हैदर अली अंसारी
हमारे मुल्क मे जन्नत कहलाने वाले कश्मीर के पहलगाम मे घटित आतंकी घटना से आज पूरा मुल्क दुखी, परेशान, और आक्रोशित है। पूरा कश्मीर अपनी नम आँखों से शहीदों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं वयक्त कर रहा है।
मोदी सरकार द्वारा इस आतंकी घटना के बाद लिए गए सभी कठोर फैसलों की सराहना की जानी चाहिए और मैं हुकुमत की जानिब से लिए गए सभी फैसलों पर अपना समर्थन वयक्त करता हूं।
मीडिया मे चल रही न्यूज और डिबेट देख कर हमे यह भी याद रखना चाहिए कि उन आतंकवादियो ने हमारे लोगों को मारते हुए (मजहब पूछा, कलमा पढ़ने के लिए कहा और मजहब पूछ कर गोली मार दी गई। औरतों को छोड़ दिया गया।) जिसके पीछे उनका जो मकसद नजर आता है वो साफ तौर पर समझा जा सकता है। उनका बेगुनाह निहत्थे लोगों के कत्ल के साथ साथ हमारे मुल्क के अमन, भाइचारे के माहौल को खत्म करना, कश्मीर की शांति को खत्म करना है और इस देश में कश्मीरी लोगों के प्रति धार्मिक नफरत फैलाना है। लेकिन उनकी इन साज़िशों को कश्मीर की अवाम ने कामयाब नहीं होने दिया।
हमले मे टूरिस्ट्स को बचाने के लिए सैयद आदिल हुसैन अपनी जान का नजराना पेश कर देता है और टूरिस्ट्स की जान बचाते हुए शहीद हो जाता है। ठीक उसी तरह छत्तीसगढ़ के एक कपड़ा व्यापारी नजाकत अली द्वारा 11 लोगों की जान बचाई जाती है। एक कश्मीरी मुस्लिम ड्राइवर आदिल द्वारा भी लोगों की जान बचाने की जद्दोजहद की जाती है। यह सब वीडियो जिनकी इस घटना मे जान बचाई गई उनके द्वारा जारी हुए और सोशल मीडिया पर जारी हुए। पहलगाम और कश्मीर की मस्जिदों को आम नागरिकों/ सैलानियों की आसानी के लिए खोल दिया। मस्जिदों से घटना की कड़ी निंदा का एलान हुआ। वहाँ की जनता की तरफ से कैंडल मार्च किया गया। यह सब यह व्यक्त करता है कि पूरे मुल्क का मुसलमान इस घटना की कड़ी मजम्मत करता है। और अपनी नम आँखों से शहीदों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना वयक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। लेकिन बावजूद इन सब के जब कुछ मीडिया चैनल द्वारा मुस्लिम समाज के लोगों को टार्गेट करते हुए, उसके मानने वाले सभी लोगों के प्रति नफरत बढ़ाने, मजहब को बदनाम करने का नेरेटिव चलाया जाता है तो दिल दुखी भी होता है।
मजहब ए इस्लाम की तालीम के अनुसार साफ तौर पर मुसलमानों का यह ईमान है कि जिसने किसी एक बेगुनाह का कत्ल किया उसने पूरी इंसानियत का कत्ल किया और जिसने किसी एक बेगुनाह को बचाया उसने पूरी इंसानियत को बचाय। जिस मजहब में जालिम के खिलाफ उसके जुल्म को रोकने का साफ तौर पर हुक्म दिया गया हो वहाँ आप कुछ घटनाओ और कुछ जालिमों को आधार बना कर पूरे मजहब और उसके मानने वालों को कठघरे मे खड़ा नहीं कर सकते हैं।
अगर आप ऐसा कर रहे हैं तो यह याद रखें कि आप उन आतंकवादियों के मकसद को पूरा कर रहे हैं जिसके लिए उन्होंने घटना को अंजाम दिया और जान बुझ कर इस तरह का संदेश दिया। मजहब पूछ कर कत्ल किया ताकि धार्मिक तनाव बढ़ सके।
आतंक का कोई मजहब नहीं होता है जो इंसान निहत्थे, बेगुनाह लोगों पर गोलियां बरसाता है वो तो मेरी निगाह में इंसान नहीं। मैं उसे शैतान कहूँगा और शैतान का कोई धर्म नहीं होता।
आपको यहां यह भी याद रखना चाहिए कि आज कश्मीर की अवाम सबसे ज्यादा दुखी हैं उनके पास अपनी जीविका चलाने, अपने बच्चों का पालन पोषण करने के लिए अर्थात उनका रोजगार पूरी तरह से सैलानियों/ पर्यटकों पर टिका हुआ है। आज पूरी कश्मीर घाटी मौन,सुनसान, शांत, दुखी और परेशान है। वहाँ की अवाम पूरी तरह से शांति चाहती है और सम्पूर्ण समाज हिन्दुस्तान के साथ खड़ी है। यह सब चीजे नापाक मुल्क पाकिस्तान को, वहाँ के दहशत गर्द लोगों को हजम नहीं हो रही। इसीलिए हमें भी कश्मीर की अवाम के प्रति अपना नजरिया बदलना पड़ेगा हमे खुद अपनी जन्नत को बचाना है। उसे बर्बाद नहीं होने देना है
जब सोन्मर्ग मे हज़ारों लोग फंसे हुए थे तब यही कश्मीरी लोग अपने घरों, मस्जिदों, दरगाहों और अपने दिलों के दरवाजे खोल कर अपने मुल्क की अवाम के साथ खड़े हो जाते हैं। कश्मीरियत का यही धर्म है कि वह अपने मुल्क के मेहमानों का स्वागत खुले दिल से करते हैं।
पूरे मुल्क मे हर मुस्लिम नौजवान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए से इस घटना की मजम्मत कर रहा है, पूरा मुल्क अपनी नम आँखों से शहीद परिवारों के प्रति अपना दुख वयक्त कर, शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
हर जालिम को अपने जुल्म की सजा भुगतनी है। इस दुनिया मे भी और परलोक मे भी। खुदा की अदालत मे वो बच नहीं सकते हैं। दहशत गर्द लोगों को जितनी सख्त सजा दे सकते हैं देना चाहिए और पूरी दुनिया से आंतक और दहशत गर्दी का खात्मा होना चाहिए।
मैं अपनी जानिब से नम आँखों के साथ देश के शहीद हुए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। उनके परिवार के साथ एकजुटता दिखाए हुए ईश्वर से कामना करता हूं कि ईश्वर उनको इस मुश्किल घड़ी मे इस बड़े दुख और दर्द को सहन करने की शक्ति प्रदान करे! अमीन!
मांगरोल बारां राजस्थान










