रवीश कुमार
जंग का इतिहास बातचीत का भी इतिहास रहा है। बातचीत के सफ़ल होने और फेल होने के किस्सों से भरा है। भीतर घात और धोखाधड़ी के किस्से भी बहुत हैं। इस्लामाबाद बातचीत का अंजाम कुछ भी हो सकता है लेकिन वहाँ बातचीत के लिए ईरान और अमेरिका का पहुँचना 21 वीं सदी के जंग की इतिहास की सबसे बड़ी घटना है। ऐसा मंज़र किसी ने रुस और यूक्रेन की जंग के दौरान भी नहीं देखा जबकि वह जंग चार साल से अधिक समय से चली आ रही है। इस ऐतिहासिक घड़ी में दो देशों की अनुपस्थिति पर कई सारे लेख लिखे जा रहे हैं। भारत और इस्राईल का इस्लामाबाद में नहीं होना बड़ी घटना है।
इस्लामाबाद में नहीं होकर भी इन दोनों की इस बातचीत में कोई भूमिका नहीं है। यह उससे भी बड़ी घटना है। जंग शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी की इस्राईल की यात्रा और दोयम दर्जे के पुरस्कार की गौरव यात्रा भारत की विदेश नीति के इतिहास के ख़राब मोड़ मेें गिनी जाती रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी इस यात्रा को अपने एकांत में बार-बार रिवाइंड करते होंगे कि नहीं जाता, एयरपोर्ट से ही लौट जाता लेकिन अब कुछ नहीं कर सकते। जंग से पहले इस्राईल की यात्रा और इस्राईल के साथ हमेशा खड़े रहने की गारंटी की आज विदेश नीति पर धब्बे की तरह नज़र आ रही है।
भारत की न्यूट्रैलिटी के स्टैेड को दुनिया ने नकार दिया। क्योंकि भारत की न्यूट्रैलिटी फेक थी। इस्राईल से दुश्मनी की ज़रूरत नहीं थी, लेकिन हक की आवाज़ को सुुनने की सलाहियत होनी चाहिए थी। ईरान पर हमला ग़लत था। मिनाब के स्कूल पर बम गिराना ग़लत था। ख़ामेनेई की हत्या ग़लत थी। इतनी बड़ी ग़लतियों पर चुप रह कर कोई देश न्यूट्रल होने का सही हक़दार नहीं हो सकता है। भारत का विपक्ष सही समय पर सही बात कर रहा था। वह जानता था कि विदेश नीति के मामले में भारत के स्टैंड की आलोचना के कितने जोखिम हैं।
गोदी मीडिया के ग़ुलाम ऐंकर इस बात के लिए उसे दिन रात अपनी बहसों में भुन देंगे और भारत विरोधी के रुप में स्थापित कर देंगे। इसके बाद भी सोनिया गांधी ने बकायदा अख़बारों में संपादकीय लिखे और भारत को चेताया कि ईरान का साथ छोड़ना ग़लत है। राष्ट्रीय जनता दल एक क्षेत्रीय दल है। उसके सांसद मनोज झा ने लिखा और बोला। बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, उसका कोई भी नेता अपने सुप्रीम लीडर से अलग हट कर इस जंग को देखने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।
जंग की शुरूआत में मोदी समर्थक समझाने में जुट गए कि भारत की चुप्पी रणनीतिक है। भारत किसी का पक्ष नहीं लेता है। न्यूट्रल देश है। यूरोप के देश जिनके बारे में माना जाता है कि ट्रंप अगर ई-रिक्शा से चलेंगे तो इन देशों के प्रमुख भी ई-रिक्शा चलाने लग जाएंगे। उन सभी ने दिखावे के लिए ही सही इस्राईल की निंदा की। जंग के लिए अमेरिका की आलोचना की, ट्रंप के माँगने पर अपने युद्धपोत नहीं भेजे। पाकिस्तान ने ख़ामेनेई की हत्या की निंदा की। इस्राईल की निंदा की। वहाँ की संसद में ख़ामेनेई को श्रद्दांजलि दी गई। भारत के प्रधानमंत्री दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास जा सकते थे, ख़ामेनेई को श्रद्धांजलि दे सकते थे मगर एक ऐसे नेता को भेजा जिनका रील भी कोई नहीं देखता है और अब गोदी मीडिया वाले भी अपने डिबेट शो में नहीं बुलाते हैं। भारत की अपनी संस्कृति रही है।
किसी की मौत के बाद पूरा गाँव श्रद्धांजलि देने जाता है, चाहे उस गाँव में बहुत से लोग उसे पसंद नहीं करते हों। पाकिस्तान इस जंग में न्यूट्रल नहीं था। इसके बाद भी बातचीत में उसकी भूमिका पाकिस्तान की भूमिका को सबने स्वीकार किया, स्वागत किया और उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान सफल होगा। क्या भारत को उसकी न्यूट्रैलिटी का इनाम मिला? किसी ने उसकी न्यूट्रैलिटी की तारीफ़ भी की?
ईरान-इज़राइल-अमेरिका संघर्ष और संभावित वैश्विक आर्थिक मंदी: भारत के लिए चुनौतियाँ https://vimarsh.org/iran-israel-us-conflict-and-potential-global-economic-slowdown-challenges-for-india/
इसका जवाब सिम्पल है। भारत की न्यूट्रैलिटी फेंक थी। ईरान और अमेरिका ने बातचीत के लिए इस्लामाबाद को चुन कर बता दिया कि उन्हें पता है कि यह न्यूट्रालिटी फेक है। जियो पॉलिटिक्स कहते हैं तब फिर जयशंकर को बताना चाहिए कि उनकी पॉलिटिक्स क्या थी? चुप रहने की? चुप रह कर इस्राईल के साथ खड़े होने की? पॉलिटिक्स में आप न्यूट्रल कैसे हो सकते हैं? इस जंग में भारत जियो पॉलिटिक्स कर ही नहीं रहा था। गोदी मीडिया के दम पर वह भारत की जनता को भरमाने में लगा था कि हम अब भी ग्लोबल लीडर हैं।
भारत की विदेश नीति का ब्राँड उसकी न्यूट्रैलिटी है। तटस्थता है। किसी भी देश ने भारत की इस न्यूट्रैलिटी की तरफ नहीं देखा। क्योंकि उन्हें पता था कि यह केवल एक ब्राँड है। जिसे मार्केटिंग टीम ने बनाकर विदेश मंत्रालय को दिया है ताकि विदेश में भारत के नाम को लेकर मोदी बंगाल और बिहार में चुनाव जीतने के लिए मतदाता को रिझाते रहें कि वे लोकल ही नहीं, ग्लोबल लीडर भी हैं। भारत के विदेश मंत्रालय को इस ब्रांड वाली विदेश नीति से अलग होना पड़ेगा।
विदेश नीति को ब्रांड बनाने वाले विद्वानों को समझना चाहिए कि मॉल में लोग अच्छे अच्छे ब्रांड की दुकानों को छोड़ कर निकल जाते हैं, देखते भी नहीं। तब भी नहीं जब जेब में पैसे होते हैं। ईरान पर हमला ग़लत था। ख़ामेनेई की हत्या ग़लत थी। स्कूली बच्चियों की हत्या ग़लत थी। लेबनान में दस मिनट के भीतर बेतहाशा बमबारी ग़लत थी। अगर भारत इतनी बड़ी ग़लतियों पर चुप रह जाता है तो इसका मतलब वह न्यूट्रल नहीं हैं। उसकी नैतिकता की बुनियाद कमज़ोर हो चुकी है।
जिस बुनियाद को हज़ारों साल के इतिहास में बुद्ध से लेकर गाँधी, कृष्ण से लेकर राम ने बनाया है। सत्य और न्याय के साथ खड़े रहने की नैतिकता का इतिहास भारत में भरा हुआ है मगर वर्तमान में कहीं नज़र नहीं आता। इस्लामाबाद बातचीत केवल भारत की विदेश नीति की हार है, बल्कि भारत की हज़ारों साल की सभ्यता की यात्रा में नैतिकता की समझ की भी हार है। और यह हाल प्रधानमंत्री मोदी के कारण हुई है।
2014 के बाद से भारत का विदेश मंत्रालय संस्कृति और धर्म का प्रचारक बनने लगा। इस चक्कर में अपनी कूटनीतिक कुशलता खोने लगा। जो काम रामदेव कर रहे थे उस काम को राजदूतों को पकड़ा दिया गया कि योगा डे मनवाइये। नतीजा यह हुआ है कि विदेश मंत्रालय के काबिल अफ़सर कूटनीति से भी गए और संस्कृति की समझ से भी गए। उन्हें यह दिखा ही नहीं कि हज़ारों साल की इस यात्रा में बुद्ध से लेकर गाँधी, कृष्ण से लेकर राम सभी ने नैतिकता की बुनियाद में एक ही ईंट रखी है। एक ही पैमाना बनाया है ताकि अन्याय के खिलाफ किसी भारतीय को अपना पक्ष चुनने में समस्या नहीं हो।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस पैमाने के चैंपियन होने का दावा करते हैं, मगर उसी पैमाने पर फेल हो गए। हाँ, फेल हो गए। क्योंकि उन्होंने भारत की विरासत को समझा नहीं है, उसकी एक दो बिन्दुओं को लेकर पोस्टर बनाने, प्रचार करने में ही लगे रहे।
इसी समय में जब भारत के प्रधानमंत्री भारत की विरासत हार रहे थे, भारत की जनता अपनी विरासत लेकर खड़ी थी। उसने अपनी आँखों से ठीक ठीक देखा कि कौन कहाँ खड़ा है। इस दौरान पाकिस्तान को लेकर ट्रोलिंग बंद हो गई। इस दौरान ईरान के साथ पब्लिक खड़े होने लगी, वही पब्लिक जिसे 2014 के बाद से एक ही ट्रेनिंग दी गई है। मुसलमान ऐसे होते हैं, मुसलमान वैसे होते हैं इसके बाद भी भारत की जनता ईरान का पक्ष ले रही थी। भारत की सरकार अपनी जनता से अलग हो गई थी। उस जनता से जिसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हिन्दू मुस्लिम की नफरत की दुकान बंद कर दी थी। भारत के लिए सब मिलकर खड़े हो गए थे।
ईरान-इज़राइल-अमेरिका संघर्ष और संभावित वैश्विक आर्थिक मंदी: भारत के लिए चुनौतियाँ
https://vimarsh.org/iran-israel-us-conflict-and-potential-global-economic-slowdown-challenges-for-india/
भारत की जनता को याद रहा कि कृष्ण ने उन पाँडवों का चुनाव किया, जो संख्या और बल में कमज़ोर थे। इसलिए कि न्याय का प्रश्न पांडवों के साथ था। प्रधानमंत्री मोदी भारत की जिस विरासत को अपनी छवि बनाने के जुए में हार गए हैं, उस विरासत को भारत की जनता ने बचा लिया है, जो आने वाले समय में भारत की विदेश नीति को फिर से गौरव का परचम थमाएगी। भारत की जनता की यही पूँजी एक दिन प्रधानमंत्री मोदी को ईरान से फिर से हाथ मिलाने में मदद करेगी।
इस जंग के दौरान भारत में किन बातों को लेकर चर्चा हो रही थी। वोटर लिस्ट से मुसलमानों के नाम काटे जाने को लेकर, प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति की हँसी उड़ाने वाले वायरल वीडियो को डिलिट कराने और फेसबुक पेज बंद कराने को लेकर। भारत की सरकार के मंत्री अब एक ही पोलिटिक्स करते हैं। कैसे यू ट्यूबर का पेज एक घंटे में बंद करा दिया जाए। उसके पेट पर लात मारी जाए ताकि भूखा मर जाए। किसी कमेडियन के कमेंट को कैसे डिलिट करवा जाए। मैती मंत्रालय क्या कर रहा है, सबको पता है। भारत जियो पोलिटिक्स नहीं कर रहा है, भारत की सरकार पोलिटिक्स को ख़त्म करने की पोलिटिक्स में लगी है।
अमेरिका में देखिए लोग खुल कर बोल रहे हैं। ईरान से जंग रोकने की बात कर रहे हैं, ट्रंप को इस्राईल की कठपुतली बता रहे हैं। इन सब आलोचनाओं का असर हुआ है। ट्रंप भी देख सके कि उनसे चूक हो रही है। उन्होंने जंग रोकने का रास्ता खोजना शुरू कर दिया। आलोचना हमेशा देश को मुश्किल वक्त में बचाती है। भारत में मोदी सरकार आलोचनाओं को मुश्किल बनाने में लगी है। अमेरिका में इसलिए लोग बोल सके क्योंकि वह सबसे पुराना लोकतंत्र कहा जाता है।
भारत को सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा जाता है मगर भारत में बोलने नहीं दिया जाता है। भारत के लोकतंत्र को नए सिरे से लोकतंत्र होने की ज़रूरत है। भारत की अदालत से लेकर चुनाव आयोग तक सबने मौजूदा लोकतंत्र को बोझिल बना दिया है। इसमें भय भर दिया है। भारत के लोकतंत्र में चुनाव सबसे बड़ा उत्सव था, उस चुनाव से आनंद चला गया है। चुनाव की प्रक्रियाओं को हर दिन भयंकर निराशाओं में धकेला जा रहा है। भारत के लोकतंत्र को नए उत्साह और उत्सव की ज़रूरत है । जब तक यह उत्साह नहीं लौटेगा तब तक भारत दुनिया में गांधी, बुद्ध, कृष्ण या राम के नाम पर नेतृत्व की दावेदारी नहीं कर सकता है।
( सम्पादकीय नोट: यह लेख भारतीय मीडिया जगत के सीनियर पत्रकार और रमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित रविश कुमार के सोशल मीडिया फेसबुक पोस्ट से नक़ल किया गया है। विशेष आभार: रविश कुमार )










