इस्लामी इतिहास का प्रथम युद्ध: जंग ए बद्र

0
1097
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो

रमज़ान का सदाबहार महीना चल रहा है। मैं और मेरे जैसे ही कई सारे नौजवान इस अज़ीम महीने में दिनचर्या पूरी तरह बदल जाती है, जैसे रातें जागना और दिन में लेट तक सोना, कम काम करना हो, थका थका लगना, अच्छी हैवी इफ़्तार, सेहरी पर रेस्टोरेंट और होटल के चक्कर इत्यादि। नौजवान नस्ल में ये चीजें इतनी आकर्षक हो रही हैं कि रोज़े और रमजान के असल मकसद से हम हटते जा रहे है।

इसी रमज़ान मेरी मुलाक़ात एक अज़ीम शख़्स से हुई, जिन्होंने रमज़ान और रमज़ान में हुए इंकलाबी इस्लामी इतिहास को मेरे सामने रखकर मेरे दिनचर्या और रोजे की असल मफ़हूम को समझाने की कोशिश की। उनकी गुफ्तगू में बहुत सारी इंकलाबी बातें थीं, लेकिन मैं आज आपको इस्लामी तारीख़ की अज़ीम और बड़ी जंग “जंग ए बद्र” के बारे बताऊंगा, जिसमें हक और बातिल में फर्क कर दिया।

हिजरी 2 तारीख़ 17 रमज़ान, जगह बद्र (मदीना से करीब 80 मील दूर) रमज़ान का मुक़द्दस महीना था। नबी करीम ﷺ और सहाबा रोज़े से थे। इस्लाम का पैग़ाम अभी नया था और मुसलमान ताकत के ऐतबार से बहुत कमज़ोर थे। मक्का के काफिर मुसलमानों पर तेरह साल तक जुल्म करते रहे। मजबूर होकर मुसलमानों को मदीना हिजरत करनी पड़ी। मगर मक्के वालों ने तब भी पीछा नहीं छोड़ा और हर तरह से मुसलमानों को नुकसान पहुँचाने की कोशिश करते रहे।

इसी दौरान अबू सुफ़ियान (जो उस वक्त तक मुसलमान नहीं थे) शाम (एक शहर) से मक्का जा रहे थे और उनके साथ एक बड़ा कारोबारी काफिला था, जिसके पास बहुत सा माल और धन दौलत थी। जो मक्का वालों को मज़बूत करने वाली थी। नबी ﷺ ने फैसला किया कि इस काफिले को रोक लिया जाए, ताकि मक्के के काफिरों की ताकत कमज़ोर हो जाए। अबू सुफ़ियान को जब इस बात की खबर हुई, तो उन्होंने मक्का में अपने लोगों को ख़बर भिजवाया और मदद के लिए बुलाया। मक्का से 1000 का बड़ा लश्कर अबू जहल की सरपरस्ती में रवाना हुआ, जो मुसलमानों से लड़ने के लिए बद्र पहुँचा। नबी ﷺ ने जब ये खबर सुनी तो अपने सहाबा से मशविरा किया। हज़रत अबू बक्र, हज़रत उमर, और हज़रत मिक़दाद सबने कहा:

“या रसूलल्लाह! हम हज़रत मूसा (अ.स) की उम्मत नहीं हैं जो कहें कि ‘आप और आपका रब जाओ और लड़ो’ (सूरह माएदा 5:24)। हम आपके साथ हैं और आपकी हिफाज़त में अपनी जान भी क़ुर्बान कर देंगे।”

इस वफादारी और ईमान को देखकर नबी ﷺ बहुत खुश हुए और फिर 313 मुसलमान बद्र की तरफ रवाना हुए। मुसलमानों ने रात को नमाज़ें पढ़ीं, अल्लाह से दुआएँ माँगीं और अपने दिलों को मजबूत किया। नबी ﷺ पूरी रात सजदे में गिरकर रोते रहे और अल्लाह से फरियाद करते रहे:

“या अल्लाह! अगर आज ये 313 लोग शहीद हो गए, तो फिर क़यामत तक कोई तेरा नाम लेने वाला नहीं रहेगा!”

अल्लाह ने क़ुरआन में इस मंजर का तज़किरा किया:

“जब तुम अपने रब से मदद माँग रहे थे, तो उसने तुम्हारी दुआ कबूल कर ली और कहा कि मैं एक हज़ार फ़रिश्ते भेज रहा हूँ तुम्हारी मदद के लिए।” (सूरह अल-अनफ़ाल 8:9)

जंग की सुबह है दोनों लश्कर आमने-सामने हैं। मक्के के तीन बड़े जंगजू (उत्बा, शैबा और वलीद) के मुकाबले से जंग शुरू हुई। नबी ﷺ ने हज़रत हमज़ा, हज़रत अली और हज़रत उबैदा को भेजा, जिन्होंने उन्हें हरा दिया। फिर आम जंग शुरू हुई। मुसलमानों ने पूरे जोश के साथ लड़ा और अल्लाह ने उनकी मदद के लिए फ़रिश्ते भेजे। फ़रिश्तों की मदद से मुसलमानों ने दुश्मनों को शिकस्त दी और अबू जहल जैसे कई बड़े दुश्मन मारे गए। 14 मुसलमान शहीद हुए,70 काफिर मारे गए (अबू जहल भी मारा गया), 70 काफिर क़ैदी बना लिए गए। अल्लाह ने इस फ़तह का ज़िक्र क़ुरआन में इस तरह किया है:

“अल्लाह ने बद्र के दिन तुम्हारी मदद की, जब तुम कमज़ोर थे। लिहाज़ा अल्लाह से डरो, ताकि तुम उसका शुक्र अदा कर सको।” (सूरह आल-इमरान 3:123)

जंग ए बद्र सिर्फ एक जंग नहीं थी, बल्कि इस्लाम की बुनियाद रखने वाली सबसे अहम तारीख़ी घटना है। इसी के बाद मुसलमानों को ताक़त मिली, इस्लाम का असर बढ़ा और दुनिया को यह समझ आया कि ताक़त और संख्या से ज़्यादा अहम अल्लाह की मदद, ईमान और सब्र होता है। आज भी अगर हम जंगे बद्र के सबक़ को याद रखें और इस पर अमल करें, तो ज़िंदगी में हर मुश्किल से निकल सकते हैं। इस दौर में जब रमज़ान का असल मतलब हमारे ज़ेहन से ओझल हो गया है, तो जंग-ए-बद्र के वाक़िए की अहमियत हम जैसे नौजवानों के लिए और बढ़ जाती है। यह हमें सोचने पर मजबूर करती है कि अल्लाह तआला ने इसी महीने में जंग को क्यों रखा? हमारे रूटीन और आलस पर यह एक तमाचा सा है कि जब अल्लाह ने अपने प्यारे रसूल को रमज़ान में जंग के लिए भेजा, तो हमने किस गुस्ताख़ी से खुद पर आराम मुसल्लत कर लिया है?

                        वैसे तो सवाल हज़ारों हैं और सीखने की बातें भी बहुत हैं, लेकिन कुछ अहम चीज़ें जो हमें जंग-ए-बद्र से सीखनी चाहिए, वे ये हैं की अगर अल्लाह की मदद हो, तो कमज़ोरी कोई मायने नहीं रखती । सब्र और दुआ इंसान की सबसे बड़ी ताक़त है । अच्छी प्लानिंग और मशविरा बहुत अहम होते हैं। एकता और  इताअत (अनुशासन) से बड़ी ताक़तों को हराया जा सकता है।

आज जब हम रमज़ान के महीने को सही तरीके से जीने की कोशिश कर रहे हैं, तो हमें यह भी याद रखना चाहिए कि जंग ए बद्र का असल संदेश क्या था? अगर हम सच्चे ईमान, सब्र और अल्लाह के साथ खड़े रहने का इरादा कर लें, तो हम किसी भी हालात में हार नहीं सकते। इसलिए आइए, इस रमज़ान में खुद से वादा करें कि हम अपनी दिनचर्या और नीयत को सुधारें, ताकि न केवल हम खुद को बेहतर बना सकें, बल्कि इस पाक महीने के असल मकसद को भी सही तरह से समझ सकें।

“अगर तुम अल्लाह की मदद करोगे, तो वह भी तुम्हारी मदद करेगा और तुम्हें मजबूत बना देगा।” (सूरह मुहम्मद 47:7)

-माज बिन असद

चितरपुर ,रामगढ़, झारखंड

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here