अलीगढ़ शर्मसार है, मुल्क शर्मसार है!!

हम अपने मुल्क में आंतकवाद और बे गुनाहों को मारने वालों के खिलाफ हमेशा खुद को ख़ड़ा करते हैं लेकिन हम अपने ही मुल्क के ऐसे दरिंदे जो भीड़ की ताकत के गुमान मे निहत्थे और बे कसूर लोगों पर जुल्म ढाते हैं, जुल्म करते हैं, क्या हमारा ज़मीर हमें ऐसे लोगों के खिलाफ खामोशी इख्तियार करने पर नहीं झकझोरता है? एक तरफ हुकुमत और प्रशासन बिना जांच प्रक्रिया पूरी किए एक विशेष मजहब के लोगों के घरों को एक दिन मे ज़मी दोज कर देती है, एक अपराधी के अपराध का उसके पूरे परिवार को सजा दी जाती है, क्या उस प्रशासन और हुकुमत के जिम्मेदारों को मुसलमानो के खिलाफ होने वाली यह घटनाएं नहीं दिखाई देती है?

2
2236
social media
social media

अश्क आंखों में कब नहीं आता

लहू आता है जब नहीं आता।।

उर्दू के बड़े शायर मीर तक़ी ‘मीर’ के यह अशआर आज अलीगढ़ के उन बेकसूर मजलूम लोगों के परिवार वाले और करोड़ों मुसलमानो की भावनाओ को व्यक्त कर रहे हैं। जो वो आज मेहसूस कर रहे है ! 

हम बात कर  रहे हैं अलीगढ़ के उन चार बेकसूर मजलूम लोगों की जिन्हें एक भीड़ की शक़्ल मे कुछ धार्मिक उन्माद और मौत के सौदागरों ने इसी नफरत की बुनियाद पर, गोमांस, गो तस्करी को रोकने के नाम पर अपने मुल्क के ही बाशिंदों पर जुल्म किया। बर्बरता से मारा, पीटा और अंत में मोबलिंचिंग का शिकार बनाया। 

हमारे मुल्क में आए दिन मुसलमानो के साथ होने वाली लिन्चिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, इन घटनाओ के आधार पर अगर यह सवाल मुल्क की अवाम के सामने रखा जाए कि क्या इस मुल्क में कानून नाम की कोई चीज़ का वज़ूद बाकी है या नहीं है? तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। 

सोशल मीडिया न्यूज प्लेटफॉर्म के जरिए से जब उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले मे अलहदादपुर नामक स्थान की खबर देखी तो दिल और मन मे अनगिनत सवालो ने दिल को झकझोर कर रख दिया। और यही कारण है कि आज इस घटना पर आपके सामने अपने विचार रखने जा रहा हूं। 

कुछ जालिम, गो मांस के शक के आधार पर चार व्यक्तियों पर इस तरह टूट पड़ते हैं जैसे भूखे गिद्ध अपने भोजन पर टूट पडते हैं। उत्तर प्रदेश और अन्य कई राज्यों मे पिछले कई सालो से आए दिन हम इस तरह की घटनाओं से रुबरु हुए। लेकिन आखिर क्या कारण है कि इस तरह नफरत भरे लोगो के हौसले इतने बुलंद हैं।

जब जब जुल्म ज्यादती पर हुकुमत, कानून और इन्साफ पसंद अवाम खामोशी की चादर ओढ़ लेते हैं, कानून अपनी आँखों पर पट्टी बाँध लेती है, और कानो मे रुई भर कर कानो को बंद कर लेती है तो जालिम के हौसले बुलंद ही होते हैं। हमने सोचा था कि न्याय की मूर्ति से आँखों की पट्टी हटा दी गई इस आधार पर हम यह सोच बैठे थे कि अब इन्साफ होगा हर जालिम को सजा मिलेगी, क्या खबर थी कि पट्टी को मजहब, जाति, गिरोह, देखने और ताकतवर और कमजोर का पता लगाने के लिए हटाया गया है।

यह घटना उन चार लोगों के साथ की गई जो खाद्य सुरक्षा विभाग अलीगढ़ से मीट व्यापार करने का पंजीयन करवा कर अपने परिवार के भरण पोषण के लिए मीट का व्यापार करते हैं। 24 मई 2025 को अपने वाहन से मीट का व्यापार कर अपनी जीविका अर्जित करने के लिए सफर कर रहे थे। लेकिन उन्हें कहां खबर थी कि इस मुल्क मे कुछ गिरोह, दल अपनी अदालते, थाने रोड पर बुलंद हौसले लिए बैठे रहते हैं। जहां उन्हें कोई दस्तावेज दिखाई नहीं देते हैं, मांस खरीदने की पर्ची, गेट पर्ची, व्यापार करने का उनका सरकारी विभाग से अनुमती का रजिस्ट्रीकरण प्रमाण पत्र। यह सब दस्तावेज उनके थाने, उनकी अदालतो मे नहीं चलते हैं, उन्हें तो सिर्फ एक खास मजहब के लोगों को अपनी नफरत और जहर भरी सोच के कारण जुल्म की इन्तेहा से गुजरना है। जानवरों की तरह टूट पड़ना है। उन्हें तो जुल्म कर अपनी औलाद, अपने गिरोह, अपने आकाओं को यह संदेश देना है कि हम ही तो मजहब के ठेकेदार हैं। और हमारी अदालतो मे थानेदार भी हम ही हैं, वकील और न्यायधीश भी हम ही हैं। हम ऑन द स्पॉट फैसला करते हैं और उन्होंने वही किया।

लेकिन इन्साफ पसंद अवाम के सामने एक बार फिर कई ऐसे सवालो को पैदा कर दिए हैं जो शायद अपने जवाब नहीं ढूँढ पा रहे हैं।

मॉब लिंचिंग की आए दिन होने वाली घटनाये क्या इस मुल्क को तरक्की की राह पर आगे बढ़ा सकती है? क्या इस तरह की घटनाओ से मुल्क का पूरी दुनिया मे सम्मान बढ़ जाता है?

हम अपने मुल्क में आंतकवाद और बे गुनाहों को मारने वालों के खिलाफ  हमेशा खुद को ख़ड़ा करते हैं लेकिन हम अपने ही मुल्क के ऐसे दरिंदे जो भीड़ की ताकत के गुमान मे निहत्थे और बे कसूर लोगों पर जुल्म ढाते हैं, जुल्म करते हैं, क्या हमारा ज़मीर हमें ऐसे लोगों के खिलाफ खामोशी इख्तियार करने पर नहीं झकझोरता है? एक तरफ हुकुमत और प्रशासन बिना जांच प्रक्रिया पूरी किए एक विशेष मजहब के लोगों के घरों को एक दिन मे ज़मी दोज कर देती है, एक अपराधी के अपराध का उसके पूरे परिवार को सजा दी जाती है, क्या उस प्रशासन और हुकुमत के जिम्मेदारों को मुसलमानो के खिलाफ होने वाली यह घटनाएं नहीं दिखाई देती है? क्या उन्हें इन घटनाओ में अपराधी नजर नहीं आते हैं? जुल्म दिखाई नहीं देता है? मुसलमानो के नाम पर आखिर यह बुलडोजर क्यूँ खामोश है? 

आखिर क्यूँ उसी तेजी से जालिमों अपराधियों के खिलाफ त्वरित न्याय नहीं किया जा रहा है? क्या यह सब हमारे मुल्क और हमारे संविधान और इस लोकतंत्र की पहचान नहीं है?

इस मुल्क के करोड़ों मुसलमानो के दिलों मे इस तरह की घटनाओं पर हुकुमत और प्रशासन की खामोशी, और चुप्पी से क्या मुल्क के संविधान और कानून पर भरोसा बना रहेगा? अगर मुल्क मे संविधान और कानून की इसी तरह खुल्लमखुल्ला धज्जियाँ उड़ती रहेगी तो क्या मुल्क मे अमन चैन बरकरार रहेगा? 

एक मुल्क की तरक्की का सबसे बड़ा आधार उस मुल्क का संविधान है। कानून के राज का, जहां हुकुमत और कानून सभी लोगों को बिना किसी भेदभाव, जात पात, सब को एक निगाह से देखता हो और सभी लोगों को सुरक्षा और सम्मान प्रदान करता हो। तरक्की के अवसर प्रदान करता हो। यही वो खूबियां हैं। जो हमारे मुल्क के आईन ने हमे दी है। लेकिन अफसोस पिछले कुछ सालो से हम खुद अपनी पहचान मिटाने पर तुले हैं। 

जालिम कोई भी हो, जुल्म कोई भी करे, जुल्म किसी पर भी हो, जालिम को जालिम कहना और जुल्म के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करना इस मुल्क मे हर मजहब की यही तालीम देता है। और जो लोग जालिम हैं और जुल्म करते हैं, वो ना एक इंसान हो सकते हैं और ना ही किसी मजहब के पैरोकार हो सकते हैं।  उन्हें हर सूरत में जालिम, और आतंकवादी का ही लकब दिया जाना चाहिए।

अलीगढ़ जिले की इस घटना पर पूरी गोदी मीडिया ना जाने क्यों खामोश है ? पूरे मुल्क के मानव अधिकारों की मांग करने वालों और लड़ाई लड़ने वालों को आखिर क्यों मुसलमानो के ऊपर होने वाले यह जुल्म ज्यादती दिखाई नहीं देते हैं?

नफरत का आलम इस कदर बढ़ चुका है कि एक राज्य में एक मंत्री ओपरेशन सिंदूर में भूमिका अदा करने वाली देश की एक बहादुर बेटी को आतंकवादियो की बहन बता देता है। 

अलीगढ़ जो पूरे मुल्क मे अमन, चैन और सुकून की तालीम के मरकज़ के लिए जाना जाता है। पूरे मुल्क ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया मे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के नाम को बड़े अदब के साथ पहचाना जाता है। आज उसी अलीगढ़ मे एक भीड़ चार निहत्थे लोगों पर बर्बर जुल्म को अंजाम देते हैं। इस घटना ने सिर्फ अलीगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और मुल्क की हुकुमत और कानून को खुद कठघरे मे खड़ा कर दिया है।

अगर हुकुमत ने, कानून ने, न्यायालयो ने पहले की घटनाओ पर इन्साफ किया होता तो आज हमारे सामने यह घटना देखने को नहीं मिलती। 

हम अपने इस लेख के माध्यम से मुल्क के अमन पसंद और इन्साफ पसंद अवाम से यह अपील करते हैं कि हम एक इंसान होने के हक से हम पर यह जिम्मेदारी आती है कि हम इस घटना निंदा करें, और उन चार बे कसूर लोगों के इन्साफ के लिए हुकुमत से, कानून के आधार यह मांग करे कि उन जालिमों को कड़ी सजा मिले। जिस के लिए अलीगढ़ और पूरे मुल्क को शर्मसार होना पड़ा।

हम अपने दिलों मे भरी हुई एक दूसरे के खिलाफ नफरतो को खत्म करें।  क्यूँ की यह नफरत सिर्फ हमे ही नहीं, हमारे मुल्क को ही नहीं, बल्कि हमारी आने वाली नस्लों के मुस्तकबिल को तबाह कर देगी। 

इस मुल्क में कानून के शासन को एक बार फिर से मजबूती देने के लिए हमे एक जुट होकर जात पात, मजहबी मायनों से परे हट कर, एकजुट होना होगा और हर जालिम के खि़लाफ़ खुद को ख़ड़ा करना होगा। ताकि जालिमों के हौसले बुलंद न हों और फिर से इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

हमें यह उम्मीद और आशा है कि जालिमों को सख्त सजा मिलेगी, कानून इन्साफ करेगा, हुकुमत इस तरह की घटनाओं को मजबूती से रोकने के लिए अपने इकदामात करेगी और हमारे मुल्क मे अमन चैन बना रहेगा, संविधान और कानून का वजूद हमेशा बरकरार रहेगा। 

किसी जुल्म पर आपकी बनी रहने वाली खामोशी

याद रखो की आप भी जुल्म करने में उतने ही भागीदार हो। 

अपने रब से उन बेकसूर लोगों के हक मे दुआ करता हूं कि अल्लाह जरूर जालिमों को सख्त सजा देगा,

हैदर अली अंसारी

मांगरोल बारां राजस्थान

2 COMMENTS

  1. शुक्रिया छात्र विमर्श
    पूरी टीम का आभार वयक्त करता हूं साथ ही पाठकों से अपनी प्रतिक्रिया के लिए गुजारिश करता हूं

  2. उम्मीद की जाती है कि न्यायप्रिय लोग आवाज़ उठाएंगे और नफ़रत का माहौल मुहब्बत में तब्दील होगा। आओ हम सब इसके लिए कोशिश करें, नेकी हमदर्दी व इसरो मुहब्बत को आम करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here