तुम्हारी तहज़ीब अपने ख़ंजर से आप ही ख़ुदकुशी करेगी

पश्चिमी सोच ने अक़्ल और ख्वाहिशात को तवज्जो दी मगर रूह की तस्कीन और पाकीज़गी को भुला दिया। नतीजा यह है कि आज का नौजवान भावनात्मक रूप से कमजोर, रूहानी तौर पर खाली और ज़ेहनी तौर पर बिखरा हुआ है। दुनिया के मनोवैज्ञानिक भी मान रहे हैं कि oversexualization ने मानसिक स्वास्थ्य को तबाह कर दिया है। डिप्रेशन, तन्हाई और खुदकुशी के बढ़ते मामले इसी तहज़ीबी ज़हर के नतीजे हैं।

0
573
Haya is life
Haya is life

जावेद कुरैशी 

आज की दुनिया एक गहरे सभ्यतागत संकट (Civilizational Crisis) से गुजर रही है। तरक़्क़ी, विज्ञान और तकनीक के शोर में इंसानियत की रूह धीरे-धीरे दम तोड़ रही है। आज जो सभ्यता आज़ादी और प्रगति के नाम पर खड़ी की गई है, वह बाहर से चमकदार है मगर अंदर से खोखली। यही वह تہज़ीब है जिसके बारे में शायर-ए-मशरिक़ अल्लामा इक़बाल ने बहुत पहले चेतावनी दी थी—

“तुम्हारी तहज़ीब अपने ख़ंजर से आप ही ख़ुदकुशी करेगी,

जो शाख़-ए-नाज़ुक पर आशियाना बनेगा, नापायेदार होगा।”

यह शेर दरअसल उस सभ्यतागत आत्महत्या का प्रतीक है जो इंसान के अंदर के संतुलन — यानी हया (लज्जा) — के खोने से शुरू होती है। इस्लामी दृष्टिकोण में इंसान सिर्फ़ शरीर नहीं, बल्कि अक़्ल (बुद्धि) और फ़ितरत (प्रकृति) का सुंदर संगम है।

क़ुरआन कहता है:

“وَنَفْسٍ وَمَا سَوَّاهَا، فَأَلْهَمَهَا فُجُورَهَا وَتَقْوَاهَا”

(सूरह अश-शम्स 7–8)

अर्थात् — “क़सम है उस जान की जिसे उसने सँवारा, और उसे उसकी बुराई और भलाई दोनों का इल्हाम दिया।”

इससे साफ़ होता है कि अल्लाह ने इंसान के अंदर भलाई और बुराई की पहचान, और ज़मीर की आवाज़ रख दी है — यही चीज़ उसे जानवर से अलग बनाती है और एक बाशऊर, बाशराफ़ इंसान बनाती है।

मगर जब इंसान अपनी इसी फ़ितरत के सोते से कट जाता है तो तबाही तय है।

हया सिर्फ़ लिबास का नाम नहीं है, यह रूह की हिफ़ाज़त है।

यह इंसान के ज़मीर को ज़िंदा रखती है, निगाह को पाक रखती है और समाज को नैतिक मज़बूती देती है।

आज जिसे “आज़ादी”, “सेल्फ़ कॉन्फ़िडेंस” या “एक्सप्रेशन” कहा जा रहा है, वह दरअसल बेहयाई का तहज़ीबी जस्टिफिकेशन बन चुका है।

टूटते हुए परिवार, शादी में बेवफ़ाई, रिश्तों में बेएतबारी, नौजवानों में डिप्रेशन, एंग्ज़ाइटी और मानसिक-शारीरिक समस्याएँ — ये सब उसी खोई हुई हया की कीमत हैं जो हम चुका रहे हैं।

पश्चिमी दुनिया ने औरत को “आज़ादी” के नाम पर जिस्मानी नुमाइश की प्रतीक बना दिया। मीडिया, विज्ञापन, फिल्में और सोशल मीडिया ने इंसान को जिंस (Sex) में और रिश्तों को ख्वाहिश में बदल दिया है।

आज का इंसान लज़्ज़त की दौड़ में सुकून खो चुका है।

डिजिटल स्क्रीन ने उसे ऐसे खोल में बंद कर दिया है जहाँ न एहसास बचा है, न ज़मीर की आवाज़।

क़ुरआन इस बीमारी को “फ़ह्शा (अश्लीलता)” कहता है:

“قُلْ إِنَّمَا حَرَّمَ رَبِّيَ الْفَوَاحِشَ مَا ظَهَرَ مِنْهَا وَمَا بَطَنَ” (सूरह अल-आ’राफ़: 33)

“कह दो — मेरे रब ने जो चीज़ें हराम की हैं, उनमें सबसे पहले बेहयाई के काम हैं, चाहे वो खुले हों या छुपे।”

जब इंसान अपनी फ़ितरत के खिलाफ चलता है तो वह दरअसल अपनी ही तबाही लिखता है।

क़ुरआन में आता है कि जैसे ही हज़रत आदम और हौवा (अ.स.) से गलती हुई और उनकी शर्मगाहें खुल गईं, उन्होंने फ़ौरन अपने आपको ढक लिया — यही फ़ितरी हया थी।

मगर आज का इंसान इस फितरत को दबा चुका है।

सोशल मीडिया पर दिखावा, “नेट फ़ेम”, जिस्मानी नुमाइश और सेक्सुअल कल्चर ने इंसान के अंदर का संतुलन तोड़ दिया है।

यही वह तहज़ीबी बीमारी है जिसके बारे में इक़बाल ने कहा था कि जो सभ्यता अपने नैतिक खंजर से खुद को काटती है, वह अपने पतन की बुनियाद खुद रखती है।

पश्चिमी सोच ने अक़्ल और ख्वाहिशात को तवज्जो दी मगर रूह की तस्कीन और पाकीज़गी को भुला दिया।

नतीजा यह है कि आज का नौजवान भावनात्मक रूप से कमजोर, रूहानी तौर पर खाली और ज़ेहनी तौर पर बिखरा हुआ है।

दुनिया के मनोवैज्ञानिक भी मान रहे हैं कि oversexualization ने मानसिक स्वास्थ्य को तबाह कर दिया है।

डिप्रेशन, तन्हाई और खुदकुशी के बढ़ते मामले इसी तहज़ीबी ज़हर के नतीजे हैं।

इस्लाम के नज़रिए में अक़्ल को हया की ज़रूरत होती है, क्योंकि हया अक़्ल की हिफ़ाज़त करती है।

जब हया जाती है, तो अक़्ल ख्वाहिश की गुलाम बन जाती है — और यही इंसान की असली खुदकुशी है।

रसूल ﷺ ने फ़रमाया:

“الحياءُ شُعبةٌ من الإيمانِ” — “हया ईमान की एक शाख है।” (बुखारी)

और एक हदीस में है:

“الحياءُ لا يأتي إلا بخيرٍ” — “हया सिर्फ़ भलाई ही लाती है।” (मुस्लिम)

क़ुरआन में अल्लाह तआला फ़रमाता है:

“يَا بَنِي آدَمَ قَدْ أَنْزَلْنَا عَلَيْكُمْ لِبَاسًا يُوَارِي سَوْآتِكُمْ وَرِيشًا، وَلِبَاسُ التَّقْوَىٰ ذَٰلِكَ خَيْرٌ” (अल-आ’राफ़: 26)

“ऐ आदम की औलाद! हमने तुम पर ऐसा लिबास उतारा जो तुम्हारे शर्मगाहों को ढाँपे और तुम्हारे लिए शोभा का ज़रिया बने, मगर सबसे बेहतर लिबास तक़्वा का लिबास है।”

जिस्म का लिबास शरीर को ढाँपता है, मगर तक़्वा का लिबास रूह को ढाँपता है — और यही असली हया है।

आज दुनिया को सबसे ज़्यादा जिस इंक़लाब की ज़रूरत है, वह है अंदरूनी इंक़लाब — यानी हया का एहतियास और पुनर्जागरण।

यह इंक़लाब कानून या टेक्नोलॉजी से नहीं आएगा, बल्कि दिलों की सफ़ाई और फितरत की बेदारी से आएगा।

अगर हमें अपनी तहज़ीब को फिर से ज़िंदा करना है, तो शुरुआत करनी होगी निगाह की हिफ़ाज़त, ज़बान की शराफ़त, लिबास की पाकीज़गी, और रिश्तों की हदों से।

यही वो क़ीमती उसूल हैं जो इंसान को इंसान बनाते हैं और तहज़ीब को स्थायित्व देते हैं।

वरना वही अंजाम हमारा भी होगा जिसकी खबर इक़बाल ने दी थी —

“तुम्हारी तहज़ीब अपने ख़ंजर से आप ही ख़ुदकुशी करेगी,

जो शाख़-ए-नाज़ुक पर आशियाना बनेगा, नापायेदार होगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here