9/11 के बाद मीडिया, फ़िल्मों और साहित्य में मुसलमानों की छवि

द किंगडम (2007) जैसी फ़िल्में 9/11 के बाद की दुनिया में पहचान और न्याय से जुड़ी मुश्किलों को दिखाती हैं। फ़िल्म में एक सीन है जहाँ रोनाल्ड फ्लेरी कहता है- "मैंने उससे कहा था कि हम सबको मार डालेंगे" यह संवाद दिखाता है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई के नाम पर लोग कितनी भावनात्मक और नैतिक उलझनों से गुज़रते हैं।

0
785
सांकेतिक फोटो: न्यूज वेबसाइट
KONICA MINOLTA DIGITAL CAMERA

अब्दुल मुक़ीत (अनुवाद)

हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्मों से लेकर साहित्य और डिजिटल श्रृंखला तक, नई कहानियां मुस्लिम पात्रों के जटिल, साधारण और एजेंसी संबंधी चित्रण को चुनौती देती हैं।

हॉलीवुड फ़िल्मों, वेब सीरीज़ और साहित्य में मुसलमानों को ज्यादातर एक जैसे रूप में दिखाया जाने लगा है- यानी खलनायक, आतंकवादी या हिंसक के रूप में। इससे लोगों के दिमाग में यह धारणा बनने लगी कि हर मुसलमान खतरनाक होता है। वहीं मुस्लिम महिलाओं को अक्सर परदे में, दबे-कुचले और बेबस रूप में दिखाया गया, जिससे यह स्टीरियोटाइप और मज़बूत हुआ कि इस समुदाय में महिलाओं की कोई आवाज़ नहीं होती।

द किंगडम (2007) जैसी फ़िल्में 9/11 के बाद की दुनिया में पहचान और न्याय से जुड़ी मुश्किलों को दिखाती हैं। फ़िल्म में एक सीन है जहाँ रोनाल्ड फ्लेरी कहता है- “मैंने उससे कहा था कि हम सबको मार डालेंगे” यह संवाद दिखाता है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई के नाम पर लोग कितनी भावनात्मक और नैतिक उलझनों से गुज़रते हैं।

इसी तरह, FBI टीवी सीरीज़ (2018) में ज़ीको ज़की ने स्पेशल एजेंट “उमर अदम ज़ेदान” का किरदार निभाया है, जो एक मुसलमान होकर भी अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी में काम करता है। उसका किरदार यह दिखाता है कि एक मुसलमान होने के बावजूद वह अपने फ़र्ज़ और देश के प्रति वफ़ादार है। यह एक नया और संतुलित रूप है, जो मुसलमानों को सिर्फ खलनायक नहीं बल्कि नायक के रूप में भी दिखाता है।

मोहसिन हामिद के उपन्यास ‘द रिलक्टेंट फ़ंडामेंटलिस्ट’ और जॉन अपडाइक की ‘टेररिस्ट’ ऐसी कहानियाँ हैं जिनमें मुस्लिम किरदारों को उनकी असली ज़िंदगी से ज़्यादा पश्चिमी नजरिए से परिभाषित किया गया है। स्टुअर्ट हॉल का ‘रिप्रेज़ेंटेशन थ्योरी’ बताता है कि जब किसी समुदाय को बार-बार एक ही तरह से दिखाया जाता है, तो लोग उसी को सच मानने लगते हैं, यानी कल्पना ही हकीकत बन जाती है।

लेकिन इन एकतरफा और गलत चित्रणों के बीच कुछ कहानियाँ ऐसी भी आईं जिन्होंने मुसलमानों को इंसानियत और संवेदनशीलता के साथ दिखाया। उदाहरण के तौर पर, हुलु की सीरीज़ रामी (2019) एक मिस्र मूल के अमेरिकी युवक की कहानी है, जो धर्म, परिवार और अपनी निजी इच्छाओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है। एक सीन में रामी कहता है- “जब कोई आस्तिक गुनाह करता है तो उसके दिल पर काला धब्बा पड़ता है। सारी रात खुद को कोसने के बजाय ये सोचो कि उसे कैसे साफ़ करना है।” आगे वह यह भी कहता है- “मैं कुछ नहीं चाहता। मैं सिर्फ़ ख़ुदा को चाहता हूँ।” यानी उसका ध्यान दिखावे पर नहीं बल्कि अपनी आध्यात्मिकता पर है।

बॉलीवुड ने भी ‘माइ नेम इज़ खान’ (2010) जैसी फ़िल्म के जरिए यह संदेश दिया कि इंसान की पहचान धर्म से नहीं, उसके कर्म से होनी चाहिए। फ़िल्म में एक जगह कहा गया है- “जब एक निर्दोष इंसान मरता है, तो उसके साथ पूरी इंसानियत मरती है” यह बात मुसलमानों को सिर्फ खलनायक के रूप में दिखाने की सोच का पूर्ण विरोध करती है।

इसी तरह, डिज़्नी+ की ‘मिस मार्वल’ (2022) में कमला खान नाम की एक पाकिस्तानी-अमेरिकी किशोरी को सुपरहीरो के रूप में दिखाया गया है। सीरीज़ में उसकी माँ मुनीबा मज़ाक में कहती हैं- “कैप्टन मार्वल? अस्तग़फिरुल्लाह!” जिससे सांस्कृतिक टकराव को हल्के-फुल्के अंदाज़ में दिखाया गया है। वहीं उसके पिता कहते हैं- “ज़िंदगी में इंसान के सामने दो ही रास्ते होते हैं, डर में जीना या प्यार में जीना।” यह दिखाता है कि आस्था किसी दबाव से नहीं, बल्कि एक सोच-समझकर किया गया चयन हो सकता है।

इन सभी उदाहरणों से पता चलता है कि आज की मीडिया में मुसलमानों को अब सिर्फ एक रूढ़िवादी छवि में नहीं बांधा जा रहा, बल्कि उनकी ज़िंदगी को अनेक रंगों और अनुभवों के साथ दिखाया जा रहा है।

ये नए तरह के चित्रण इसलिए जरूरी हैं क्योंकि ये मुसलमानों को एक आम इंसान की तरह दिखाते हैं, जिनकी ज़िंदगी में भावनाएँ, संघर्ष, गलतियाँ और उम्मीदें होती हैं। यह 9/11 के बाद वाले मीडिया से अलग है, जहाँ मुसलमानों को ज़्यादातर या तो आतंकवादी या फिर पीड़ित के रूप में ही दिखाया जाता था।

एवलिन अलसुल्तानी ने अपनी किताब Arabs and Muslims in the Media में इस तरह के दिखावे को “सरल दिखने वाले लेकिन अंदर से जटिल चित्रण” कहा है। मतलब यह कि चाहे कभी-कभी मुस्लिम किरदार को अच्छा दिखाया भी जाए, फिर भी उसे या तो खलनायक या पीड़ित की भूमिका से बाहर नहीं आने दिया जाता। यहाँ तक कि जब मुसलमानों को सकारात्मक रूप में दिखाया जाता है, तब भी यह तभी स्वीकार्य होता है जब उनकी कहानी गैर-मुस्लिम दर्शकों के लिए सबक या प्रेरणा देने वाली हो।

लेकिन साहित्य यानी उपन्यास और कहानियाँ इस सोच का विरोध करती हैं।

लैला हलाबी की Once in a Promised Land (2007) और कामिला शम्सी की Home Fire (2017) में मुसलमान किरदारों की अंदरूनी भावनाओं और उनके निजी संघर्षों को गहराई से दिखाया गया है। हलाबी ने दूसरी पीढ़ी के मुस्लिम अमेरिकियों के बीच पहचान और समाज की उम्मीदों की टकराहट को समझाया है। वहीं शम्सी ने ब्रिटेन में रहने वाले मुसलमानों की 9/11 के बाद की वास्तविक चुनौतियों को दिखाया है जैसे नागरिकता, वफ़ादारी और अपनेपन से जुड़ी दुविधाएँ।

इसी तरह ताश औ की Five Star Billionaire (2013) और हिशाम मतर की आत्मकथा The Return (2016) भी मुसलमानों की कहानियों को बिना दिखावे के, बहुत ही सच्चे और मानवीय रूप में प्रस्तुत करती हैं, यानी एकदम सामान्य इंसान की तरह, जिनमें खूबियाँ भी हैं और कमियाँ भी। इन कहानियों का वैश्विक फैलाव यह दिखाता है कि हर देश और संस्कृति में मुसलमानों को अलग-अलग नज़र से देखा और दिखाया जाता है।

यूरोप में मीडिया अक्सर हिजाब पर प्रतिबंध, धर्मनिरपेक्षता और “मुसलमान समाज में घुलते-मिलते हैं या नहीं” जैसी बहसों पर ज्यादा ध्यान देता है।

भारत में 9/11 के बाद बॉलीवुड फिल्मों ने मुसलमानों को अक्सर हिंदू-मुस्लिम तनाव और साम्प्रदायिकता के संदर्भ में दिखाया है। वहीं उर्दू, हिंदी और बंगाली साहित्य ने मुस्लिम जीवन को बहुत ही संवेदनशील और रोज़मर्रा के अनुभवों के साथ चित्रित किया है।

इसका मतलब यह है कि मुसलमानों को लेकर बनी स्टीरियोटाइप हर जगह एक जैसी नहीं होती, वे हर देश के इतिहास, राजनीति और समाज के हिसाब से बदलती हैं।

फिर भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है, हमारी प्रतिनिधित्व अभी भी बहुत कम है।

यूएससी एनेनबर्ग इंक्लूजन इनिशिएटिव की 2021 की एक रिपोर्ट के अनुसार: अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की 200 लोकप्रिय फिल्मों में अहम किरदारों में मुस्लिम 2% से भी कम थे। 90% फिल्मों में तो एक भी मुस्लिम किरदार नहीं था। और जहाँ मुसलमान दिखाए गए, वहाँ उन्हें या तो हिंसक, अपराधी, पीड़ित के रूप में दिखाया गया। मुस्लिम महिलाओं की स्थिति और भी खराब है, उन्हें अक्सर सिर्फ़ हिजाब, किसी ख़ास लहजे या बेबसी से जुड़े किरदारों में सीमित रखा गया।

इसी तरह, 2018-2019 की टीवी के एक अन्य अध्ययन में पाया गया कि टीवी पर सिर्फ़ 1.1% किरदार ही मुसलमान थे, जिससे यह साफ़ होता है कि या तो मुसलमानों को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है या गलत तरीके से दिखाया जा रहा है।

मीडिया और साहित्य सिर्फ समाज को दिखाते नहीं हैं, बल्कि उसे गढ़ते भी हैं। जब मुसलमानों को बार-बार एक ही तरह से, यानी आतंकवादी या पीड़ित के रूप में दिखाया जाता है, तो यह सोच वास्तविक दुनिया में भी नीतियों और व्यवहार को प्रभावित करती है। इससे निगरानी, संदेह, भेदभाव और सामाजिक बहिष्कार को जायज़ ठहराया जाने लगता है। दूसरी ओर, सकारात्मक चित्रण अभी भी बहुत सीमित और नाज़ुक हैं। इनका असर मुसलमानों, खासकर विदेशों में रहने वाले मुसलमान अल्पसंख्यकों पर गहरा पड़ता है। उन्हें अक्सर अपने ही बारे में शर्म, अलगाव और “मैं कौन हूँ?” जैसे सवालों से बार-बार जूझना पड़ता है। लेकिन इसके बावजूद उम्मीद ज़िंदा है, क्योंकि अब मुसलमान खुद अपनी कहानियाँ लिख रहे हैं।

रामी (2019), मिस मार्वल (2022), माय नेम इज़ खान (2010) जैसी फ़िल्में और द रिलक्टेंट फ़ंडामेंटलिस्ट जैसे उपन्यास यह साबित करते हैं कि मीडिया और साहित्य में इतनी ताकत है कि वे पुराने स्टीरियोटाइप तोड़ सकते हैं, पहचान को सामान्य बना सकते हैं और समाज में सहानुभूति बढ़ा सकते हैं। 

इन कहानियों में आने वाले संवाद गहरी नैतिक और आध्यात्मिक सोच को सामने लाते हैं: रामी में आत्मग्लानि और तौबा पर बातें, कमला खान द्वारा डर और प्यार में से चुनाव, और रिज़वान खान का संदेश- दुनिया में सिर्फ अच्छे और बुरे लोग होते हैं। ये सब यह बताते हैं कि मुसलमान सिर्फ डर या ग़ुस्से की वजह नहीं, बल्कि इंसानियत, नैतिकता और जज़्बे की आवाज़ भी हैं।

इसलिए प्रतिनिधित्व बहुत मायने रखता है। अगर हमें समाज की सोच बदलनी है, तो ज़रूरी है कि मीडिया में विविध और सामान्य मुसलमानों की कहानियों को जगह मिले, संस्थाएँ अपनी जिम्मेदारी समझें और मुस्लिम रचनाकारों को समर्थन दिया जाए।

साहित्य और फ़िल्में दुनिया को यह दिखाएँ, जिसमें मुसलमानों को खतरा या दूसरे रूप में नहीं, बल्कि एक आम तरह के इंसान के रूप में दिखाया जाए, जिनकी पहचान डर नहीं बल्कि इंसानियत से जुड़ी हो।

9/11 के बाद की कहानियाँ यह दिखाती हैं कि जब किसी समुदाय को सिर्फ एक ही नजरिए से दिखाया जाता है, तो उसके कितने गंभीर परिणाम हो सकते हैं। लेकिन यह समय यह भी सिखाता है कि अगर नई और सच्ची कहानियाँ कही जाएँ जिनमें जटिलता, इंसानियत और खुद फैसला लेने की ताकत हो, तो तस्वीर बदली जा सकती है।

अगर रचनाकार और दर्शक मिलकर ऐसी कहानियों को जगह दें जो डर या आघात के बजाय समझ, सहानुभूति और बराबरी पर आधारित हों, तो समाज की सोच बदल सकती है।

यह सिर्फ मनोरंजन का मामला नहीं है, इन कहानियों का असर नीतियों, रिश्तों, समाज की एकता और लोगों की यादों तक पर पड़ता है। इसलिए ज़रूरी है कि कहानी कहने का तरीका ऐसा हो जो इंसानी अनुभव के पूरे रंगों दुख, खुशी, संघर्ष, विश्वास और उम्मीद सभी को दिखाए।

(संपादकीय नोट: शेख आयशा इस्लाम का यह लेख the companion नमक अंग्रेजी वेबसाइट पर पब्लिश शुरू हो चुका है जिसे पाठकों की समझ के लिए छात्र विमर्श द्वारा हिंदी में प्रकाशित किया जा रहा है)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here