अपनी बारी का इंतेज़ार

मेरे अनुभव अलग हैं—वे ज़्यादा गहरे, ज़्यादा तीखे, ज़्यादा जटिल और ज़्यादा बुनियादी हैं। मैं नहीं चाहता कि इतने लंबे समय से चले आ रहे ये अनुभव अंततः हताशा में बदल जाएँ और इस तरह बाहर निकलें कि उनके पीछे छिपी भयावहता ठीक से सामने ही न आ सके। मुझे खुशी है—सचमुच खुशी है—कि लोगों ने सत्ता की ताकत को चुनौती देने का साहस दिखाया। लेकिन अपनी कहानी और अपने भीतर लंबे समय से जमा होते रहे अनुभवों को भी मैं बहुत महत्व देता हूँ। मैं चाहता हूँ कि उनके लिए भी एक सही समय आए। यह एक ऐसी भयावहता है जो मुझसे भी पुरानी है और मुझे सिर्फ इसलिए विरासत में मिली है क्योंकि मैं वही हूँ, जो मैं हूँ।

0
271
अपनी बारी का इंतेज़ार PIC SYMBOLIC
अपनी बारी का इंतेज़ार PIC SYMBOLIC

अब्दुल्लाह अज़्ज़ाम 

हाल में हुए विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होने का साहस मैं क्यों नहीं जुटा पाया—जबकि यह कई वर्षों में एक बार आने वाला ऐसा मौक़ा था, जिसमें सार्थक राजनीतिक टकराव की संभावना थी—यह सवाल पिछले कुछ समय से मेरे अंतर्मन को लगातार कचोट रहा है। 

लॉक के राजनीतिक चिंतन में किसी निरंकुश शासन का सामना कर रही जनता के पास अंततः एक ही रास्ता बचता है—‘ईश्वर की शरण लेना’ (appeal to heaven): अर्थात संघर्ष या युद्ध का रास्ता अपनाना और एक ऐसी अर्ध-प्राकृतिक अवस्था (quasi-state of nature) में प्रवेश करना, जहाँ मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर नए सिरे से बातचीत की जा सके और उसे फिर से तय किया जा सके। 

कार्यपालिका की ज्यादतियाँ ही उस राजनीतिक अवसर को जन्म देती हैं, जो जनता और संप्रभु सत्ता को आमने-सामने ला खड़ा करता है। इस देश के युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहना ठीक ऐसा ही एक राजनीतिक अवसर था—एक ऐसा अवसर, जिसकी दुर्भाग्य से लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी। लेकिन युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहे जाने से पहले ही जनता के एक बड़े हिस्से को ‘दीमक’ कहा जा चुका था, और उस अपमान ने वैसा कोई राजनीतिक अवसर उत्पन्न नहीं किया; न ही उसने मौजूदा सत्ता-व्यवस्था का सामना करने का कोई रास्ता खोला। 

किसी राजनीतिक क्षण में क्या होता है, यह महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे पहले लंबे समय तक चुपचाप जो कुछ जमा होता रहता है, वह उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। 

मैं लंबे समय से एक ऐसे मौके का इंतज़ार कर रहा था, जब मैं कुछ कर सकूँ, अपनी बात कह सकूँ, अपने भीतर जमा गुस्से और बेचैनी को बाहर ला सकूँ, खुलकर जी सकूँ और हिंसा झेलने के अपने अनुभव से कोई अर्थ निकाल सकूँ। जब आखिरकार लगा कि वह मौका आ गया है, तब मुझे एहसास हुआ कि मुझे ऐसी धुन पर चलना होगा, जिसमें मेरे अनुभव के लिए कोई जगह ही नहीं है। 

मैं लंबे समय से उस मौके का इंतज़ार कर रहा था, जब मैं उस बेचैनी को शब्द दे सकूँ, जो एक ऐसे नागरिक के रूप में जीने से पैदा होती है, जिसकी अपने ही देश में जगह हमेशा अनिश्चित रहती है। मुझे बार-बार तय करना पड़ता है कि इस देश में मेरा अपना कौन-सा स्थान है और मैं यहाँ कितना अपना हूँ। अपने दुख को ऐसी भाषा में समझाने की कोशिश करना, जो मेरे अनुभव की भाषा ही नहीं है, मेरे लिए लगातार मानसिक पीड़ा का कारण रहा है। ऊपर से मुझे हमेशा शक की निगाह से देखा जाता है। और जीवित रहने के लिए चुप रहना भी अपने आप में शांत हिंसा की एक तरह बन जाता है। 

एक दमनकारी और संवेदनहीन सत्ता के खिलाफ लोगों को आवाज़ उठाते देखना अच्छा लगा। लेकिन न्याय का मतलब सिर्फ़ अत्याचार करने वाले का विरोध करना नहीं है; यह भी ज़रूरी है कि लोगों ने जो उत्पीड़न झेला है, उसे सही और असरदार तरीके से सामने रखा जाए। 

मैं भी उस पल का हिस्सा बनना चाहता था—Gen Z के रूप में नहीं, क्योंकि मैं Gen Z नहीं हूँ, बल्कि एक मुसलमान के रूप में। मैं चाहता था कि इसे ‘NEET Jihad’ कहा जाए और उस समय मुझे ‘Jihadi’ कहे जाने में भी खुशी होती—एक ऐसे राजनीतिक व्यक्ति के रूप में, जो ईश्वर से न्याय की गुहार करता है और अपने ऊपर लंबे समय से चले आ रहे, कई तरह के भेदभाव और दबाव को लेकर मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती देने और उसे नए सिरे से बदलने के लिए तैयार है। 

मेरे अनुभव अलग हैं—वे ज़्यादा गहरे, ज़्यादा तीखे, ज़्यादा जटिल और ज़्यादा बुनियादी हैं। मैं नहीं चाहता कि इतने लंबे समय से चले आ रहे ये अनुभव अंततः हताशा में बदल जाएँ और इस तरह बाहर निकलें कि उनके पीछे छिपी भयावहता ठीक से सामने ही न आ सके। मुझे खुशी है—सचमुच खुशी है—कि लोगों ने सत्ता की ताकत को चुनौती देने का साहस दिखाया। लेकिन अपनी कहानी और अपने भीतर लंबे समय से जमा होते रहे अनुभवों को भी मैं बहुत महत्व देता हूँ। मैं चाहता हूँ कि उनके लिए भी एक सही समय आए। यह एक ऐसी भयावहता है जो मुझसे भी पुरानी है और मुझे सिर्फ इसलिए विरासत में मिली है क्योंकि मैं वही हूँ, जो मैं हूँ।

मैं बैठकर किसी ऐसे ‘Benjaminian’ क्षण का इंतज़ार नहीं करना चाहता, जब अचानक कोई दैवी हिंसा आकर सब कुछ बदल दे। मैं इतिहास का सिर्फ दर्शक नहीं बनना चाहता, बल्कि उसका हिस्सा बनकर अपनी भूमिका निभाना चाहता हूँ। मैं अपने मौके का इंतज़ार कर सकता हूँ, लेकिन मैं यह नहीं होने दूँगा कि जिस भूमिका को मुझे निभाना है, उसकी कहानी कोई और लिखे।

इस सत्ता को जवाबदेह ठहराने के लिए संघर्ष कर रहे लोगों के प्रति मेरे मन में पूरा प्रेम और एकजुटता है। फिर भी, मैं अपने मौके का इंतज़ार करने को तैयार हूँ। मैं चाहता हूँ कि मेरा वह क्षण पूरी तरह मेरे अनुभव का हो—न कोई छोटी भूमिका, न कोई बीच की भूमिका, बल्कि मुख्य भूमिका; और अगर मुख्य भूमिका नहीं, तो कम-से-कम बराबर की भूमिका। इससे कम कुछ भी नहीं। बस।

सम्पादकीय नोट : इस लेख को मुस्कान, शोधार्थी जामिआ मिल्लिया इस्लामिया, ने छात्र विमर्श के लिए अनुवाद किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here