“नहीं, मुझे बात करना नहीं आता, ना ही मुझे चेहरा दिखाना है। कुछ नहीं हुआ मुझे। मैं ज़िंदा हूं।”
ये प्रतिक्रिया है मुहम्मद ज़ीवा नामक लड़के की जिसने मेरे साक्षात्कार लेने के प्रयास को इन शब्दों के साथ नकार दिया। दिल्ली दंगों को अपनी आँखों से देखने वाला वह युवा लड़का इतना अधिक डरा हुआ है कि दो दिन से मकान की सीढ़ी तक भी नहीं गया। SIO दिल्ली की टीम ने जब कारण जानने का प्रयास किया तो (कैमरा बन्द करवा कर) उसने बताना शुरू किया कि वह काम से घर वापस आ रहा था (शेरपुर में उसका घर था) कि दंगाइयों ने उसे घेर लिया और पहले कपड़े उतरवाए। फिर मारा- पीटा और तलवार गले पर रख दी। बहुत हाथ पैर जोड़ने के बाद उसे छोड़ा भी तो जाते-जाते चेहरे पर तेजाब डाल दिया जिसे उसने किसी प्रकार से हाथ सामने लाकर बचा लिया जिससे हाथ पर छाले पड़ गए। वह घर की तरफ बढ़ा तो पता चला कि दंगाई पहले ही वहां आतंक मचा चुके हैं और उसके घर वाले हरियाणा की ओर कहीं भाग गए हैं। वह भी अब शेरपुर के दूसरे परिवारों के साथ वहीं फंस गया। फिर कुछ बचाने आए लोगों की सहायता से वह मुस्तफाबाद पहुंचा और अब वहां एक सज्जन के घर छुपा हुआ है। डर इतना ज़्यादा है कि कमरे से बाहर जाने को तैयार नहीं है।
सरकारों (केंद्र की हो या फिर राज्य की), पुलिस तथा न्यायिक व्यवस्था पर से उठते विश्वास के बाद लोगों को अब सिर्फ़ अल्लाह से आस लगी हुई है। लोकतान्त्रिक मूल्यों और व्यवस्था का ह्रास हमारे देश को किस ओर ले जा रहा है?
छात्र विमर्श व एसआईओ दिल्ली की ग्राउंड रिपोर्ट
फवाज़, लुक़मान व मआज़











