ग़ज़्ज़ा — अभी ज़िंदा रहना है
ज़िंदगी की सबसे बड़ी जंग है — ज़िंदा रहना
जहाँ रोटी नहीं, सिर्फ़ मलबे बचे हैं
जहाँ नींद नहीं, सिर्फ़ धमाकों की आवाज़ें हैं
जहाँ आसमान नहीं, सिर पर मौत मँडराती है
वहाँ भी साँस लेना एक इंक़लाब है।
ग़ज़्ज़ा के बच्चे अब खिलौनों से नहीं खेलते,
वो बमों से डरते भी नहीं
क्योंकि डर अब थक चुका है उनके चेहरों पर टिकने से।
प्यास अब ज़ुबान से नहीं उठती,
वो आँखों से बरसती है ,खामोश और तेज़।
यहाँ उम्मीदें नहीं मरीं, उन्हें मार दिया गया है
कभी फ़ौजों ने, कभी सियासत ने, कभी ख़ामोशी ने।
यहाँ स्कूल नहीं, कब्रें बनती हैं
किताबों में अब सिर्फ़ लहू के निशान हैं।
ज़िंदा रहना यहाँ हिम्मत नहीं,
एक सज़ा है ,जो हर सुबह फिर मिलती है।
हर माँ की गोद में कोई बच्चा
अब सिर्फ़ सवाल बन कर रह गया है:
“मैं क्यों पैदा हुआ था?”
और फिर भी
कोई बच्चा जब दीवार पर तितली बनाता है
कोई बूढ़ा जब रोटी बाँटता है
कोई औरत जब अपनी आँखें ढाँपकर दुआ माँगती है
तो यक़ीन हो जाता है,
इंसानियत अभी पूरी तरह नहीं मरी।
ग़ज़्ज़ा ज़िंदा है
क्योंकि वहाँ लोग अभी भी साँस लेते हैं
बग़ैर पानी, बग़ैर रौशनी, बग़ैर डर के।
ग़ज़्ज़ा ज़िंदा है
क्योंकि वहाँ उम्मीद मरने नहीं दी जाती
वो आँखों से बहती है,
दीवारों पर लिखी जाती है,
और हर जनाज़े से उठती है आवाज़ बनकर।
परवेज़ शाहिद✍
📌छात्र विमर्श से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें 📌
टेलीग्राम: https://www.instagram.com/chatrvimarsh?igsh=MTFraWVyb3gyM2FkbQ==
धन्यवाद
छात्र विमर्श










