सुहैल सालिम, कश्मीर
न वह साँप, न यह साँप… तो फिर यह किस साँप की बात है, जो शांति से मेरे बर्फीली मैदानों को अपने ज़हर की तपिश से पिघला रहा है? जो चिनारों की बस्ती में छिपी हुई कहानी को मिटाता जा रहा है।
मैं जिस साँप की बात कर रहा हूँ, वह एक सफ़ेद साँप था। लेकिन मेरे लिए वह बर्फीली मैदानों में रहने वाले दूसरे साँपों से बिल्कुल अलग था। पूरी तरह भिन्न।
पहली बार मैंने उसे अपने आँगन में देखा। वह मोटा, ख़ूबसूरत और बड़ा मनमोहक था। उसकी आँखें सुनहरी थीं और सिर पर ज़ाफ़रानी रंग का एक ताज सजा था।
मुझे अपनी तरफ़ आता देखकर वह नाचता हुआ मेरे समीप आया और बड़े लयबद्ध अंदाज में कहने लगा—
“मदारी… कुछ दीजिए… मेरी मदद कीजिए… मेरे आबा-ओ-अजदाद के लिए… वे आपके ख़्वाबों में रंग भर देंगे।”
“मेरे ख़्वाब…”
यह सुनते ही मुझ पर एक अजीब-सी कैफ़ियत छा गई। मैंने कोई जवाब नहीं दिया और चुपचाप कमरे में जाकर सो गया।
वह बड़ी बारीक़ी से मुझे देखता ही रह गया। पता नहीं, और क्या कहना चाहता था। शायद यही कि, “कुछ दीजिए… मेरी मदद कीजिए… वरना मैं तुम्हें और तुम्हारे आस-पास की बस्ती पर क़हर बरपा कर दूँगा।”
वह रात भी मुझे साँप की तरह डसती रही। पूरी रात मुझे यही महसूस होता रहा कि मेरे मन और तन को किसी साँप ने घेर लिया है।
सुबह जब अचानक मेरी नज़र आईने पर पड़ी, तो एक बार फिर मुझे एहसास हुआ कि ख़्वाब मेरी आँखों से ग़ायब हो चुके हैं… और मेरा ज़मीर भी…
बाहर आँगन में नया मौसम उतर चुका था। चिनार के क़रीब वही सफ़ेद साँप मेरा इंतज़ार कर रहा था। मैं एक बार फिर उसके पास गया। मुझे अपनी तरफ़ आता देखकर वह मेरे समीप आया और बोला—
“मदारी, कुछ कीजिए… मदारी, मेरी मदद कीजिए। मैं पिछले चालीस वर्षों से बेघर हूँ… प्यासा भी हूँ… और भूखा भी… मैंने अब तक किसी भी झरने या बर्फीले मैदान को नहीं डसा है।”
“…और मैं कहीं इधर-उधर भी नहीं जा सकता।”
“क्या… तुम पूरी रात यहीं रहे?”
“हाँ, मदारी… हाँ।”
“लेकिन यह मौसम… यह धुंध… और यह धुआँ?”
“हाँ, धुंध में छिपा रहा… घुटन भी महसूस हुई… लेकिन बात मेरे भविष्य की है… मेरी ज़िंदगी की है।”
“और मेरी भी एक मजबूरी है…”
“मजबूरी? क्यों… कैसी मजबूरी?” मैंने उसकी बात काटते हुए पूछा।
वह कुछ पल ख़ामोश रहा, फिर बोला, “मामला मेरे भविष्य का है… और ज़िंदगी का भी…”
इतना कहकर वह आँगन में पेड़-पौधों और पक्षियों को डसने लगा।
“मदारी… तुम भी तो…?”
“मैं… मैं… क्या?”
“तुम…”
“हाँ, हाँ, कहो… क्या कहना चाहते हो?”
“तुम भी तो एक साँप ही हो… वो भी सर्कस के साँप। तुम्हारी भी कोई मजबूरी होगी, है न?”
“नहीं… तुम… तुम… झूठ बोलते हो!”
मैं पागलों की तरह ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाता हुआ कमरे में चला गया। मगर वह सफ़ेद साँप कमरे में ‘झेलम’ की किताब पर बैठा ज़हर अर्थात विष उगलता रहा।
फिर धीरे-धीरे उस सफ़ेद साँप की रूह मेरे जिस्म की आस्तीन में उतर आई, और उसी पल मेरे अस्तित्व की हत्या हो गई।
नोट : यह एक काल्पनिक कहानी है इसके विचारों से छात्र विमर्श का सहमत होना आवश्यक नहीं है।
अनुवाद: मुस्कान, शोधार्थी जामिया मिल्लिया इस्लामिया नई दिल्ली










