खालिद जावेद : उर्दू साहित्य का जादूगर

0
1531
CV PHOTO
CV PHOTO

अब्दुल मुकीत ✍️ 

उर्दू साहित्य में ऐसे लेखक कम ही हैं जिनकी रचनाएँ जीवन दर्शन से ओतप्रोत हों। जो अस्तित्वगत(वजूदी) समस्याओं को अपने तरीके से प्रस्तुत करते हैं। ख़ालिद जावेद उर्दू कथा(फ़िकशन) लेखक हैं, जिनका कथा साहित्य उस मनुष्य के लिए लिखा गया है जो अनादि काल से ही विनाश के विरुद्ध खड़ा रहा है। ख़ालिद जावेद ऐसी कहानियां लिखते हैं जो लोगों को असहज कर देती हैं और अंदर तक झकझोर देता है।

ख़ालिद जावेद की साहित्यिक हैसियत का अंदाज़ा लगाने के लिए इतना ही काफी है कि वे एकमात्र उर्दू कथाकार हैं जिनके उपन्यास के अंग्रेज़ी अनुवाद को देश के प्रमुख साहित्यिक पुरस्कारों में से एक से सम्मानित किया गया। उनकी कई लघु कथाएँ और उपन्यास देश-विदेश के विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल हैं। न केवल उर्दू विद्वानों, बल्कि हिंदी, अंग्रेज़ी और समाजशास्त्र के विद्वानों ने भी उनकी कला और व्यक्तित्व पर एमफिल और पीएचडी शोध लिखे हैं। उपमहाद्वीप के हर प्रमुख आलोचक ने ख़ालिद जावेद के उपन्यासों की प्रशंसा की है। ख़ालिद जावेद के उपन्यासों को जानने से पहले उनकी पारिवारिक और शैक्षिक जीवन पर एक नज़र डालते हैं।

ख़ालिद जावेद का जन्म 9 मार्च 1963 को बरेली (उत्तर प्रदेश) में हुआ था। उनके पिता मुहम्मद वली खान एक ज़मींदार परिवार से थे। उनमें साहित्यिक रुचि थी। ख़ालिद जावेद को बचपन से ही साहित्यिक माहौल मिला, जहां कहानियां और उपन्यास पढ़ना और सुनाना उनका सामान्य दिनचर्या था। उनके पिता उन्हें इब्न सफ़ी के उपन्यास पढ़ कर सुनते थे। ख़ालिद जावेद को ननिहाल से साहित्यिक धरोहर भी प्राप्त हुई। उनकी मां कैसर जहान एक साहित्यिक परिवार से थीं। कैसर जहाँ कैसर बदायूंनी नाम के तख़ल्लुस से कविता लिखती थी। उनके मामा अबुलफ़ज़ल सिद्दीकी एक लघु कथाकार थे। खाला फातिमा अनीस और फातिमा जलीस भी उपन्यासकार थीं। इस माहौल का ही नतीजा था कि ख़ालिद जावेद का स्वभाव भी साहित्य की ओर मुड़ गया। ख़ालिद जावेद ने अपनी पहली कहानी ‘टिक टिक-20’ तब लिखी थी जब वह सिर्फ 8 साल के थे।

ख़ालिद जावेद ने बीएससी, एमए (दर्शनशास्त्र), एमए उर्दू, एमबीए और पीएचडी की है। उन्होंने पांच साल तक बरेली कॉलेज में दर्शनशास्त्र पढ़ाया। वह एक वर्ष तक दिल्ली विश्वविद्यालय में शोध सहयोगी रहे। उन्होंने 2001 में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से पीएचडी की डिग्री प्राप्त की। उनके शोध का विषय ‘उर्दू आलोचना पर पश्चिमी दर्शन का प्रभाव’ था। 

ख़ालिद जावेद पर साहित्यिक माहौल का इतना प्रभाव था कि वे बचपन में ही रचनात्मक दबाव में कुछ न कुछ लिखने को मजबूर हो जाते थे। यह रचनात्मक दबाव इतना अधिक था कि यदि उनके पास अपने विचारों और भावनाओं को लिखने के लिए सादा कागज़ नहीं होता था, तो वे सिगरेट के पैकेट के अंदर सादे कागज़ पर अपने विचारों को शब्दों के रूप में उड़ेल देते थे। छोटी सी उम्र में ही उन्होंने ‘कोहरा’ नामक एक जासूसी उपन्यास भी लिखा था। जिस में उनके सहपाठी पात्र थे।

ख़ालिद जावेद लोगों के दर्द को बहुत अच्छी तरह से समझ लेते हैं। इस दर्द की पीड़ा से विवश होकर उन्होंने सड़क पर बैठकर ‘कोबड़ा’ कहानी लिखी। ‘कोबड़ा’ एक रचनात्मक कृति है जो जादवपुर विश्वविद्यालय और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में एमए उर्दू पाठ्यक्रम में शामिल है। ख़ालिद जावेद की कला और कृतियों की उपमहाद्वीप के हर प्रमुख आलोचक ने प्रशंसा की है। शम्स-उर-रहमान फ़ारूक़ी, शमीम हनफ़ी, वारिस अल्वी, अतीकुल्लाह, आसिफ़ फ़ारुखी, शकील-उर-रहमान और शिकोह मोहसिन मिर्ज़ा जैसे आलोचकों ने ख़ालिद जावेद के कला की प्रशंसा की है।

ख़ालिद जावेद के कथा लेखन पर प्रोफेसर शमीम हनफ़ी लिखते हैं कि, “ख़ालिद जावेद की कहानियों में, कथात्मक स्तर पर आम तौर पर दो कहानियाँ एक साथ चलती हैं। एक वह है जो हमारे सामने की दुनिया से संबंधित है और जिसकी अभिव्यक्तियाँ हमारे दैनिक जीवन में शामिल हैं और दूसरा वह है, जिस तक पहुँचने के लिए हमें अपने परिचित परिवेश के घेरे को तोड़ना पड़ता है। अपने समकालीनों के विपरीत, ख़ालिद जावेद केवल वही देखने से संतुष्ट नहीं हैं जो दिखाई देता है। वे अपने पात्रों और उन पात्रों के माध्यम से घटित होने वाली घटनाओं के माध्यम से मानवीय स्थिति के छिपे हुए और रहस्यमय कोनों और स्तरों तक पहुंचने का प्रयास करते हैं।”

ख़ालिद जावेद मानवीय मुद्दों पर बड़ी सहजता से लिखने के लिए जाने जाते हैं। केवल राजनीतिक और ऐतिहासिक जागरूकता वाले पाठक ही उनके उपन्यासों और लघु कथाओं का आनंद ले सकते हैं। 

ख़ालिद जावेद को भी अपने लेखन के कारण विरोध का सामना करना पड़ रहा है। पटना की एक पत्रिका ने उनके उपन्यास ‘मौत की किताब’ के खिलाफ पूरा एक अंक प्रकाशित किया था, लेकिन ख़ालिद जावेद कहते हैं कि उनको अपने लेखन के विरोध से नया उत्साह और प्रोत्साहन मिलता है। वे विरोधियों को अपनी ताकत मानते हैं। ख़ालिद जावेद कुछ भी लिखने से पहले विषय पर गहन शोध करते हैं। ‘मौत की किताब’ उपन्यास लिखने से पहले ख़ालिद जावेद ने कई पागलखानों का दौरा किया और काफी शोध किया।

2022 में उनके उपन्यास ‘नेमत खाना’ के अंग्रेजी अनुवाद ‘द पैराडाइज ऑफ फूड’ को जेसीबी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ‘नेमत खाना’ का अंग्रेजी अनुवाद बारां फ़ारूक़ी ने किया है। जेसीबी पुरस्कार ‘नोबेल’ और ‘बुकर पुरस्कार’ के बाद सर्वोच्च साहित्यिक पुरस्कार है।

उनकी कृतियों में ‘बुरे मौसम में’ कहानी संग्रह, ‘आखरी दावत’, कहानी संग्रह, ‘तफ़रीह की एक दोपहर’ कहानी संग्रह, ‘मौत की किताब’ उपन्यास, ‘एक खंजर पानी में’, ‘तीन कहानियाँ’, कहानी संग्रह, ‘अरसलान और बेहज़ाद’ उपन्यास, ‘यह किसका ख़वाब तमाशा है’ मिलान कुंडेरा (आलोचना), ‘गाबरेल गार्सिया मार्केज़’, कला और व्यक्तित्व, ‘सत्यजीत रे की कहानियाँ’ अनुवाद और ‘हिंद स्वराज’ (गांधीजी की पुस्तक का उर्दू अनुवाद) शामिल हैं।

ख़ालिद जावेद की लघु कथाओं और उपन्यासों का हिंदी और अंग्रेज़ी के अलावा फ्रेंच और स्पेनिश में भी अनुवाद किया गया है। ख़ालिद जावेद की कई कहानियाँ और उपन्यास विदेशों के प्रमुख विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल हैं। ‘आख़री दावत’ प्रिंसटन विश्वविद्यालय न्यू जर्सी, संयुक्त राज्य अमेरिका, दक्षिण एशियाई अध्ययन विभाग के पाठ्यक्रम में शामिल है। उपन्यास ‘नेमत खाना’ पेरिस स्कूल ‘अनाल्को’ के उर्दू विभाग पाठ्यक्रम में शामिल है। 

ख़ालिद जावेद अपनी लेखन को और बेहतर बनाने में सक्रिय हैं। उन्होंने जो कुछ भी लिखा है, वह स्वयं को खोजने की तलाश में लिखा है। ख़ालिद जावेद को इस बात का मलाल है कि वह अभी तक वह नहीं लिख पाए हैं जो वह लिखना चाहते हैं।

(नोट: खालिद जावेद उर्दू साहित्य में एक बड़ा नाम है, पिछले 25 सालों से जामिया मिल्लिया इस्लामिया जैसी प्रतिष्ठित संस्थान ने आप ने अध्यापन कार्य किया। हाल ही में खालिद जावेद अपने अध्यापन कार्य से रिटायर हुए हैं। इस प्रकार खालिद जावेद 28 साल से अधिक का समय देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शिक्षण कार्य के रूप में दिए।)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here