
कितनी भी बहस कर लीजिए, किसी की हाँ में हाँ मिला लीजिए, या ‘तब कहाँ थे’ कर लीजिए. तथ्य यह है कि देश के युवा दुनिया की कठोरतम परीक्षा से गुज़र रहे हैं. वो परीक्षा इसलिए कठोर नहीं है कि सवाल मुश्किल हैं.
संसाधनों की कमी, नौकरियों की कमी. केंद्र हो या राज्य हो, एक साधारण सी परीक्षा नियमित रूप से ना होना, हो जाए तो धांधली की वजह से कैंसिल हो जाना, रिज़ल्ट समय से ना आना, आ जाए तो भर्ती का लंबा इंतज़ार. स्कूल तक के पेपर लीक हो रहे हैं.
प्रतियोगी परीक्षा नहीं, प्रतियोगी प्रतीक्षा हो गई.
कौनसी केंद्र सरकार या राज्य सरकार ये दावा कर सकती है कि उन्होंने युवाओं के लिए इस समस्या को सुलझा दिया है? सारा संसाधन, सारी सुरक्षा, सारा ज़ोर सिर्फ़ चुनाव के लिये रह गया है. युवा बैठ कर क्रिकेट देखें या रील बनाएं. ये सिस्टम भी जानबूझकर ही तैयार किया गया है.
हर राज्य में ड्रग्स की समस्या फैलती जा रही है. जो ड्रग्स नहीं कर रहे, उनको भी होश है क्या कि चल क्या रहा है? हर राज्य में युवा बैटिंग/गेमिंग की लत में फंसता जा रहा है. माँ-बाप को समझ आ रहा है कि क्या हो रहा है उनके बच्चों के साथ? जो ग़ुस्सा सरकार पर होना चाहिए, वो सोसायटी में एक दूसरे पर निकाल कर खुश हैं.
पिछले 6 दिन में मैंने इतना करप्शन देखा है- बड़े से बड़ी कंपनी, छोटे से छोटे वर्कर का. ऐसा लग रहा है कि हर कोई ठगना ही चाहता है. मैं लगातार सोच रही हूँ कि कैसा माहौल बन गया है हमारे चारों तरफ़ और हमें पता ही नहीं चला. हर अतार्किक चीज़ को पॉलिसी और नियम का नाम दे दिया गया है. नेता और ठग दोनों ही आत्मविश्वास से झूठ बोल रहे हैं.
नीट परीक्षा का रद्द होना केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, व्यवस्थात्मक दिवालियापन है?
READ THIS…
मैं गलत कह रही हूँ तो आप ही कमेंट में लिख दीजिए कि इस नेता ने ये बढ़िया काम करके दिखाया, फलां जगह परीक्षा एकदम सही चल रही है, नौकरी और दाखिला एकदम सही हो रहा है. आपको मेरा कहना Generalise करना लग रहा होगा, लेकिन बताइए कौन कुछ नया आइडिया लेकर आया है, जहां उसके बस में था?
कवि पराग पावन ने लिखा है-
इतनी परीक्षाएं देते थे बेरोज़गार
क्या उनका जन्म सिर्फ़ परीक्षाओं के लिए हुआ था
काग़ज़ के बाहर तक की असंख्य परीक्षाएं
वे किसी से हाथ मिलाते हुए भी हल करते थे
कितने सारे सवाल जिनके जवाब
किसी कुंजी में नहीं थे
जो उत्तर दे सकते थे
वही लुटेरे थे उत्तर-पुस्तिकाओं के
नौकरियों में भ्रष्टाचार की स्थिति क्या थी
यह बताते भाषा अपने हाथ खड़े कर देती
और फ़र्ज़ी डिग्रियों के बारे में क्या कहना
वो तो हत्यारों के पास भी थीं
सर्वप्रिया सांगवान
BBC Journalist 🏆Journalist of the year 2025 | Ramnath Goenka | Danish Siddiqui Award 👩🏻🎓 bachelor’s in dental surgery, master’s in journalism, LL. B(Hons)









