डॉक्टर इसरार अहमद : शख्सियत और ख़िदमात

डॉक्टर इसरार अहमद 14 अप्रैल 2010 को लगभग 78 वर्ष की आयु में लाहौर में अपने खालिक ए हकीकी से जा मिले। किंतु आपका मिशन जारी है और उसमें दिन-प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। आप लगभग 60 वर्षों तक कुरआन और इस्लाम की सेवा करते रहे।

1
1084
Dr. Israr Ahmed: Personality and Services
डॉक्टर इसरार अहमद 14 अप्रैल 2010 को लगभग 78 वर्ष की आयु में लाहौर में अपने खालिक ए हकीकी से जा मिले। किंतु आपका मिशन जारी है और उसमें दिन-प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। आप लगभग 60 वर्षों तक कुरआन और इस्लाम की सेवा करते रहे।

अमजद हुसैन अमजद 

डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह न केवल उपमहाद्वीप पाकिस्तान व भारत में, बल्कि संपूर्ण इस्लामी जगत में एक विश्वसनीय एवं प्रसिद्ध धार्मिक विद्वान थे। आप इस्लाम की राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था पर एक सुदृढ़ एवं सारगर्भित दृष्टिकोण रखते थे। आज भी न केवल पाकिस्तान में, बल्कि समस्त विश्व में आपके प्रशंसकों, प्रभावितों और शिष्यों की एक बड़ी संख्या इस्लाम और कुरआन करीम की सेवा में संलग्न दिखाई देती है।

डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह पाकिस्तान की स्थापना के बाद हिंदुस्तान से हिजरत करके पाकिस्तान आ गए । मैट्रिक की परीक्षा के बाद आप अपने भाई के साथ मिलकर मौलाना सय्यद अबुल आला मौदूदी रहमतुल्लाह अलैह द्वारा जारी मासिक पत्रिका  “तर्जुमान-उल-कुरआन” में प्रकाशित सूरह यूसुफ की तफ़सीर का अध्ययन किया करते थे, जिससे उनके मन में कुरआन पाक के प्रति एक गहरा आत्मीय जुड़ाव उत्पन्न हुआ।आपने मेडिकल की शिक्षा किंग एडवर्ड मेडिकल कॉलेज, लाहौर से प्राप्त की और प्रारंभिक काल में ही पहले इस्लामी जमीयत तलबा और बाद में जमाअत इस्लामी में शामिल हो गए।तथापि, आपने वैचारिक एवं सैद्धांतिक मतभेद के आधार पर जमाअत इस्लामी से अलग होने का निर्णय लिया और सन् उन्नीस सौ पचहत्तर (1975) में “ तंज़ीम – ए – इस्लामी ” की नींव रखी।

आपने कुछ समय मेडिकल के क्षेत्र में कार्य किया, तत्पश्चात आपने अपना संपूर्ण जीवन कुरआन की शिक्षा को आम करने के लिए समर्पित कर दिया। डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह ने उम्मत के कुरआन हकीम के साथ संबंध को सुदृढ़ करने के लिए सन् 1972 में लाहौर में मरकज़ी अंजुमन ख़ुद्दामुल कुरआन की नींव रखी। इस अंजुमन ख़ुद्दामुल कुरआन की देश के भीतर कई शाखाएँ स्थापित हैं, जिनमें से एक अंजुमन ख़ुद्दामुल कुरआन सिंध (कराची) भी है।

डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह अत्यंत सादा जीवन व्यतीत किया करते थे, कुरआन अकादमी, लाहौर से संलग्न एक छोटे से घर में आपका निवास था। आप पूर्व राष्ट्रपति पाकिस्तान जनरल मुहम्मद ज़ियाउल हक़ के शासनकाल में एक संक्षिप्त अवधि के लिए उनकी मनोनीत मजलिस-ए-शूरा के सदस्य भी रहे। आपने देश के भीतर और बाहर अनगिनत दरस व व्याख्यान दिए, तथापि पी.टी.वी. पर आपके कार्यक्रम “अल-हुदा” को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हुई।देशभर में लोग बड़े चाव से यह कार्यक्रम देखा करते थे। आपको इतिहास और दर्शनशास्त्र पर भी गहरी दक्षता प्राप्त थी, आप अनगिनत पुस्तकों के लेखक थे।

साप्ताहिक पत्रिका  “निदा ए खिलाफत”, मासिक पत्रिका “मीसाक” और त्रैमासिक “हिकमत-ए-कुरआन” के नाम से लोकप्रिय पत्रिकाएँ भी आपकी सरपरस्ती में प्रकाशित होती रहीं, जिनका प्रकाशन का सिलसिला आज तक जारी है।सन् 2004 में मुझे डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह का एक व्याख्यान “हुज़ूर ﷺ बहैसियत दाई-ए-इंक़लाब” सुनने का अवसर प्राप्त हुआ और अनगिनत ज्ञानवर्धक बिंदुओं की व्याख्या सरल शब्दों में सुनने को मिली। आप पाश्चात्य विचारकों फ्रायड और काण्ट के दर्शन से भलीभाँति परिचित थे।

आप मिस्र के विश्वविख्यात क़ारी अब्दुल बासित अब्दुस्समद की तिलावत अत्यंत पसंद किया करते थे।आप मुफ़क्किर-ए-इस्लाम व मुबश्शिर-ए-पाकिस्तान अल्लामा डॉक्टर मुहम्मद इक़बाल की शायरी से अत्यंत प्रभावित थे और उनके अशआर को प्रायः अपने दरस व तक़रीरों की शोभा बनाया करते थे। आप आख़िरत की सफलता को ही वास्तविक सफलता समझते थे और इस संदर्भ में आपके समक्ष सूरतुल अस्र की व्याख्या सदैव केंद्र में रहती थी।

आप फ़रमाया करते थे कि कुरआन मजीद के कलामुल्लाह होने में ही उसकी वास्तविक महानता का रहस्य छुपा है, क्योंकि कलाम वक्ता का गुण होता है और उसमें वक्ता का संपूर्ण व्यक्तित्व प्रकट होता है। अतः आप किसी भी व्यक्ति का कलाम सुनकर यह अनुमान लगा सकते हैं कि उसके ज्ञान और बोध व चेतना का स्तर क्या है। वास्तव में कुरआन, अल्लाह तआला के समस्त गुणों का प्रतिबिंब है। इसी सत्य को अल्लामा डॉक्टर मुहम्मद इक़बाल रहमतुल्लाह अलैह ने अत्यंत सुंदर अंदाज़ में बयान किया है।

कह दूँ वो बात जो दिल में छुपी है

ये कोई किताब नहीं, कुछ और ही है

सत्य की मानिंद छुपा भी है, प्रकट भी!

यह जीवंत है, शाश्वत है, और बोलता है!

आप आर्मागेडन (Armageddon) की घटना को ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के साथ बयान किया करते थे। आप सूद (ब्याज) के सख्त विरोधी थे और महिलाओं के इस्लामी पर्दे के प्रबल समर्थक थे।

आपकी तक़रीरें ऑडियो और वीडियो कैसेट्स में उपलब्ध हैं। आपकी वक्तृत्व शैली अत्यंत प्रभावशाली थी और आपकी महफ़िल में उपस्थित लोग अपनी-अपनी जिज्ञासा और योग्यता के अनुसार अवश्य लाभान्वित होते थे। उनकी उच्च सेवाओं के पुरस्कारस्वरूप उन्हें सन् 1981 में  सितारा-ए-इम्तियाज़ से भी सम्मानित किया गया।

मेरे विचार में डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह का सबसे महत्वपूर्ण कार्य तफ़सीर “बयान उल कुरआन” है। जिसकी पहली जिल्द (तआरुफ़-ए-तदवीन-ए-कुरआन पाक, सूरह फ़ातिहा और सूरह बक़रह) डॉक्टर साहब की हयात में ही मुरत्तब हो गई थी, जबकि शेष जिल्दें उनकी तक़रीरों से मुरत्तब की गई हैं। सात जिल्दों पर आधारित यह तफ़सीर आवश्यक नक्शों और हाशियों के साथ वर्तमान युग की सर्वाधिक लोकप्रिय तफ़सीर है। जिसकी जिल्दों का सेट कई लोग उपहारस्वरूप भी भेंट करते हैं — जैसे सऊदी अरब की सरकार हुज्जाज-ए-किराम को वापसी पर कुरआन पाक का उपहार देती है।

“बयान उल कुरआन” में तआरुफ़-ए-कुरआन के अंतर्गत डॉक्टर साहब लिखते हैं कि मानवीय ज्ञान के तीन दायरे हैं — पहला -इंद्रियों द्वारा प्राप्त ज्ञान , दूसरा -बुद्धि द्वारा प्राप्त ज्ञान) और तीसरा -हृदय द्वारा प्राप्त ज्ञान, जिसके लिए पहले वज्दान (Intuition) का शब्द प्रयोग होता था। एक अन्य स्थान पर वे माइकल हार्ट की पुस्तक “The 100” से हज़रत मुहम्मद ﷺ के बारे में उल्लेख करते हैं-

“He was the only man in History who was Supremely Successful on both the Religious and Secular Levels”

      आप रमज़ानुल मुबारक में नमाज़-ए-तरावीह में पढ़ी जाने वाली आयात की तफ़सीर बयान किया करते थे। एक संक्षिप्त लेख में आपकी व्यक्तित्व, वैज्ञानिक व साहित्यिक विशेषताओं और कुरआनी सेवाओं का समावेश करना अत्यंत कठिन है — आपके व्यक्तित्व पर कई पुस्तकें और शोध-पत्र लिखे जा चुके हैं। डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह ने अरस्तू के निगमनात्मक तर्क (Deductive Knowledge) और कुरआन के आगमनात्मक तर्क (Inductive Knowledge) का परीक्षण भी किया है। एक अन्य स्थान पर आप बहिर्मुखी (Extroverts), अंतर्मुखी (Introverts) और संतुलित व्यक्तित्व (Ambiverts) के स्वामी लोगों का उल्लेख करते हैं।सूरतुल हदीद से डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह को विशेष प्रेम था और वे इसकी तफ़सीर बयान करते हुए एक विशेष आध्यात्मिक अवस्था में डूब जाते थे।

इस सूरत की तरतीब और तदवीन के पश्चात इसे “उम्मुल मुसब्बिहात” शीर्षक से पुस्तक रूप में मकतबा ख़ुद्दामुल कुरआन, लाहौर ने प्रकाशित किया है। डॉक्टर साहब ने अंग्रेज़ी भाषा में भी व्याख्यान रिकॉर्ड करवाए और आपकी अनगिनत पुस्तकों का अंग्रेज़ी भाषा में भी अनुवाद हो चुका है — ताकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कुरआन की शिक्षा और उसका सार्वभौमिक संदेश पहुँच सके। डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह ने वहदतुल वजूद, वहदतुश शुहूद, इल्मुल कलाम और अन्य महत्वपूर्ण इस्लामी विषयों पर भी अपने व्याख्यानों और रचनाओं में भलीभाँति अपने विचार व्यक्त किए हैं।

डॉक्टर इसरार अहमद 14 अप्रैल 2010 को लगभग 78 वर्ष की आयु में लाहौर में अपने खालिक ए हकीकी  से जा मिले। किंतु आपका मिशन जारी है और उसमें दिन-प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। आप लगभग 60 वर्षों तक कुरआन और इस्लाम की सेवा करते रहे। डॉक्टर ज़ाकिर नाइक के अनुसार डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह उर्दू भाषा के सबसे महान मुफ़स्सिर-ए-कुरआन थे। आज जबकि आपको इस दार-ए-फ़ानी से विदा हुए लगभग दस वर्ष का समय बीत चुका है, आज भी हमारे समाज के सभी वर्गों में विशेषकर वैज्ञानिक और धार्मिक हलकों में आपको अत्यंत सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। डॉक्टर इसरार अहमद रहमतुल्लाह अलैह की विचारधारा जीवित है और क़यामत तक जीवित रहेगी। अल्लामा इक़बाल रहमतुल्लाह अलैह के शब्दों में —

आसमाँ होगा सहर के नूर से आईना-पोश

और ज़ुल्मत रात की सीमाब-पा हो जाएगी

फिर दिलों को याद आएगा पैग़ाम-ए-सुजूद

फिर जबीं ख़ाक-ए-हरम से आशना हो जाएगी

सम्पादकीय नोट ; इस लेख को "मुस्कान" द्वारा हिंदी में अनुवादित किया गया है, अनुवादक जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली में शोधार्थी हैं।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here