रिपोर्ट : उवैस सिद्दीक़ी
नई दिल्ली : जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए कई कोर्सेज की फीस में बढ़ोतरी की है। फीस वृत्ति में ये अचानक बढ़ोतरी पिछले शैक्षणिक वर्ष के मुकाबले लगभग 16% से 41% तक की गई है। विश्वविद्यालय के हालिया प्रोस्पेक्टस में इस बात का जिक्र किया गया है। साथ ही इसमें ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के की कोर्सेज शामिल हैं।
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार सामाजिक विज्ञान के कई कोर्सेज जैसे राजनीति विज्ञान में MA और BA (ऑनर्स), Bcom (ऑनर्स) और चार वर्षीय BA (Multidisciplinary) सहित जैसे कोर्सेज की फीस जो पहले 7,425 रुपये थी, अब 9,875 रुपये प्रति वर्ष कर दी गई। यानी लगभग 32.99% की बढ़ोतरी।
फ़ारसी विभाग में 41.41% बढ़ोतरी देखने को मिली है, फीस 6,700 रुपये से बढ़कर 9,475 रुपये हो गई है। अरबी विभाग में 37.15% की बढ़त है, फीस 7,200 रुपये से बढ़कर 9,875 रुपये हुई है।
भाषा के अलावा प्रोफेशनल कोर्सेज की फीस वृद्धि में भी खासी बढ़ोतरी हुई है। BTech प्रोग्राम्स की फीस जो बीते वर्ष 16,150 रुपये थी वो अब बढ़कर 19,225 रुपये प्रति वर्ष हो गई है, जो कि 19.04% की बढ़ोतरी है। जबकि MTech कार्यक्रमों की फीस में भी 16.48% बढ़ोतरी देखने को मिली है।
आउटलुक की एक रिपोर्ट के मुताबिक फीस में बढ़ोतरी के अलावा, विश्वविद्यालय ने 14 नए पाठ्यक्रम शुरू करने की भी घोषणा की है और प्रवेश के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) स्कोर के उपयोग का विस्तार किया है।
इस वर्ष, 25 कार्यक्रमों – जिनमें नौ स्नातक, पाँच स्नातकोत्तर, आठ डिप्लोमा और तीन उन्नत डिप्लोमा पाठ्यक्रम शामिल हैं – में CUET मेरिट के आधार पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 20 थी।









