जावेद कुरैशी
जब भी दुनिया में ज़ुल्म होता है, इंसानियत कराह उठती है। लेकिन आज ग़ज़ा की फ़िज़ाओं में सिर्फ धुआं, खून और ख़ामोशी है। फिलिस्तीन, खासकर ग़ज़ा पट्टी – जहां 20 लाख से ज़्यादा बेबस फिलिस्तीनी रहते हैं – एक ऐसी जगह बन गई है जहां उम्मीद, इंसानियत और वैश्विक न्याय की खुलेआम हत्या हो रही है।
इज़राइल के लगातार सैन्य हमलों और बेरहम घेराबंदी ने ग़ज़ा को पूरी तरह तबाह कर दिया है। हजारों बेगुनाह लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। अस्पतालों, स्कूलों, घरों और ज़रूरी ढांचे को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
सबसे दर्दनाक बात यह है कि ग़ज़ा में भुखमरी जैसे हालात पैदा कर दिए गए हैं – न पीने का पानी है, न खाना, न दवा, और न ही ईंधन। ये किसी प्राकृतिक आपदा की वजह से नहीं हुआ है, बल्कि इज़राइल की सोची-समझी रणनीति है – ताकि भूख को युद्ध के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।
इतने बड़े जुल्म और पीड़ा के समय, जबकि इंसानियत चीख रही है, दुनिया चुपचाप देख रही है। बड़ी-बड़ी ताक़तें या तो इज़राइल का खुलकर समर्थन कर रही हैं या फिर शर्मनाक खामोशी अपनाए हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र और दूसरे मानवाधिकार संगठन, जो मानवता के रक्षक कहलाते हैं, वो भी मौन हैं। यह चुप्पी न सिर्फ इज़राइल जैसे हमलावर देश को और बेखौफ बना रही है, बल्कि नरसंहार को "सामान्य" बना रही है।
हमने अपनी आंखों से वो भयानक दृश्य देखे हैं, जब भूखे लोग राशन लेने के लिए कतार में खड़े थे और इज़राइली सेना ने उन पर गोलियां चला दीं। सौ से ज्यादा लोग मारे गए, जिनमें मासूम बच्चे भी थे। भूख से बिलखते बच्चों की तस्वीरें आज भी सोशल मीडिया और खबरों में दिल दहला देती हैं।
क्या यही इंसानियत है? क्या हमारा ज़मीर जिंदा है?
ऐसे हालात में चुप रहना, जुल्म का साथ देना है। आज फिलिस्तीन पूरी दुनिया के लिए एक नैतिक कसौटी बन चुका है। अब सवाल यह नहीं कि आप किस धर्म, जाति या विचारधारा से हैं, बल्कि यह है कि आप किसके साथ हैं – ज़ालिम के या मज़लूम के?
इतिहास यह ज़रूर याद रखेगा।
इस संदर्भ में हमें समझना चाहिए कि फिलिस्तीन का मुद्दा सिर्फ एक देश या कौम का नहीं, बल्कि पूरी मानवता की परीक्षा है। जब दुनिया की ताक़तें ज़ालिम का साथ दें और अंतरराष्ट्रीय संगठन चुप हो जाएं, तो आम इंसानों को ही आगे आना पड़ता है।
अब वक़्त आ गया है कि हम व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से इज़राइल के ज़ुल्म के खिलाफ आवाज़ उठाएं और फिलिस्तीन के मज़लूम लोगों का साथ दें।
हम क्या कर सकते हैं:
सोशल मीडिया पर जागरूकता फैलाने वाली मुहिम चलाएं।
जनसभाएं, विरोध प्रदर्शन और रैलियों का आयोजन करें।
अपने मोहल्लों, स्कूलों और कॉलेजों में फिलिस्तीन पर चर्चा करें, वीडियो और डॉक्यूमेंट्री दिखाएं।
दीवारों पर जागरूकता फैलाने वाले पोस्टर, बैनर और आर्ट लगाएं।
लेखन, कविता और वीडियो संदेशों के ज़रिए लोगों के दिलों तक यह संदेश पहुंचाएं।
हर वो शख्स जो चुप्पी तोड़कर मज़लूम का साथ देगा, वो इंसानियत के रक्षक के रूप में इतिहास में नाम दर्ज करवा सकता है।
अब फैसला हमें करना है – क्या हम सिर्फ तमाशबीन बनकर रहेंगे, या जुल्म के खिलाफ आवाज़ उठाएंगे?










