसे मुस्लिम हैं? बाबरी मस्जिद की शहादत से बड़ा अलमिया कोर्ट का फैसला था लेकिन मुसलमानों ने सब्र किया…। धर्म पूछ कर हिंसा करने की टेंडेंसी किसकी रही है, और जाती पूछ कर जुल्म करने वालों का इतिहास कौन नहीं जानता। मुझे समझ नहीं आ रहा कि हवामान भी नाम देख कर आया था क्या? के मोदीजी का दौरा रद करना पड़े और 2000 प्रवासियों को कोई खतरा नहीं हो। हर साल दो साल में ऐसे कथित आतंकवादी पकड़े बताए जाते हैं जो छोटे बड़े मंत्रियों पर हमला करना चाहते थे। लेकिन ये आतंकवादी अपने आयोजन में कभी कामयाब नहीं हो पाते। फिर जनता के बीच सफल कैसे हो जाते हैं?
टेक्स के पैसे जनता अपनी सुरक्षा के लिए भी देती है। मुझे लगता है कि आतंकवाद का एक धर्म है और उसका नाम है “राजनीति ” और यही राजनीति धर्म का चोला पहन कर खतरनाक हो जाती है। कृपा सच्चाई समझने में मेरी सहायता करें।
चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी के माओ ज़ीडोंग ने 1938 के कहा था, politics is war without bloodshed while war is politics with bloodshed” (राजनीति रक्तपात रहित युद्ध है जबकि युद्ध रक्तपात युक्त राजनीति”)
(लेखक कोलमनिस्ट और जमाअते इस्लामी हिंद गुजरातना सेक्रेटरी है। [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है)










