मुस्लिम महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी पर उत्पन्न राष्ट्रीय प्रतिक्रिया, न्यायिक हस्तक्षेप, और लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका की व्यापक समीक्षा|

विजय शाह का विवादित बयान, जिसमें उन्होंने भारतीय मुसलमानों के देशप्रेम पर चुनौती दी लगाया, न केवल तथ्यहीन है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को क्षति पहुँचाने वाला भी है। ऐसे बयान जनमानस में भ्रम, अविश्वास और द्वेष को जन्म देते हैं। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए न केवल कानूनी दृष्टिकोण से हस्तक्षेप किया, बल्कि यह स्पष्ट किया कि देशप्रेम किसी एक समुदाय की बपौती नहीं हो सकती। यह सभी नागरिकों का संवैधानिक और नैतिक दायित्व है।

0
1078
Opration Sindoor
Opration Sindoor

साहेब ए आलम अंसारी

 प्रयागराज, उत्तर प्रदेश 

भारत एक बहुसांस्कृतिक और बहुजातीय राष्ट्र है, जहाँ अनेक धर्म, भाषाएँ और संस्कृतियाँ सदियों से सौहार्दपूर्ण सह-अस्तित्व में रही हैं। इस विविधता की समृद्ध परंपरा में भारतीय मुसलमानों का योगदान अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहा है। चाहे वह भारत के निर्माण की प्रक्रिया हो या उसकी निरंतर प्रगति—मुसलमानों ने हर मोर्चे पर अपनी विशिष्ट भूमिका निभाई है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि उन्होंने सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और सैन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित की है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज़ादी के बाद के भारत तक, मुसलमानों ने न केवल चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना किया, बल्कि देश के विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभाई है।

भारतीय समाज के हर क्षेत्र में मुसलमानों की उपस्थिति और भागीदारी रही है, विशेषकर भारतीय सेना में उनका योगदान अविस्मरणीय है। वे न केवल रणभूमि में अपनी वीरता के लिए प्रसिद्ध हैं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में भी उनका योगदान महत्त्वपूर्ण है। भारत की स्वतंत्रता और सम्प्रभुता की रक्षा के लिए अनेक मुसलमान सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी जैसी साहसी सैन्य अधिकारी इस विरासत की प्रतिनिधि हैं, जिनके अद्वितीय समर्पण और देशप्रेम को इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित किया गया है। उन्होंने यह सिद्ध किया कि देशप्रेम न केवल एक भावना है, बल्कि एक कर्मठ जीवनशैली भी है, जो सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा बन सकती है।

दुर्भाग्यवश, देश में कुछ ऐसे तत्व भी सक्रिय हैं जो इस गौरवशाली इतिहास को विकृत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं। विजय शाह का विवादित बयान, जिसमें उन्होंने भारतीय मुसलमानों के देशप्रेम पर चुनौती दी लगाया, न केवल तथ्यहीन है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को क्षति पहुँचाने वाला भी है। ऐसे बयान जनमानस में भ्रम, अविश्वास और द्वेष को जन्म देते हैं। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए न केवल कानूनी दृष्टिकोण से हस्तक्षेप किया, बल्कि यह स्पष्ट किया कि देशप्रेम किसी एक समुदाय की बपौती नहीं हो सकती। यह सभी नागरिकों का संवैधानिक और नैतिक दायित्व है।

यह लेख इसी संवेदनशील विषय को केंद्र में रखकर लिखा गया है। इसका उद्देश्य समाज में फैली भ्रांतियों का निवारण करना और भारतीय मुसलमानों के देशप्रेम को तटस्थ व सत्य परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करना है। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम सभी मिलकर एक समावेशी, न्यायपूर्ण और सौहार्दपूर्ण भारत की कल्पना को साकार करें—एक ऐसा भारत, जहाँ हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्राप्त हो। सच्चा देशप्रेम धर्म, जाति, भाषा या समुदाय की सीमाओं से परे होता है; वह एकजुटता, करुणा और समानता की भावना में निहित होता है।

इस लेख के माध्यम से हम मुसलमानों के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान, उनके देशप्रेम की प्रेरक मिसालें, विवादित वक्तव्यों पर न्यायिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं, तथा एक समावेशी और प्रगतिशील भारत की दिशा में आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। हमारा उद्देश्य यह है कि प्रत्येक पाठक इस लेख के अंत में यह महसूस कर सके कि भारत के मुसलमान न केवल उसके रक्षक हैं, बल्कि वे उसके भविष्य के निर्माता भी हैं।

भारत के स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण, विज्ञान, साहित्य, खेल और रक्षा क्षेत्र का इतिहास तब तक पूर्ण नहीं हो सकता जब तक उसमें भारतीय मुसलमानों के योगदान का उल्लेख न हो। 1857 ई॰ की क्रांति में बहादुर शाह ज़फर से लेकर ख़िलाफ़त आंदोलन के दौर में मौलाना आज़ाद, मौलाना मोहम्मद अली और मौलाना शौकत अली तक, मुसलमानों ने न केवल राजनीतिक रूप से, बल्कि आध्यात्मिक चेतना से भी स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी।

स्वतंत्र भारत में डॉ॰ ज़ाकिर हुसैन जैसे शिक्षाविद राष्ट्रपति बने, डॉ॰ ए॰पी॰जे॰ अब्दुल कलाम जैसे वैज्ञानिकों ने भारत को विज्ञान और रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दिया, और संविधान सभा में मुस्लिम प्रतिनिधियों ने समानता और धर्मनिरपेक्षता के पक्ष में आवाज़ बुलंद की। यह स्पष्ट करता है कि भारत की समावेशी संरचना में मुसलमानों की भूमिका बुनियादी और निर्माणात्मक रही है।

सैन्य दृष्टिकोण से देखें तो भारतीय सेना में मुसलमानों की उपस्थिति ऐतिहासिक और गर्वपूर्ण रही है। प्रथम और द्वितीय विश्व युद्धों में मुस्लिम सैनिकों ने ब्रिटिश इंडियन आर्मी में बहादुरी से हिस्सा लिया। स्वतंत्रता के बाद भी, सियाचिन की बर्फ़ीली चोटियों से लेकर कश्मीर के आतंकग्रस्त इलाक़ों तक, भारतीय मुसलमान सैनिक निष्ठा से सेवा दे रहे हैं।

सिग्नल कोर, आर्टिलरी, इन्फैंट्री, इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसी शाखाओं में उनकी उपस्थिति सतत और प्रभावशाली रही है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों, आपदा राहत अभियानों और आतंकवाद विरोधी अभियानों में भी अग्रणी भूमिका निभाई है। यह सब दर्शाता है कि मुसलमान भारतीय सेना के प्रति पूरी निष्ठा, समर्पण और योगदान के साथ जुड़े हुए हैं।

इस व्यापक पृष्ठभूमि में कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी का व्यक्तित्व और भी विलक्षण बन जाता है। गुजरात के वडोदरा में जन्मी और सेना पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाली सोफ़िया ने विज्ञान की पढ़ाई के बाद 1999 में सेना में अधिकारी के रूप में प्रवेश किया। 2006 में वह संयुक्त राष्ट्र मिशन के अंतर्गत कांगो में सैन्य पर्यवेक्षक बनीं।

2016 में “फ़ोर्स 18” बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारत का नेतृत्व करने वाली वह पहली महिला अधिकारी बनीं। यह गौरव की बात है कि उस अभ्यास में 18 देशों के प्रतिनिधियों के बीच वह एकमात्र महिला कमांडर थीं।

2025 के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में बतौर मुख्य सैन्य प्रवक्ता उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनकी व्यावसायिक दक्षता, रणनीतिक सोच और नेतृत्व क्षमता ने राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें प्रशंसा दिलाई। एक मुस्लिम महिला सैन्य अधिकारी के रूप में उन्होंने समाज की अनेक रूढ़िवादिताओं को तोड़ा और यह संदेश दिया कि कर्तव्य और राष्ट्रप्रेम किसी लिंग की सीमाओं में बंधे नहीं होते। उनका साहस और नेतृत्व नई पीढ़ी, विशेषकर मुस्लिम युवतियों को सेना और रक्षा क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी का जन्म 1981 में गुजरात के वडोदरा शहर में एक मुस्लिम परिवार में हुआ। उनके परिवार में देशसेवा की गहरी परंपरा रही है। उनके पिता, ताज मोहम्मद, भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जिन्होंने कई वर्षों तक राष्ट्र की सेवा की। उनके दादा भी सेना में धार्मिक शिक्षक के रूप में कार्यरत रहे और 1971 के भारत-बांग्लादेश युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी माँ, हलीमा क़ुरैशी, एक समर्पित शिक्षिका हैं, जिन्होंने शिक्षा को जीवन का सर्वोपरि उद्देश्य माना। सोफ़िया की जुड़वां बहन, शायना सुनसारा, मुंबई में एक फ़िल्म प्रोडक्शन हाउस की संचालक हैं। इस प्रेरक और विविधता से भरपूर परिवार में पली-बढ़ी सोफ़िया के मन में बचपन से ही देशप्रेम और सेना में सेवा करने की तीव्र इच्छा जागृत हुई।

उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, वडोदरा से प्राप्त की। विज्ञान में उनकी विशेष रुचि थी, और वे शुरुआत में वैज्ञानिक बनने का सपना देखती थीं। उन्होंने महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, वडोदरा से रसायन विज्ञान में स्नातक और बायोकेमिस्ट्री में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। उनका सपना था कि वे एक दिन डॉ॰ ए॰पी॰जे॰ अब्दुल कलाम के साथ कार्य करें।

परंतु वर्ष 1999 में, मात्र 18 वर्ष की आयु में, उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का फैसला किया। सिग्नल कोर में शामिल होकर उन्होंने सैन्य संचार और साइबर युद्ध के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल की। महू स्थित मिलिट्री कॉलेज ऑफ़ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग से टेक्निकल स्टाफ़ ऑफ़िसर्स कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया, जहाँ उनके नेतृत्व और तकनीकी कौशल की सराहना हुई।

कर्नल सोफ़िया ने अपने सैन्य करियर में कई प्रतिष्ठित प्रशिक्षण और अभियानों में भाग लिया। वर्ष 2005-06 में उन्होंने वेलिंग्टन स्थित डिफ़ेंस सर्विसेज़ स्टाफ़ कॉलेज से रक्षा और रणनीतिक अध्ययन में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। 2013 में आर्मी वॉर कॉलेज, महू से हायर कमांड कोर्स पूरा कर लेफ्टिनेंट कर्नल बनीं। 2018 में नई दिल्ली के नेशनल डिफ़ेंस कॉलेज से स्ट्रैटेजिक साइबर सिक्योरिटी में प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिसके बाद उन्हें कर्नल पद पर पदोन्नत किया गया। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि 2006 में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत कांगो में सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त होना है। वे इस मिशन में तैनात पहली भारतीय महिला सैन्य अधिकारी रहीं। वहाँ उन्होंने सुरक्षा सुनिश्चित की और स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास व राहत कार्यों का संचालन किया।

2016 में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर रहते हुए, उन्होंने पुणे में “फ़ोर्स 18” बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना के 40-सदस्यीय दल का नेतृत्व किया। इस अभ्यास में आसियान प्लस देशों के प्रतिनिधि शामिल थे, और सोफ़िया इस मिशन की एकमात्र महिला कमांडर थीं। यह उपलब्धि महिला सैन्य अधिकारियों के बढ़ते योगदान का प्रमाण है।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर, पंजाब, तमिलनाडु सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी विशेषज्ञता सैन्य संचार, साइबर युद्ध और रणनीतिक योजना में रही। आतंकवाद-रोधी अभियानों, आपदा राहत और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।

2015 में कर्नल सोफ़िया ने कर्नल ताजुद्दीन बागेवाड़ी से विवाह किया, जो भारतीय सेना की मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री शाखा के अधिकारी हैं। वे कर्नाटक के बेलगावी ज़िले के गोकक तालुका के कुन्नूर गाँव के निवासी हैं।

सोफ़िया और ताजुद्दीन ने सेना के विभिन्न कैंपों में साथ काम किया और संतुलित पारिवारिक जीवन व्यतीत किया। उनका एक बेटा है, समीर, जो भारतीय वायुसेना में शामिल होने की तैयारी कर रहा है। उसकी परवरिश भी अनुशासन और देशप्रेम की भावना से हुई है, जो उसके माता-पिता में समाई है।

उनकी जुड़वां बहन शायना कहती हैं कि सोफ़िया बचपन से ही अनुशासित और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत थीं। उन्होंने परिवार की वीर गाथाएँ सुनीं और जीवन में उन्हें आत्मसात किया। सोफ़िया ने साबित किया कि सेना केवल पुरुषों का क्षेत्र नहीं है। एक मुस्लिम महिला के रूप में उन्होंने सामाजिक सीमाओं को चुनौती दी।

उनका जीवन उन सभी युवतियों के लिए प्रेरणा है जो सोचती हैं कि सेना केवल पुरुषों के लिए है। कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी ने यह संदेश दिया कि कर्तव्य, नेतृत्व और देशसेवा में जाति, धर्म या लिंग मायने नहीं रखते — केवल समर्पण होता है।

उपलब्धियाँ और प्रभाव

• महिला नेतृत्व की मिसाल: कर्नल सोफ़िया ने महिलाओं के लिए सेना में स्थायी कमीशन और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रवेश के अधिकार दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

• साइबर युद्ध की विशेषज्ञता: उन्होंने भारतीय सेना की साइबर युद्ध क्षमताओं को मजबूत किया, जिससे आंतरिक सुरक्षा और सीमापार खतरे दोनों से निपटने में मदद मिली।

• राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान: ऑपरेशन सिंदूर में उनके नेतृत्व के लिए उन्हें कई सम्मान मिले। उन्हें “नारी शक्ति” का प्रतीक माना गया।

• समाज में प्रेरणा: कर्नल सोफ़िया ने सिद्ध किया कि धर्म, जाति या लिंग किसी भी देशप्रेम की राह में बाधा नहीं बन सकता। उन्होंने सैन्य क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को विस्तार दिया।

नोट: इस लेख का दूसरा (अंतिम) भाग छात्र विमर्श (Vimarsh.org) पर जल्द ही प्रकाशित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here