जामिया मिलिया इस्लामिया: तहरीक का केंद्र, या सिर्फ आयोजन का?

जामिया मिलिया इस्लामिया हिंदुस्तान का एक अज़ीम तालीमी इदारा है जिसकी बुनियाद सिर्फ इल्म व तालीम के फ़रोग़ के लिए नहीं बल्कि एक मक़सदी जद्दोजहद और कौमी तहरीक के हिस्से के तौर पर रखी गई थी। यह इदारा बर-ए-सग़ीर की तालीमी, तहज़ीबी और सियासी तारीख का एक रोशन बाब है।

0
894
JAMIA MILLIA ISLAMIA, NEW DELHI
JAMIA MILLIA ISLAMIA, NEW DELHI

खान ताहिर

जामिया मिलिया इस्लामिया हिंदुस्तान का एक अज़ीम तालीमी इदारा है जिसकी बुनियाद सिर्फ इल्म व तालीम के फ़रोग़ के लिए नहीं बल्कि एक मक़सदी जद्दोजहद और कौमी तहरीक के हिस्से के तौर पर रखी गई थी। यह इदारा बर-ए-सग़ीर की तालीमी, तहज़ीबी और सियासी तारीख का एक रोशन बाब है।

जामिया मिलिया इस्लामिया का नाम आते ही ज़हन में एक ऐसी संस्था उभरती है जो आज़ादी, ख़ुददारी, इल्म, अख़लाक और इस्लाम के मिसाली इम्तेज़ाज की अलामत थी।

मगर जब हालिया के “तालीमी मेले” पर नज़र डाली जाती है, तो सवाल पैदा होता है कि क्या वाक़ई यह मेला तालीम का मज़हर है या तालीम का मज़ाक?

जामिया मिलिया इस्लामिया की बुनियाद 29 अक्टूबर 1920 को अलीगढ़ में रखी गई। उस ज़माने में बर-ए-सग़ीर के मुसलमान गुलामी की जंजीरों में जकड़े हुए थे और आज़ादी की तहरीक ज़ोरों पर थी। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुछ तलबा और उस्तादों ने महसूस किया कि अंग्रेज़ों के अधिकार क्षेत्र का तालीमी इदारा मुस्लिम कौम की आज़ादी और ख़ुददारी के लिए मुनासिब नहीं। इसी जज़्बे के तहत उन्होंने एक आज़ाद इदारा (संस्था) क़ायम करने का फैसला किया जिसमें तालीम के साथ-साथ कौमी ग़ैरत और इस्लामी अक़्दार की हिफाज़त भी मुमकिन हो।

इसी मकसद के तहत “जामिया मिलिया इस्लामिया” की बुनियाद रखी गई। “जामिया” का मतलब है यूनिवर्सिटी, “मिलिया” का मतलब है कौमी, और “इस्लामिया” से मुराद है इस्लामी अक़्दार की पासदारी।

जामिया मिलिया इस्लामिया के फाउंडेशन डे पर तालीमी मेले का आयोजन किया जाता है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक 2025 से पहले 2017 में यह मेला दो दिन के लिए आयोजित हुआ था। तहकीकात के दौरान 2008 के तालीमी मेले की भी कुछ फोटोज़ और वीडियोज़ मिलीं। लेकिन जामिया के 105वें फाउंडेशन डे पर आयोजित हुआ 2025 का तालीमी मेला आज तक के तालीमी मेले से भिन्न था।

इस साल के तालीमी मेले की रंगा रंग तस्वीरें, म्यूजिक, फैशन, लाइटिंग और फूड स्टॉल्स ने जामिया को किसी “बेहयाई मेले” में बदल दिया।

मगर सवाल यह है: क्या यही वह तालीम है जिसके लिए मौलाना मोहम्मद अली जौहर ने अंग्रेज हुकूमत से मिलने वाले वज़ीफे ठुकरा दिए थे? क्या यही वह “तहज़ीबी ख़ुददारी” है जिसे हकीम अजमल खान और डॉक्टर मुख्तार अहमद अंसारी ने जामिया की बुनियाद में रखा था?

तालीमी मेले के पहले लफ्ज़ तालीम पर गौर करें तो मालूम होता है कि इस्लाम में तालीम का असल मफहूम “इल्म” है यानी हकीकत की समझ, हक व बातिल में तमीज़, और अल्लाह की निशानियों की पहचान।

इस्लाम में तालीम का मकसद है

1) अल्लाह की मारिफत हासिल करना

2) अख़लाक व करदार की तरबियत

3) इंसानियत की खिदमत

4) अदल व इंसाफ का क़याम

जामिया के संस्थापकों के नज़दीक तालीम का मतलब था

1) ऐसी तालीम जो आज़ादी और ईमान दोनों की हिफाज़त करे।

2) आज़ाद कौम की आज़ाद तालीम।

3) ख़ुद इन्हतमाम तालीमी इदारा जो हुकूमत से आज़ाद हो।

4) ईमान व अख़लाक की तामीर

5) फिक्री आज़ादी

6) कौमी ख़ुददारी

7) खिदमत-ए-इंसानियत

8) इल्म व अमल का इम्तेज़ाज

उनके नज़दीक तालीम सिर्फ नौकरी पाने का ज़रिया नहीं बल्कि कौम की तामीर-ए-अख़लाक व करदार का रास्ता थी।

मौलाना मोहम्मद अली जौहर के नज़दीक तालीम का मकसद आज़ादी-ए-फिक्र और ईमान की मज़बूती था। वह कहते हैं:

“हम ऐसी तालीम चाहते हैं जो गुलाम न बनाए बल्कि आज़ाद करे जो कौम के अंदर ख़ुददारी और ईमान पैदा करे।”

(भाषण जामिया, अलीगढ़ 1920)

जामिया के तीसरे वाइस चांसलर, बाद में सदर-ए-जमहूरिया-ए-हिंद [डॉ. जाकिर हुसैन], उन्होंने जामिया के फलसफा-ए-तालीम को अमली शक्ल दी और कहा: “जामिया महज़ इदारा नहीं, बल्कि एक तहरीक-ए-अख़लाक है।”

याद कीजिए आज से तकरीबन एक सौ पांच साल पहले मौलाना मोहम्मद अली जौहर, हकीम अजमल खान, डॉक्टर मुख्तार अहमद अंसारी, मौलाना महमूद उल हसन जैसे मुफक्किरों ने क्या सोच कर जामिया मिलिया इस्लामिया की तामीर की थी और आज जामिया मिलिया कहाँ पहुँच गया।

क्या यह “जामिया मिलिया इस्लामिया” के संस्थापकों के ख्वाबों का तसलसुल है, या उन ख्वाबों का तंज़?

इस्लामी तसव्वुर-ए-तालीम में “इल्म” का मकसद कुरब-ए-इलाही और इस्लाह-ए-इंसान है, न कि तफरीह व नुमाइश।

कुरआन कहता है: “يَرْفَعِ اللَّهُ الَّذِينَ آمَنُوا مِنكُمْ وَالَّذِينَ أُوتُوا الْعِلْمَ دَرَجَاتٍ”

“अल्लाह उन लोगों के दर्जे बुलंद करता है जो ईमान लाए और जिन्हें इल्म दिया गया।”

(अल-मुजादिला: 11)

मगर यहाँ इल्म के दर्जों के बजाय सेल्फी के ज़ाविए बुलंद होते नज़र आए।

जामिया मिलिया इस्लामिया के नाम में “इस्लामिया” कोई रस्मी इज़ाफा नहीं है, यह इसकी शिनाख्त और मकसद का मर्कज़ है। इसके बुनियादगारों ने तालीम को इस्लामी तहज़ीब की बक़ा का ज़रिया समझा था। इस्लामी तहज़ीब का मकसद इंसान को बावक़ार, मुहज़्ज़ब, पाकीज़ा, इंसाफपसंद, इल्मी, बा-हया और खुदा शिनास बनाना है। यह तहज़ीब इंसान के अंदर भी रोशनी पैदा करती है और माशरे में भी। डॉक्टर जाकिर हुसैन ने कहा था: “जामिया महज़ एक इदारा नहीं, बल्कि एक अख़लाकी तहरीक है।”

मगर आज का मेला इस तहरीक से कितना निस्बत रखता है?

मेले में मर्द-औरत के आज़ादाना इख्तिलात, फैशन शोज़, और मग़रिबी अंदाज़-ए-तफरीह ने इस सवाल को जन्म दिया है कि “इस्लामिया” के लफ्ज की मानवीयता कहाँ गुम हो गई? अगर जामिया के मेले में इस्लामी क़द्रें पस-मंजर में चली जाएँ, तो फिर यह मेला जामिया मिलिया इस्लामिया का मेला नहीं, बल्कि जामिया मिलिया ग़ैर-इस्लामिया का मेला बन जाता है।

मेले में इल्मी सरगर्मियों के बजाय ज़ाहिरी नुमाइश को तरजीह दी गई, तहकीकाती मंसूबों, फिक्री मुबाहिसों और तालीमी मुकालमों का हिस्सा माहदूद रहा, जबकि फूड कॉर्नर, म्यूजिक शो, और मुकाबिलाती स्टॉल्स ने ज़्यादा तवज्जो हासिल की।

यह वही ख़तरा है जिससे अल्लामा इकबाल ने खबरदार किया था: “तालीम के साथ अगर रूह-ए-दीन न हो तो वह फरेब है, तरबियत नहीं।”

इसी तरह तालीमी मेले के दूसरे लफ्ज़ मेले पर गौर किया जाए तो पता चलता है कि अरबों के मेलों में तीन बड़े बाज़ार मशहूर थे:

1) सूक उकाज़

2) सूक मजन्ना

3) सूक ज़िल मजाज़

इन मेलों में तिजारत, शायरी, मुन्सफी, और समाजी फैसले होते थे।

नबी ﷺ ने इन मेलों में दावत व तबलीग की और उनके अंदर के ग़ैर अख़लाकी और शिर्किया पहलुओं को खत्म किया।

ऐसा नहीं कि इस्लाम में मेला जाइज़ ही नहीं है। इस्लाम में अगर कोई मेला अल्लाह की नाफरमानी से खाली हो, फहशा, म्यूजिक, या अश्लीलता न हो, फ़ज़ूल खर्ची न हो, तालीम, तिजारत, फन, या दावत-ए-दीन के मकसद से हो,

तो वह मेला जाइज़ (हलाल) है।

मिसाल:

1) असल तालीमी मेला (Educational Fairs)

2) किताबी मेला

3) दीनी इज्तिमा

4) साइंटिफिक नुमाइशें

यह सब जाइज़ हैं अगर शरीयत की हदों की पाबंदी हो।

इस्लाम में वह मेले नाजाइज़ हैं जिनमें मर्द-औरत का आज़ादाना इख्तिलात हो, गाने, नाच, रक्स, या फहश मवाद हो, ग़ैर-इस्लामी शुऊर या शिर्क की झलक हो, इबादत या दुआ के नाम पर बिदअतें हों।

कुरआन में फरमाया गया: “وَالَّذِيۡنَ لَا يَشۡهَدُوۡنَ الزُّوۡرَۙ وَ اِذَا مَرُّوۡا بِاللَّغۡوِ مَرُّوۡا كِرَامًا”

“(और रहमान के बंदे वह हैं) जो झूठ के गवाह नहीं बनते और किसी लाघव (बेकार) चीज़ से उनका गुज़र हो जाए तो शरीफ आदमियों की तरह गुज़र जाते हैं।”

(सूरह अल-फुरकान: 72)

इमाम इब्ने तैमिया लिखते हैं “वह इज्तिमा जो अल्लाह के ज़िक्र, इल्म या खैर पर मब्नी हो, वह जाइज़ है; और जो लहू-व-लअब या गुनाह पर मब्नी हो, वह हराम है।”

इमाम ग़ज़ाली अपनी किताब इहयाउ उलूमुद्दीन में लिखते हैं “अगर इज्तिमा में फितना, बे-हयाई, या ग़फलत हो तो वह मेला नहीं बल्कि शैतानी मजलिस है।”

ऐसा लगता है कि जामिया का “तालीमी मेला” आहिस्ता-आहिस्ता “मेला-ए-नुमाइश” में बदल रहा है। जहाँ शिक्षा पर्दे के पीछे और मेला आगे हो गया है। इस्लाम में इल्म खवातीन के लिए भी लाज़िम है, मगर उसके साथ हया और वक़ार भी लाज़िम हैं।

मेले के दौरान जो माहौल तस्वीरों और वीडियोज़ में नज़र आया, वह इस्लामी वक़ार और तालीमी संजीदगी से दूर था।

यह सिर्फ “सकाफत” नहीं, बल्कि सकाफती इनहिराफ था।

जामिया मिलिया इस्लामिया: तहरीक की तीन बुनियादी नज़रियाती सतून और तालीमी मेले में उनकी पामाली:

जामिया मिलिया इस्लामिया महज़ एक तालीमी इदारा नहीं था, बल्कि अपनी अस्ल रूह में एक इंक़िलाबी तहरीक थी। इस तहरीक की बुनियाद तीन बड़े नज़रियाती उसूलों पर रखी गई थी:

1. ख़ुददारी और साम्राज्यवादी निज़ाम-ए-तालीम से आज़ादी

जामिया का पहला उसूल ख़ुददारी था—ऐसी तालीम जो अंग्रेजी साम्राज्यवादी निज़ाम से आज़ाद हो, जो फिक्र को गुलाम न बनाए बल्कि आज़ाद, बावक़ार और ख़ुद मुख़्तार ज़हन पैदा करे।

वह दौर जब अंग्रेज़ मुसलमानों की सियासी, तालीमी और मज़हबी ज़िंदगी को मसख़रा कर रहे थे, जामिया के बुनियादगारों ने एलान किया था कि हम अपनी तहज़ीब, अपनी फिक्र और अपनी आज़ादी के साथ तालीम हासिल करेंगे, अंग्रेज़ के ज़िल-ए-साया में नहीं।

लेकिन आज तालीमी मेले में यही उसूल सबसे ज़्यादा मजरूह हुआ।

जिस तहरीक ने अंग्रेजी प्रभाव से बचने के लिए अलग संस्थान क़ायम किया था, आज उसी के स्टेज पर ऐसे हुकूमती नुमाइंदे बैठे हैं जो दरअसल उसी नव-आबादियाती ज़हनियत के सियासी वारिस हैं—वह लोग जो कभी अंग्रेजों से माफी माँगते रहे, आज उन्हीं के सियासी मफाद के नुमाइंदे जामिया में “चीफ गेस्ट” के तौर पर बिठाए जाते हैं।

मज़ीद सितम यह कि यही हुकूमत जो वक़्फ की ज़मीनों को हथियाने के लिए क़वानीन साज़ी कर रही है, उसके नुमाइंदे आ कर 18 करोड़ रुपए देने का एलान करते हैं, जब कि हकीकत यह है कि 18 करोड़ एक सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए महज़ एक अलामती रकम है। मनमोहन सिंह के दौर में जामिया को 500 करोड़ मिल चुके हैं। लिहाज़ा जिस हुकूमत की पॉलिसी मुसलमानों की मिलकियतें छीनने की हो, उसके हाथ से कुछ करोड़ लेना जामिया की तारीखी ख़ुददारी के बिल्कुल खिलाफ है।

2. कौमी खिदमत और मिल्लत के लिए कुर्बानी का जज़्बा जामिया का दूसरा नज़रियाती सतून था:

तालीम के साथ मुल्क व मिल्लत के लिए कुर्बानी का वलवला।

जामिया मिलिया की तारीख कुर्बानियों से भरी पड़ी है। तलबा ने अपने घर, खानदान, आसाइशें और मुस्तकबिल तक कुर्बान कर के कौमी आज़ादी की तहरीक में हिस्सा लिया। उस्तादों ने तनख्वाहें छोड़ दीं, खवातीन ने जेवरात बेच दिए, मुसलमानों ने अपनी कमज़ोर मआशी हालत के बावजूद इसे चलाने के लिए चंदे इकट्ठे किए। यह कुर्बानी और कौम परस्ती जामिया की पहचान थी।

मगर आज के तालीमी मेले में इस जज़्बे की जगह नुमाइश, इश्तिहार बाज़ी और हुकूमती एजेंडे की ताईद ने ले ली है।

जामिया को कौम के दर्द से जुड़े नौजवान तैयार करने थे—

लेकिन अब मेले में कॉर्पोरेट कल्चर, फंडरेजिंग फोटो शूट, सियासी प्रोपेगैंडा और नुमाइशी तक़रीरें नज़र आती हैं।

जिस जामिया ने कौम के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया, वह आज कुछ हुकूमती चेकों के बदले अपनी फिक्री आज़ादी भी गिरवी रखती महसूस होती है।

3. इस्लामी अक़्दार की पासदारी और दीन व दुनिया का इम्तेज़ाज जामिया का तीसरा और सबसे अहम उसूल था:

इस्लामी अक़्दार पर मब्नी तालीम — यानी ऐसा निज़ाम-ए-तालीम जिसमें दीन और दुनिया का हसीन इम्तेज़ाज हो, अख़लाक, तहज़ीब, अदल, हया, खिदमत, तक्वा और ईमानी ग़ैरत जैसी अक़्दार को मर्कज़ी मकाम दिया गया हो।

जामिया के इब्तिदाई निसाब में इस्लामी रूह वाजेह थी—

तालीम सेक्युलर नहीं बल्कि अक़्दार पर मब्नी थी।

यही वह अस्ल थी जिसने जामिया को एक तहरीक बनाया, महज़ एक यूनिवर्सिटी नहीं।

लेकिन आज तालीमी मेले में न इस्लामी अख़लाक की झलक है, न अक़्दार की पासदारी, न तहज़ीब का वक़ार।

•   स्टेज पर ऐसी तक़रीरें

•   ऐसे मेहमान

•   ऐसे प्रोग्राम

•   और ऐसी सरगर्मियाँ

जिनका जामिया की इब्तिदाई रूह से कोई ताल्लुक नहीं।

जिन उसूलों की बुनियाद पर जामिया खड़ी हुई थी, आज उन्हीं उसूलों को जश्न, मेलों और फंडिंग की चकाचौंध में दफन होते देख कर दुख होता है।

इस्लामी अक़्दार का अस्ल मकसद था कि तलबा को दियानत, हया, इल्म, करदार, सच्चाई, कुर्बानी और कौम की खिदमत के लिए तैयार करना। मगर आज के मेले में करदार साज़ी के बजाय ब्रांड साज़ी, अख़लाक के बजाय मुकाबला आराई, अक़्दार के बजाय मार्केटिंग का ग़लबा दिखाई देता है।

जामिया का मकसद यह था कि तालीम “कौम की ख़ुदी” को मजबूत करे, मगर मेला इस ख़ुदी को तफरीह में गुम कर रहा है।

जामिया मिलिया इस्लामिया के 2025 के तालीमी मेले ने एक बार फिर यह हकीकत वाजेह कर दी कि जामिया अपनी अस्ल रूह और नज़रियाती बुनियाद से कितनी दूर जा चुकी है। यह वह जामिया है जिसे महज़ एक तालीमी इदारा नहीं बल्कि एक तहरीक के तौर पर क़ायम किया गया था; ऐसी तहरीक जिसकी बुनियाद ख़ुददारी, कौमी खिदमत और इस्लामी अक़्दार की पासदारी पर थी। मगर इस साल के मेले की फिज़ा में वह सब कुछ दिखाई दिया जो जामिया के बुनियादगारों की फिक्र से मुतसादिम था। मेले का आगाज़ यकीनन बेहद बावक़ार अंदाज में हुआ। कुरआन-ए-पाक की तिलावत से प्रोग्राम की शुरुआत हुई, जिसने लम्हा भर के लिए यह एहसास दिलाया कि जामिया की तहज़ीबी रूह अभी ज़िंदा है और इसके बुनियादगारों की दुआओं और मेहनत की गूँज अब भी इसकी फिज़ा में मौजूद है। लेकिन यह कैफियत ज़्यादा देर क़ायम न रह सकी। जैसे-जैसे मेला आगे बढ़ता गया, इस पर मग़रिबी रंग और ग़ैर-इस्लामी माहौल का ग़लबा बढ़ता चला गया और इख्तिताम तक यह तकरीब अपनी अस्ल तहज़ीबी शिनाख्त से तकरीबन मुकम्मल तौर पर जुदा हो चुकी थी।

सबसे पहले तो चीफ गेस्ट के इंतखाब ने जामिया की नज़रियाती कमज़ोरी को बे-नकाब कर दिया। इस साल तालीमी मेले में करन रजीजा को मेहमान-ए-खास बुलाया गया। यह वही सियासी हलक़े के नुमाइंदे हैं जिनकी आइडियोलॉजी से वाबस्ता लोग जामिया के खिलाफ मुसलसल नफरत अंगेज़ बयानियाँ फैलाते रहे हैं। सुदर्शन टीवी के एडिटर सुरेश चव्हाणके ने जब जामिया के तलबा को “जिहादी” कहा था, तो उसी सोच ने जामिया की शिनाख्त को ज़ख्मी किया था। अफसोस की बात यह है कि आज उसी फिक्र से मुतास्सिर वज़ीर को जामिया के स्टेज पर इज़्ज़त व एहतराम से बिठाया जाता है।

इस मेले का एक और अफसोसनाक पहलू “सूफी नाइट” के नाम पर होने वाली वह सरगर्मियाँ थीं जो जामिया की इस्लामी तहज़ीब और अख़लाकी रिवायत के बर्खिलाफ थीं। सूफी नाइट के पर्दे में गाने, बे-हंगम म्यूजिक, नाच-गाना और ऐसी हरकतें पेश की गईं जो किसी भी तरह सूफियाना रिवायत या जामिया की अख़लाकी बुनियाद से मेल नहीं खातीं। अगर जामिया के बुनियादगार आज की यह हालत देख लेते तो शायद वह जामिया क़ायम करने का फैसला ही रोक देते। जामिया मिलिया इस्लामी तहज़ीब, हया, सादगी और रूहानी तरबियत का मर्कज़ थी; लेकिन आज इसके मेले में ऐसा माहौल दिखाई देता है जो अख़लाकी ज़वाल और फिक्री बे-समती की अलामत बन चुका है।

दुख की बात यहीं खत्म नहीं होती। इस साल जामिया ने दिल्ली पुलिस को भी बाक़ायदा मदऊ किया और उन्हें स्टेज दिया। यह वही दिल्ली पुलिस है जो 15 दिसंबर 2019 को जामिया के कैंपस में घुस कर बे-गुनाह तलबा पर तशद्दुद करती रही। यही पुलिस 2024 की दिवाली की रात तीन बजे कैंपस से तलबा को उठा कर ले गई, बहुत दूर न जाते हुए जामिया मिलिया इस्लामिया के फाउंडेशन डे से ठीक 40 दिन पहले बटला हाउस एनकाउंटर के खिलाफ प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों को दिल्ली पुलिस के ज़रिए ही घसीटा गया था, डिटेन्ड किया गया था। तलबा के ज़हनों में खौफ, गम और बे-बसी की दास्तानें छोड़ गई। ऐसे इदारे को मेले में बुला कर प्रोग्राम कराना दरअसल जामिया के तलबा के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने के मुतरादिफ था। यह फैसला जामिया की तारीखी ख़ुददारी और अपने तालिबे इल्म के तहफ्फुज़ के उसूलों से खुली मुखालफत रखता है।

यूँ 2025 का तालीमी मेला एक ऐसी दास्तान बन गया जहाँ आगाज़ नूरानी था, मगर अनजाम मग़रिबी असरात, सियासी प्रोपेगैंडे और तहज़ीबी बे-समती में डूब गया। यह मेला जामिया के नज़रियाती बुहरान की ज़िंदा मिसाल है जहाँ ख़ुददारी कमज़ोर पड़ चुकी है, कुर्बानी और कौमी खिदमत का जज़्बा मांद पड़ गया है, और इस्लामी अक़्दार सिर्फ इफ्तिताही तिलावत तक माहदूद रह गई हैं।

जामिया को अब यह फैसला करना होगा कि वह आगे किस सिम्त जाना चाहती है: क्या वह अपने बुनियादगारों के रास्ते पर वापस लौटेगी? या फिर सियासी मफाद, मग़रिबी तहज़ीब और नुमाइशी तक़रीबात ही इसकी नई शिनाख्त बन जाएँगी?

यह सवाल सिर्फ जामिया के लिए नहीं, बल्कि पूरी कौम के लिए लम्हा-ए-फिक्रिया है।

मौलाना मोहम्मद अली जौहर ने कहा था: “हम ऐसी तालीम चाहते हैं जो कौम को खुदा के करीब करे, गुलामी से दूर करे, और इंसानियत को जोड़े।”

मगर आज के मेले में

न खुदा का ज़िक्र है,

न अख़लाक का एहतराम,

न इल्म की हुरमत।

अगर मेला महज़ “सेलिब्रेशन” बन कर रह जाए, तो यह जामिया के बुनियादगारों की रूह के साथ खियानत है। अगर जामिया मिलिया इस्लामिया के मेले में “इस्लामिया” की रूह शामिल न हो, तो यह सिर्फ एक मेला नहीं बल्कि एक त्रासदी है। ज़रूरत इस बात की है कि जामिया अपने बुनियादगारों के नक्श-ए-कदम पर वापस लौटे, और तालीम को फिर से “इबादत” बनाए, न कि “तफरीह”।

जामिया के इस मेले पर तंक़ीद दरअसल जामिया की मुहब्बत का इज़हार है। हम चाहते हैं कि यह मेला जामिया की अस्ल रूह को ज़िंदा करे: इल्म व अमल का इम्तेज़ाज, इस्लामी अख़लाकियात की पासदारी और फिक्री आज़ादी के साथ रूहानी ज़िम्मेदारी। मेला रहना चाहिए, मगर ऐसा मेला जो रूह-ए-तालीम को बेदार करे, न कि उसे दफन।

अल्लाह तआला से दुआ है कि वह हमें जामिया मिलिया इस्लामिया के अस्ल मकसद को समझ कर उस पर अमल करने की तौफीक दे।

आमीन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here