रमाशंकर यादव विद्रोही
आज तो चाहे कोई विक्टोरिया छाप काजल लगाए,
चाहें साध्वी ऋतंभरा छाप अंजन,
लेकिन असली घी का सूरमा,
तो नूर मियाँ ही बनाते थे ना!
कम से कम मेरी दादी का मानना तो यही था।
नूर मियाँ जब भी आते थे,
मेरी दादी सुरमा ज़रूर ख़रीदती थी।
एक सींक सुरमा आँखों में डालो,
आँखें बादल की तरह भर्रा जाएँ,
गंगा जमुना की तरह लहरा जाएँ,
सागर हो जाएँ बुढ़िया की आँखें।
जिसमें कि हम बच्चे झाँके तो
पूरा का पूरा दिखें।
बड़ी दुआएँ देती थी मेरी दादी,
नूर मियाँ और उनके सुरमे को।
कहती थी—
कि नूर मियाँ के सुरमे की वजह से तो ही
बुढ़ापे में बिटिहिनी बनी घूम रही हूँ
सुई में डोरा डाल लेती हूँ।
और मेरा जी करे कहूँ,
कि ओ रे बुढ़िया!
तू तो है सुकन्या,
और तेरा नूर मियाँ है च्यवन ऋषि।
नूर मियाँ का सुरमा तेरी आँखों का च्यवनप्राश है।
तेरी आँखें, आँखें नहीं दीदा हैं,
नूर मियाँ का सुरमा सिन्नी है, मलीदा है!
और
वही नूर मियाँ पाकिस्तान चले गए!
क्यों चले गए पाकिस्तान, नूर मियाँ?
कहते हैं कि नूर मियाँ के कोई था नहीं,
तब क्या हम कोई नहीं होते थे नूर मियाँ के?
नूर मियाँ क्यों चले गए पाकिस्तान?
बिना हमको बताए?
बिना हमारी दादी को बताए हुए,
नूर मियाँ क्यों चले गए पाकिस्तान?
और अब न वे सुरमे रहे और न वो आँखें,
मेरी दादी जिस घाट से आई थीं,
उसी घाट गईं।
नदी पार से ब्याह कर आई थीं मेरी दादी,
और नदी पार ही जाकर जलीं।
और मैं जब उनकी राख को
नदी में फेंक रहा था तो
मुझे लगा ये नदी, नदी नहीं,
मेरी दादी की आँखें हैं,
और ये राख, राख नहीं,
नूर मियाँ का सुरमा है,
जो मेरी दादी की आँखों में पड़ रहा है।
इस तरह मैंने अंतिम बार
अपनी दादी की आँखों में
नूर मियाँ का सुरमा लगाया।
स्रोत :
पुस्तक : नई खेती (पृष्ठ 34) रचनाकार : रमाशंकर यादव विद्रोही प्रकाशन : सांस, जसम संस्करण : 2011
रमाशंकर यादव विद्रोही की कविता ‘नई खेती’ पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: साहित्य Archives – Vimarsh









