
सफी उर रहमान नबील
शिक्षा के संबंध में हमारे यहाँ गहरी संवेदनशीलता पाई जाती है। लेकिन यह कौन-सी शिक्षा है? यह शिक्षा अपने भीतर अनेक अर्थ समेटे हुए है। अल्पसंख्यक इसके माध्यम से अपना खोया हुआ सम्मान पुनः प्राप्त करने का सपना देखते हैं। बहुसंख्यक इसे अपने खोए हुए अतीत की खोज के लिए इस्तेमाल करते हैं। पिछड़े वर्ग इसी शिक्षा के माध्यम से अपनी स्वतंत्रता की रक्षा करना चाहते हैं। इन सबका उद्देश्य यही शिक्षा पूरा कर सकती है।
अब यह शिक्षा बहुत बोझिल हो चुकी है। इसे कोई वास्तविक विद्यार्थी नहीं मिलता, जो सही अर्थों में इससे लाभान्वित हो सके। यहाँ विभिन्न स्वार्थों से प्रेरित लोग अपना दामन फैलाए चले आ रहे हैं, इस आशा में कि कुछ न कुछ मिल जाए जो उनके उद्देश्य को पूरा कर सके।
अब शिक्षा एक व्यापार बन चुकी है। आप जितना खर्च करेंगे, उसी के अनुपात में आपको प्राप्त होगा। यह सौदा शिक्षा का, शैक्षिक मूल्यों का और शिक्षा-व्यवस्था का भी है। शिक्षा के क्षेत्र में यह अब एक सामान्य बात बन चुकी है। राष्ट्रीय स्तर पर यदि आपको महँगाई का सामना करना है, तो पड़ोसी देशों के शैक्षिक संस्थानों के साथ भी सौदा किया जा सकता है।
हम ऐसे दौर में पहुँच चुके हैं जहाँ मानवीय स्वार्थ, अनियंत्रित इच्छाएँ और बढ़ती आवश्यकताएँ जीवन के हर क्षेत्र पर हावी हो चुकी हैं, और लगभग हर चीज़ हासिल की जा सकती है। हमारी इच्छाओं के सामने शिक्षा भी अब मात्र एक बिकने वाली वस्तु बनकर रह गई है, जिसे कभी भी और कहीं भी खरीदा जा सकता है। इसकी खरीद-फरोख्त के भी अलग-अलग स्तर हैं। कहीं इसे बड़े ठाठ-बाट और बाहरी आडंबर के साथ बेचा जाता है, तो कहीं केवल कागज़ों के बदले कागज़ थमा दिए जाते हैं।
शिक्षा आज फिर उसी ऊँच-नीच को जन्म दे रही है, जिसे समाप्त करने का दावा हम कानूनी और सामाजिक स्तर पर करते हैं। उच्च शिक्षण संस्थान सभी नागरिकों को समान अवसर नहीं देते। ये संस्थान समाज के वर्गों को नए रूप में पुनः निर्मित कर रहे हैं। हर वर्ग की पहुँच प्रत्येक शैक्षणिक संस्था तक नहीं है।
यदि कोई अत्यधिक परिश्रम करके वहाँ तक पहुँच भी जाए, तो कक्षा से लेकर स्टाफ रूम तक उसे बार-बार यह एहसास कराया जाता है कि यह स्थान उसकी सामाजिक हैसियत के अनुरूप नहीं है। इसलिए यदि यहाँ रहना है, तो चुप रहो।
गरीब हो या अमीर, हर व्यक्ति शैक्षिक निवेश को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। उनके भविष्य की पूरी इमारत इसी निवेश से मिलने वाले प्रतिफल पर खड़ी है। इसलिए किसी विद्यार्थी को यह अधिकार नहीं कि वह अपने निवेशक को घाटा पहुँचाए।
यह यात्रा आसान नहीं है; यह अत्यंत बोझिल और थका देने वाली है। यह मनुष्य के भीतर स्वयं से ऊब, घृणा और बेचैनी उत्पन्न करती है, क्योंकि उसे असफल नहीं होना है। उसके लिए घर से लेकर बैंक तक सब कुछ गिरवी रखा जा चुका है। अब वापसी का मार्ग केवल मृत्यु का मार्ग रह गया है।
शिक्षा अब आत्म-बोध की यात्रा नहीं रह गई है, बल्कि यह स्वयं को खो देने की आकर्षक दुनिया बन चुकी है। यहाँ सब कुछ प्राप्त कर लेने की कीमत अपने अस्तित्व को खो देना है। इस शिक्षा-व्यवस्था से तैयार होने वाले आत्म-विमुख लोग न अपने लिए कुछ कर पाते हैं, न समाज के लिए।
एक समय था जब यह दबाव समाज, सामाजिक संस्थाओं और नीतियों के माध्यम से उत्पन्न होता था, लेकिन अब “हर चीज़ संभव है”, “आप सब कुछ कर सकते हैं” और “आपके लिए कुछ भी असंभव नहीं है” जैसे नारों के बीच व्यक्ति स्वयं अपनी अस्मिता को समाप्त कर रहा है। यह स्थिति उस अनुशासन से भी अधिक खतरनाक है, जो शक्ति और नियंत्रण के माध्यम से स्थापित किए जाते हैं, क्योंकि यह हर व्यक्ति को भीतर से विवश बना रही है।
Byung-Chul Han का कहना है कि हम अब “Disciplinary Society” के दमन से निकलकर “Achievement Society” के दबाव में जी रहे हैं।
शैक्षिक दुनिया कोई निर्जीव दुनिया नहीं है। आप क्या बनना चाहते हैं और आप क्या बन सकते हैं—यह समाज पहले ही तय कर देता है। यह आपको स्वयं को जानने का अवसर नहीं देता, बल्कि अपेक्षाओं की एक सूची आपके हाथ में थमा देता है, जहाँ न सोचने की गुंजाइश होती है, न ही विचार करने का अवसर।
हम लंबे समय तक शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों को निष्पक्ष मानते रहे। हमने समझा कि उच्च शिक्षा से हमारी स्थिति बेहतर हो जाएगी। हमने स्वीकार किया कि उच्च शिक्षा धर्मनिरपेक्ष होनी चाहिए। हमने माना कि उच्च शिक्षण संस्थान सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनेंगे। लेकिन हम बार-बार असफल होते रहे। हमने कभी शैक्षिक नीतियों का आलोचनात्मक विश्लेषण नहीं किया। हमने इन संस्थानों को राजनीति से मुक्त मानने की भूल की। हमने अपनी सभी आशाएँ और आकांक्षाएँ इन्हीं आधारों पर खड़ी कीं, जो आज धीरे-धीरे ढहते जा रहे हैं।
मुझे विश्वास है कि एक दिन ये शैक्षिक व्यापारिक संस्थान अपना सम्मान खो देंगे। विद्यार्थी फिर से सच्चे अर्थों में विद्यार्थी बनेंगे। वे ज्ञान की खोज में सत्य की यात्रा करेंगे। वे एक नई दुनिया के निर्माण के लिए परिश्रम करेंगे, क्योंकि वे स्वयं से परिचित होंगे और उनकी आत्मचेतना उनकी शिक्षा को शक्ति देगी। वे समाज के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे, क्योंकि वे व्यापारी नहीं, बल्कि विद्यार्थी होंगे।
सम्पादकीय नोट; यह लेख रफ़ीक़ मंज़िल, उर्दू भाषा में प्रकाशित हुआ है जिसे विमर्श के पाठकों के लिए हिंदी में अनुवाद मुस्कान ने किया है। अनुवादक जामिया मिल्लिया इस्लामिया नई दिल्ली के उर्दू विभाग में शोधार्थी हैं.









