
अब्दुल मुकीत
कोई बच्चा पैदा होने के बाद राम, अल्लाह या ईसा नहीं बोलता बल्कि माँ बोलता है। माँ को हिंदू-मुसलमान में मत बाँटिए।”
इस डायलॉग से इस फ़िल्म की मूल थीम को समझा जा सकता है कि यह फ़िल्म “माँ” के लिए बनी है। कहानी की पृष्ठभूमि 1947 का लाहौर है।
यह एक ऐसी शानदार फिल्म है जिसे अगर दिल-दिमाग से भेदभाव और नफ़रत को हटाकर देखा जाए, तो पता चलता है कि यह फिल्म धर्म के नाम पर इंसानों के बीच खड़ी की गई नफ़रत की दीवारों को गिराकर केवल इंसानियत का संदेश देती है। फ़िल्म बेहद खूबसूरती से यह सच्चाई सामने लाती है कि रिश्तों की नींव धर्म के वैचारिक मतभेदों पर नहीं बल्कि सच्चाई, अपनापन और इंसानियत की मानवीय भावना पर टिकी होती है।
यह फ़िल्म संदेश देती है कि दुनिया का कोई भी धर्म नफ़रत नहीं बल्कि आपसी सम्मान, समझ और भाईचारा सिखाता है। दरअसल धर्म की आड़ में नफ़रत की आग राजनेता, मौलवी और पंडित जैसे लोग भड़काते हैं। वे मासूम लोगों के मन में मतभेद का जहर भरकर उनसे सोचने-समझने की क्षमता छीन लेते हैं। नतायज से बेखबर, अंधी नफ़रत में डूबे लोग ऐसे भयावह कदम उठा जाते हैं, जिनकी कल्पना मात्र किसी भी समझदार इंसान की आत्मा और दिल को दहला देने के लिए काफ़ी है।
सनी देओल ने इस फिल्म में पहली बार एक मुस्लिम व्यक्ति का किरदार बेहद शानदार ढंग से निभाया है। लोगों का कहना है कि सनी पहली बार लाहौर अपनी पत्नी को बचाने के लिए आए थे और दूसरी बार अपने बेटे की जान बचाने के लिए लेकिन इस बार सनी एक ऐसी माँ के लिए लड़ाई में उतरते हैं, जिससे उनका न तो कोई खून का रिश्ता है और न ही धर्म का कोई संबंध।
हमेशा की तरह सनी देओल की अदाकारी बेहद प्रभावशाली और भावनाओं से भरपूर रही। उनकी डायलॉग डिलीवरी शानदार और एक्शन दमदार है हालांकि इस बार एक्शन के दृश्य उम्मीदों से परे कम देखने को मिले।
प्रीति ज़िंटा ने लंबे समय बाद वापसी की है और एक बेहद खूबसूरत परफॉर्मेंस के साथ मज़बूत किरदार निभाया है। वह आज भी उतनी ही खूबसूरत नज़र आती हैं, जितनी फ़िल्म वीर-ज़ारा में दिखाई दी थीं। सीरीज मिर्जापुर का गुड्डू यानी अली फज़ल का किरदार काफी छोटा है लेकिन बेहद प्रभावशाली रहा। हालांकि सनी के बेटे करण देओल ने निराश किया। पूरी फ़िल्म में उनकी एक्टिंग प्रभावित नहीं कर पाई।
पूरी फ़िल्म लाहौर के एक खूबसूरत सेट पर फिल्माई गई है। संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है और गानों के बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फ़िल्म में कोई रोमांटिक या आइटम नंबर नहीं है लेकिन सच यह है कि कहानी में गानों की ज़रूरत भी नहीं थी। हालांकि बैकग्राउंड म्यूजिक में ए. आर. रहमान का खास अंदाज़ साफ महसूस होता है।
फिल्म की एक और अच्छी बात यह है कि इसमें बॉर्डर के दोनों तरफ होने वाले अत्याचारों को दिखाया गया है। भारत में हिंदू और सिखों द्वारा मुसलमानों को मारा गया तो पाकिस्तान में मुसलमानों द्वारा हिंदू और सिखों को।
फ़िल्म के दो दृश्य इतने प्रभावशाली हैं कि दर्शकों की आंखें नम हो जाती हैं।
पहला दृश्य: शबाना आज़मी के एक इंटरव्यू के अनुसार, यह दृश्य उनके जीवन का सबसे मुश्किल दृश्य था। जब गुंडे उन्हें बेरहमी से घसीटते हुए दहलीज़ के बाहर लाते हैं, ज़मीन पर पटक देते हैं, सिर से आँचल खींच लेते हैं और कपड़े तार-तार कर देते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे समय थम सा गया हो।
वह कहती हैं कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे किसी ने उनकी इज़्ज़त को सरेआम नीलाम कर दिया हो और एक सम्मानित पारिवारिक महिला को सबके सामने अपमानित कर दिया हो।
दूसरी ओर, सनी देओल का गुस्सा, उनका अभिनय और खास तौर पर शबाना आज़मी के शरीर को अपने हाथों से चादर से ढकने का वह भावुक क्षण बेहद मार्मिक है। उनका गुस्सा और एक्शन देखकर ऐसा लगता है कि वह एक हिंदू माँ के लिए पूरे लाहौर से लड़ जाएंगे।
दूसरा दृश्य: यह फ़िल्म का आखिरी दृश्य है जिसमें शबाना आज़मी की मौत और पूरे परिवार तथा पड़ोसियों का मातम बेहद भावुक कर देता है। मृत शरीर घर में रखा हुआ है और सभी इस सोच में हैं कि अंतिम संस्कार कैसे किया जाए। इसी समय सनी कहते हैं कि अंतिम संस्कार माँ के धर्म के अनुसार ही किया जाएगा। लेकिन समस्या यह है कि किसी को पता नहीं कि हिंदू धर्म के अंतिम संस्कार कैसे किए जाते हैं।
इस मौके पर अली फज़ल उनकी मदद करते हैं। शव को ले जाने वाला दृश्य बेहद भावुक है, जब सारे मुसलमान “राम नाम सत्य है” कहते हुए शव को श्मशान घाट लेकर जाते हैं। दूसरी तरफ गुंडे उन्हें मारने के लिए आते हैं लेकिन लोगों की लम्बी तादाद को देखकर पीछे हट जाते हैं।
फूलों से ढकी शबाना आज़मी की अर्थी को सनी देओल मुखाग्नि देते हैं और बैकग्राउंड में “राम नाम सत्य है” की गूंज के साथ फ़िल्म अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ती है।
हमारी व्यक्तिगत राय में ये दोनों दृश्य बॉलीवुड फ़िल्म इंडस्ट्री के बेहद प्रभावशाली और यादगार दृश्य हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि फिल्म असफल क्यों हुई?
मेरे नज़दीक…
- फ़िल्म काफी लंबी है। खासकर पहला हाफ बहुत धीमा है, जिसकी वजह से सिनेमाघर में बैठा दर्शक बोर हो सकता है। खासकर जेन-ज़ी जिन्हें हर दृश्य में तेज़ी चाहिए।
- मैं ने कई रिव्यू पढ़े और सुने। काफी संख्या में फ़िल्म देखने वालों ने इसे पसंद किया और लगभग 95% लोगों ने फ़िल्म को अच्छी रेटिंग दी। ज्यादातर लोगों ने इसे 4 से 5 स्टार तक दिए। अब सवाल यह है कि फिर फ़िल्म असफल क्यों हुई?
इसका सीधा जवाब यह है कि जेन-ज़ी के एक बड़े हिस्से ने इसे देखने में दिलचस्पी नहीं दिखाई क्योंकि यह एक धीमी, साफ-सुथरी और संदेश देने वाली फ़िल्म थी। वहीं बुज़ुर्गों, मिडिल एज के लोगों और महिलाओं ने इसे काफी पसंद किया। - यह एक आर्ट फ़िल्म है। इसमें जेन-ज़ी को आकर्षित करने वाला कोई खास मसाला नहीं था। यह किसी भी तरह की पारंपरिक कमर्शियल फ़िल्म नहीं थी। यह समझना ज़रूरी है कि बॉक्स ऑफिस पर बड़ा बिजनेस आमतौर पर वही फ़िल्म कर पाती है जिसमें एक्शन, रोमांस, कॉमेडी, आइटम नंबर जैसे भरपूर कमर्शियल सीन हों, जैसे धुरंधर या आवारा पागल दीवाना जैसी फिल्मों में देखने को मिलते हैं। एक साफ-सुथरी और गंभीर फ़िल्म का बड़े पैमाने पर सफल होना मुश्किल होता है।
- जेन-ज़ी के एक बड़े हिस्से को 1947 के लाहौर की कहानी में खास दिलचस्पी नहीं थी। इसलिए वे फ़िल्म देखने नहीं गए। कुछ हद तक टाइगर 3 की असफलता को भी इसी नज़रिए से देखा जा सकता है कि दर्शकों के एक बड़े हिस्से को पाकिस्तान की राजनीति या वहां की लोकतांत्रिक परिस्थितियों में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं थी।
- फ़िल्म की असफलता को समझना हो तो बर्लिन का सीजन 2 देखिए। बर्लिन की सीरीज आमतौर पर हाइस्ट पर आधारित होती है लेकिन दूसरे सीजन की आठों कड़ियों में ज्यादातर कहानी दस लोगों की असफल प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द घूमती है और हाइस्ट केवल आखिरी एपिसोड के अंतिम आधे घंटे में देखने को मिलता है। ठीक इसी तरह सनी देओल की फिल्मों में आमतौर पर दर्शक भरपूर एक्शन की उम्मीद करते हैं लेकिन इस फ़िल्म का पहला हाफ लंबी बातचीत और गंभीर दृश्यों पर आधारित है, जबकि एक्शन दूसरे हाफ से शुरू होता है।
कहीं न कहीं जेन-ज़ी किसी फ़िल्म को सफल या असफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस फ़िल्म में उनके मनोरंजन के लिए बहुत कम चीज़ें थी। जेन-ज़ी फ़िल्म मनोरंजन के लिए देखना चाहती है, सबक सीखने के लिए नहीं।
हालांकि गंभीर सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों में से बड़ी संख्या ने फ़िल्म को पसंद किया और उसे अच्छे नंबर दिए लेकिन ऐसे दर्शकों की संख्या किसी फ़िल्म को बड़े पैमाने पर बॉक्स ऑफिस पर सफल बनाने के लिए पर्याप्त नहीं होती।
- फ़िल्म की सफलता में रिपीट वैल्यू भी महत्वपूर्ण होती है। इस फ़िल्म में दोबारा देखने के लिए बहुत ज्यादा कुछ नहीं है। एक बेहतरीन आर्ट फ़िल्म को दर्शक शायद एक बार देखने के बाद दोबारा उस पर पैसा खर्च न करे।
हम कह सकते हैं कि यह फ़िल्म किसी हद तक प्रोपेगेंडा फ़िल्म है लेकिन सकारात्मक प्रोपेगेंडा न कि नफ़रत फैलाने वाला। फ़िल्म का संदेश बेहद स्पष्ट है, धर्म के आधार पर नफ़रत पालना छोड़िए और प्रेम तथा इंसानियत के साथ जीना सीखिए।
आख़िर में मैं फ़िल्म का सबसे महत्वपूर्ण संदेश फिर दोहराना चाहुंगा, “कोई बच्चा पैदा होने के बाद राम, अल्लाह या ईसा नहीं बोलता बल्कि माँ बोलता है। क्योंकि माँ अपने आप में एक मज़हब है और हर इंसान का पहला मज़हब माँ है।”
सम्पादकीय नोट : यह समीक्षक के निजी विचार हैं। जो मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद में शोधार्थी हैं।









