उपन्यास: दीवार में एक खिड़की रहती थी

"दीवार में एक खिड़की रहती थी" उन पाठकों के लिए खास है जो साहित्य में शोर नहीं बल्कि खामोशी की आवाज़ सुनना चाहते हैं। यह उपन्यास हमें सिखाता है कि बड़े अर्थ अक्सर छोटे दृश्यों और मामूली पलों में छिपे होते हैं। समकालीन हिंदी उपन्यासों में यह रचना अपनी अनोखी संवेदना और शांत सौंदर्य के कारण एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है।

0
1482
उपन्यास: दीवार में एक खिड़की रहती थी
उपन्यास: दीवार में एक खिड़की रहती थी

लेखक: विनोद कुमार शुक्ल

समीक्षक: अब्दुल मुक़ीत 

आज के दौर में इंसान के लिए ख़ुद को खुश रखना एक बड़ी समस्या बन चुका है, जबकि खुश रखने का उपाय बहुत सरल और सादा है। दो लोग जो खिड़की के उस पार से नज़र आने वाले दृश्य से अपनी जीवन की खुशियों में मुख्तलिफ़ रंग भरते हैं, यही कहानी हम पढ़ते हैं विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यास “दीवार में एक खिड़की रहती थी” में।

यह उपन्यास किसी बड़े घटनाक्रम, तेज़ नाटकीय मोड़ों या चौंकाने वाले संघर्षों पर नहीं बल्कि साधारण जीवन के भीतर छिपी असाधारण अनुभूतियों पर टिका है।

यह रचना एक ऐसे व्यक्ति की दुनिया को दर्शाती है, जो अपने सीमित, लगभग स्थिर से जीवन में भी गहरी भावनात्मक और मानसिक सोचों का अनुभव करता है। उपन्यास का नायक बाहरी दुनिया से ज़्यादा अपने भीतर की दुनिया में जीता हुआ दिखाई देता है। उसके लिए दीवार में बनी एक छोटी-सी खिड़की केवल रोशनी या हवा का रास्ता नहीं बल्कि जीवन, उम्मीद और बाहर की दुनिया से संवाद का प्रतीक है।

इसका उर्दू अनुवाद साहित्य एकेडमी ने प्रकाशित किया है। यह नव विवाहिता जोड़े की कहानी है। जिसको विनोद कुमार शुक्ल ने अपनी कल्पना से रंगीन बना दिया है। रघुवर प्रसाद और सोंसी एक ऐसे घर में रहते हैं जिसमें बस एक ही खिड़की है और वह खिड़की के उस पार जा कर अपने जीवन में खुशियां बटोरते हैं। यह दृश्य उनके लिए बहुत महत्व रखते हैं, जो अपनी छोटी सी दुनिया से निकल कर एक अलग और रंगीन दुनिया में दाख़िल हो जाते हैं। 

दरअसल यह खिड़की प्रतीक है स्वप्न की, ख्वाहिशों की, आज़ादी की और उम्मीद की। यह साधारण जीवन के साधारण किरदारों की कहानी है। जिनके लिए खिड़की काफ़ी महत्व रखती है। जहां पर उनके लिए बहुत कुछ हैरान करने वाला भी है और बहुत कुछ दिलचस्प भी है। 

विनोद कुमार शुक्ल की भाषा इस उपन्यास की सबसे बड़ी ताकत है। उनकी शैली अत्यंत सरल, पारदर्शी और लगभग बोलचाल की सी लगती है लेकिन उसी सादगी में गहरा अर्थ छिपा है। वे मामूली चीज़ों जैसे कमरा, दीवार, खिड़की, चुप्पी को इस तरह बयान करते हैं कि वे अस्तित्व और अकेलेपन के रूपक बन जाते हैं। लेखक कहीं भी ज़ोर देकर कुछ नहीं कहता बल्कि अपने पाठक को महसूस कराता है।

सिर्फ़ उन्हीं के संसार में संभव था कि जहाँ आगे-आगे हाथी चलता जाता था और हाथी की खाली जगह पीछे छूटती जाती थी। उन्हीं की दुनिया में पानी पर रंगोली बनती थी और फिर हवा में उड़ने भी लगती थी। उन्हीं के यहाँ दीवार में खिड़की धड़कती थी। उन्हीं के यहाँ एक चुप्पी जगह का वास था।

यह उपन्यास धीमी गति से आगे बढ़ता है। यह धीमापन ही इस उपन्यास की आत्मा है। यहां जीवन किसी दौड़ की तरह नहीं बल्कि ठहरकर देखे जाने वाले अनुभव की तरह सामने आता है। पात्रों के भीतर का अकेलापन, उनकी संकोच भरी इच्छाएं और अनकही भावनाएं बहुत सहजता से खुलती हुई दिखाई पड़ती हैं।

“दीवार में एक खिड़की रहती थी” उन पाठकों के लिए खास है जो साहित्य में शोर नहीं बल्कि खामोशी की आवाज़ सुनना चाहते हैं। यह उपन्यास हमें सिखाता है कि बड़े अर्थ अक्सर छोटे दृश्यों और मामूली पलों में छिपे होते हैं। समकालीन हिंदी उपन्यासों में यह रचना अपनी अनोखी संवेदना और शांत सौंदर्य के कारण एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here