इस्लाम और इस्लामी शरीअत

इस्लामी शरीअत अल्लाह के आदेशों, रसूलुल्लाह ﷺ की हिदायतों, इज्मा-ए-उम्मत और आइम्मा के इज्तिहाद (इमामों के चिंतन) पर आधारित कानूनों के संग्रह का नाम है। इस शरीअत के अनुसार जीवन बिताकर ही हम दुनिया में भी सफल हो सकते हैं और आख़िरत में भी। यह उस ज्ञानी और सर्वज्ञ परवरदिगार द्वारा अवतरित शरीअत है, जो सबसे अधिक जानता है कि इंसानों का लाभ और उनकी भलाई किन सिद्धांतों में निहित है।

0
303
हज़रत उस्मान रज़ियल्लाहु तआला अन्हु से रिवायत है कि रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फ़रमाया: तुममें सबसे बेहतर लोग वे हैं, जो क़ुरआन का इल्म हासिल करें और दूसरों को इसकी तालीम दें। (बुख़ारी)
हज़रत उस्मान रज़ियल्लाहु तआला अन्हु से रिवायत है कि रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फ़रमाया: तुममें सबसे बेहतर लोग वे हैं, जो क़ुरआन का इल्म हासिल करें और दूसरों को इसकी तालीम दें। (बुख़ारी)

 शकील अहमद राजपूत ✍️

इस्लामी शरीअत अल्लाह के आदेशों, रसूलुल्लाह ﷺ की हिदायतों, इज्मा-ए-उम्मत और आइम्मा के इज्तिहाद (इमामों के चिंतन) पर आधारित कानूनों के संग्रह का नाम है। इस शरीअत के अनुसार जीवन बिताकर ही हम दुनिया में भी सफल हो सकते हैं और आख़िरत में भी। यह उस ज्ञानी और सर्वज्ञ परवरदिगार द्वारा अवतरित शरीअत है, जो सबसे अधिक जानता है कि इंसानों का लाभ और उनकी भलाई किन सिद्धांतों में निहित है।

“तुम्हारे रब की बात सच्चाई और न्याय के अनुसार पूर्ण है।” (अल-अनआम: 115)

इस शरीअत का पालन हमें दुनिया और आख़िरत में सफलता देता है, जबकि इसकी अवहेलना अल्लाह के क्रोध को आमंत्रित करती है और दुनिया व आख़िरत में असफलता और अपमान का कारण बनती है।

अल्लाह तआला ने शरीअत के आदेशों से हटकर निर्णय करने को कुफ्र, अत्याचार और फिसक (अवज्ञा) बताया है। (अल-माइदा: 44, 45 और 47)

इस्लामी शरीअत और परिवार

परिवार समाज की मूल इकाई और इसका अत्यंत महत्वपूर्ण संस्थान है। इसलिए अल्लाह द्वारा अवतरित शरीअत में परिवार के इस संस्थान की सुरक्षा को बहुत महत्व दिया गया है और ऐसे सिद्धांत दिए गए हैं जिनसे परिवार के विभिन्न सदस्यों के बीच प्रेम और स्नेह के स्थायी संबंध स्थापित हों, उनके बीच जिम्मेदारियाँ विभाजित हों और समाज की इस बुनियादी इकाई की पूर्ण सुरक्षा हो।

आज दुनिया भर में पारिवारिक व्यवस्था टूट-फूट का शिकार है। इस्लाम के विरोधी चाहते हैं कि मुसलमानों का मजबूत पारिवारिक ढांचा भी बिखर जाए। इसलिए शरीअत पर बाहरी हमलों से रक्षा के साथ-साथ दो महत्वपूर्ण मोर्चों पर कार्य करने की आवश्यकता है।

शरीअत की हिफाज़त कैसे?

शरीअत की सुरक्षा के लिए एक आवश्यक कार्य यह है कि मुसलमान शरीअत को अपनी जिंदगी में अपनाएँ और शरीअत के जो उल्लंघन समाज में प्रचलित हो चुके हैं, उन्हें समाप्त करने का प्रयास करें। यदि हम पारिवारिक जीवन से संबंधित इस्लामी शिक्षाओं पर सच्चे मन से अमल करें, तो हमारे घर इस्लामी शरीअत के लाभों का प्रत्यक्ष प्रमाण बनेंगे, और यही शरीअत की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम होगा।

दूसरा आवश्यक है कि मुसलमान इस देश की ग़ैर-मुस्लिम जनता को इस्लाम और इस्लामी शरीअत से परिचित कराएँ और उनकी गलतफहमियों को दूर करें। इस्लाम और इस्लामी शरीअत सभी मनुष्यों के लिए है और अल्लाह के सभी बंदों की भलाई का यही एकमात्र मार्ग है। चलो इस्लामी पारिवारिक व्यवस्था की कुछ शिक्षाएं संक्षिप्त में समझते हैं। ताकि सामाजिक जागृति और अमल के लिए आमदगी पैदा की जा सके। 

निकाह

इस्लामी शरीअत ने निकाह को बहुत महत्व दिया है, और अल्लाह के रसूल ﷺ ने इसे अपनी सुन्नत बताया है। निकाह लड़के और लड़की की सहमति से और अत्यंत सरलता व सुविधा के साथ होना चाहिए। रसूलुल्लाह ﷺ ने फरमाया: “निस्संदेह सबसे अधिक बरकत वाला निकाह वह है जिसमें सबसे कम खर्च हो।” 

यह अत्यंत दुर्भाग्य की बात है कि निकाह की महंगी रस्मों के माध्यम से हम निकाह और अपने पारिवारिक जीवन को बरकतों से वंचित कर देते हैं। आज के समय मे दहेज और जोड़े की रकम की मांग, शादी की बड़ी बड़ी बारातें, विभिन्न प्रकार की बिन इस्लामी और फिजूल रस्में भव्य दावतें और धन का व्यय आदि इस्लामी शरीअत के स्पष्ट उल्लंघन हैं।

निकाह के अलावा किसी भी प्रकार का संबंध, लिव इन के नाम से हो या समलैंगिक हो या विवाहेतर संबंध सब अनैतिक और हराम हैं। इस प्रकार के संबंधों में स्त्री का ही शोषण होता है। इस्लाम ने कुछ शर्तों के साथ बहुविवाह की अनुमति दी, लेकिन ये कोई आदेश नहीं है। जिसके एक स्त्री को पत्नी के रूप में सभी अधिकार प्राप्त होते हैं। व्यवहारिक जीवन में ऐसी परिस्थितियाँ पैदा होती हैं कि इसकी आवश्यकता पड़ सकती है।

भारतीय समाज और पैग़म्बर मुहम्मद ﷺ की सीरत : कुछ मार्गदर्शक सिद्धांत

परिवार के विभिन्न सदस्यों के अधिकार

परिवार के विभिन्न सदस्यों के बीच अधिकारों और कर्तव्यों का जो संतुलन शरीअत ने स्थापित किया है, वह भी हमारे समाज में बिगड़ता हुआ दिखाई देता है। अल्लाह के रसूल ﷺ ने अपने अंतिम खुत्बे में वसीयत की थी:

“लोगो! अपनी पत्नियों के बारे में अल्लाह से डरते रहो, क्योंकि तुमने उन्हें अल्लाह के नाम पर अपनी पत्नी बनाया है।” (सहीह मुस्लिम, बाब: हज्जतुन-नबी)

पति पर यह अनिवार्य है कि वह पत्नी के साथ अच्छा व्यवहार करे, उसकी भावनाओं का सम्मान करे, उसकी आवश्यकताओं को पूरा करे, उसका महर अदा करे, उसके माल पर उसका अधिकार स्वीकार करे और उसे उसके उपयोग का पूरा अधिकार दे।

पत्नी को महीनों मायके में छोड़ देना, उसके साथ अत्याचार करना, बच्चों के जन्म और पत्नी के इलाज का खर्च उसके माता-पिता से मांगना, उसे अलग कमरा और बुनियादी स्वतंत्रता से वंचित करना, उसके माल पर जबरन कब्जा करना आदि शरीअत के स्पष्ट उल्लंघन और अत्याचार के गंभीर रूप हैं। याद रखें, अल्लाह जुल्म (अत्याचार) को माफ़ नहीं करता।

इस्लामी शरीअत ने माता-पिता, पत्नी, बच्चों, पति और अन्य रिश्तेदारों सभी के अधिकार और जिम्मेदारियाँ स्पष्ट रूप से निर्धारित की हैं। इन अधिकारों और कर्तव्यों में जो संतुलन स्थापित किया गया है, उससे पारिवारिक जीवन शांति, संतोष और समृद्धि का केंद्र बन सकता है।

पति-पत्नी के विवाद और तलाक 

यदि पति-पत्नी के बीच मतभेद उत्पन्न हो जाए, तो उसे सुलझाने का तरीका भी शरीअत ने बताया है। पहले दोनों को आपस में समाधान का प्रयास करना चाहिए। यदि इसमें सफलता न मिले, तो दोनों पक्षों से मध्यस्थ (हकम) नियुक्त कर उनके माध्यम से समाधान किया जाना चाहिए। दोनों को यह समझना चाहिए कि कोई भी इंसान कमजोरियों से मुक्त नहीं होता। सफल वैवाहिक जीवन का रहस्य यही है कि एक-दूसरे की कमियों को नजरअंदाज किया जाए और अच्छाइयों पर ध्यान दिया जाए। यदि अत्यंत मजबूरी में निकाह समाप्त करना (तलाक) आवश्यक हो, तो यह कार्य भी शरीअत के अनुसार होना चाहिए और विशेष रूप से निम्न बातों का ध्यान रखना चाहिए:

1. गुस्से में आकर एक साथ तीन तलाक देना अल्लाह और उसके रसूल को अत्यंत नापसंद है और शरीअत की शिक्षाओं के विरुद्ध है। 

2. तलाक का निर्णय सभी प्रयासों के असफल होने के बाद, सोच-समझकर करना चाहिए। 

3. सही तरीका यह है कि एक तलाक दिया जाए और इद्दत की अवधि का इंतजार किया जाए। 

4. इद्दत के दौरान पति को पुनः मिलाप का अधिकार रहता है। 

पत्नी को न साथ रखना और न तलाक देना, यह गंभीर पाप है। यदि महिला अलग होना चाहे तो वह खुला या फस्ख के माध्यम से अलग हो सकती है।

हलाला की अनैतिक परंपरा 

मुस्लिम समाज में ‘निकाह हलाला’ के नाम पर जो हो रहा है, वो शरीयत के नाम पर अख़लाक़ियत का जनाज़ा है। इस्लाम ने हलाला को कोई ट्रिक या ‘शॉर्टकट’ नहीं बनाया। एक बात स्पष्ट रूप से समझ लीजिए, तीन तलाक के बाद स्त्री और पुरुष (पति-पत्नी) एक-दूसरे के लिए हराम हो जाते हैं। अब मान लीजिए, औरत ने अपनी मर्जी से दूसरे पुरुष से शादी कर ली और उसके साथ सामान्य जीवन गुज़ार रही है। बदकिस्मती से यदि यह दूसरा पति मर जाए या तलाक दे दे, तो इद्दत गुज़ारने के बाद वह कहीं तीसरी जगह शादी कर सकती है। लेकिन यदि वह अपनी मर्जी से पहले पति से निकाह करना चाहे, तो वह अब उस पति के लिए हलाल यानी जायज़ होगी। यानी दूसरे पुरुष के साथ निकाह करने से हुरमत (निषिद्धता) समाप्त हो गई।

लेकिन यदि समाज में कहीं यह हो रहा है कि पहले से योजना बनाकर हलाला किया जाए…

सिर्फ एक रात के लिए निकाह… फिर तलाक… और वापस पहले शौहर के पास…तो यह इस्लामी अख़लाक़ियत और शरीयत की भावना के खिलाफ और हराम है। एक हदीस में अल्लाह के नबी ﷺ ने ऐसे लोगों पर लानत की है, जो हलाला करते हैं और करवाते हैं।

विरासत के नियम

हमारे समाज में विरासत के नियमों के प्रति भी बहुत लापरवाही बरती जाती है। अल्लाह ने विरासत के नियम कुरआन में विस्तार से बताए हैं। यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाए, तो उसकी संपत्ति का बंटवारा शरीअत के अनुसार किया जाना चाहिए। बिना बंटवारे के कुछ वारिसों द्वारा संपत्ति का वर्षों उपयोग करना अन्य वारिसों के अधिकारों का हनन है। विरासत में बेटियों का भी निर्धारित हिस्सा है। दहेज की ग़ैर इस्लामी रस्म अदा कर देने से उनका अधिकार समाप्त नहीं होता। 

उन्हें संपत्ति, भूमि और अन्य सभी प्रकार की संपत्तियों में अधिकार प्राप्त है। यह बात सही है की विरासत मे सामान्य परिस्थिति मे स्त्री को पुरुष के मुकाबले मे आधा मिलता है उसका कारण यह है की परिवार की सम्पूर्ण आर्थिक, सामाजिक आदि आवश्यकता की पूर्ति करना पुरुष की जिम्मेदारी है। स्त्री पर इसका कोई भार नहीं डाला गया है चाहे वो कमाती ही क्यों न हो !

हमारी जिम्मेदारियाँ

आवश्यक है कि शरीअत के इन नियमों को उनकी मूल भावना के साथ समाज में लागू किया जाए। परिवार के बुजुर्गों की जिम्मेदारी है कि वे अपने परिवार को शरीअत का पालन करने वाला बनाएं। शरीअत के विरुद्ध परंपराओं, इच्छाओं और गलत सामाजिक रीति-रिवाजों का पालन करने से कुरआन ने सख्ती से रोका है। यदि हम अल्लाह की इच्छा को प्राथमिकता देंगे, तो हमें उसकी सहायता और कृपा प्राप्त होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here