आर्थिक मकड़जाल और पैग़ंबर हज़रत मुहम्मद (PBUH) के समाधान

आर्थिक समस्याएं केवल ग़रीब देशों का ही मुक़द्दर नहीं हैं, अमेरिका जैसे विकसित देश भी गरीबी और बेरोज़गारी से जूझ रहे हैं। अपने नागरिकों के कल्याण तथा आर्थिक संपन्नता का लक्ष्य रखने के बावजूद कोई भी देश इस लक्ष्य को पूरा नहीं कर सका, जबकि यह लक्ष्य भी मात्र भौतिक है, इसका आध्यात्म अथवा नैतिकता से कुछ भी लेना देना नहीं है।

0
140
आर्थिक मकड़जाल और पैग़ंबर हज़रत मुहम्मद (PBUH) के समाधान
आर्थिक मकड़जाल और पैग़ंबर हज़रत मुहम्मद (PBUH) के समाधान

डॉ फ़रहत हुसैन

प्रोफ़ेसर एडम स्मिथ ने जब 18 वीं शताब्दी में ‘आर्थिक मानव’  (Economic Man) की कल्पना की थी तो उस समय उन्हें कटु आलोचना का सामना करना पड़ा था। मगर आज पूंजीवादी व्यवस्था द्वारा बुने गए जाल में आम आदमी को जकड़ कर उसे वास्तव में आर्थिक मानव ही बना दिया गया है। ज़िन्दगी गुज़ारने के लिए धन तथा भौतिक संसाधनों के महत्व से कोई भी इनकार नहीं कर सकता परंतु यदि धन ही सब कुछ होता तो खाते-पीते लोग आत्महत्या न करते। मनुष्य का भौतिक पक्ष महत्वपूर्ण है परंतु नैतिक तथा आध्यात्मिक पक्ष और भी ज़्यादा मूल्यवान है। आधुनिक युग की त्रासदी यह है कि हर समय मनुष्य के आर्थिक कल्याण व खुशहाली का राग अलापने वालों ने ही आम आदमी के हाथ से रोटी छीनी है।

इसमें संदेह नहीं कि इंसान ने अभूतपूर्व उन्नति की है। गगनचुंबी इमारतें, बड़े-बड़े कारख़ाने, यातायात के तेज़ साधन, सूचना प्रौद्योगिकी, बैंक तथा वित्तीय संस्थाएं आदि सब भौतिक उन्नति के उदाहरण हैं। वस्तुओं तथा सेवाओं का उत्पादन बढ़ा है, लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है, मगर कुल मिलाकर इंसान की आर्थिक कठिनाइयां कम नहीं हुई हैं। आर्थिक विकास का लाभ कुछ गिने-चुने लोगों को ही पहुंचा है। आम आदमी को इस तरक्क़ी का उचित लाभ नहीं मिला, उल्टा वह शेयर मार्केट के भंवर में फंसा चक्कर खा रहा है– प्रत्यक्ष नहीं तो परोक्ष रूप से। ग़रीबी, दरिद्रता, भुखमरी, बेरोज़गारी से इंसान को मुक्ति नहीं मिली। धन के असमान वितरण के कारण घोर आर्थिक विषमताएं मौजूद हैं, ग़रीब और अमीर के बीच की खाई निरंतर बढ़ती जा रही है। आर्थिक उलझनों के चलते मानसिक रोग बढ़ रहे हैं, नतीजतन आत्महत्याओं, नशाखोरी तथा अपराधों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।

आर्थिक समस्याएं केवल ग़रीब देशों का ही मुक़द्दर नहीं हैं, अमेरिका जैसे विकसित देश भी ग़रीबी और बेरोज़गारी से जूझ रहे हैं। अपने नागरिकों के कल्याण तथा आर्थिक संपन्नता का लक्ष्य रखने के बावजूद कोई भी देश इस लक्ष्य को पूरा नहीं कर सका, जबकि यह लक्ष्य भी मात्र भौतिक है, इसका आध्यात्म अथवा नैतिकता से कुछ भी लेना देना नहीं है।

आधुनिक अर्थशास्त्र की बड़ी ख़राबियां

आधुनिक अर्थशास्त्र की तीन चीज़ों ने मानवता को हानि पहुंचाई– एक, आर्थिक क्रियाकलापों तथा गतिविधियों से नैतिकता को बाहर करना, दूसरे उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को बढ़ाने पर अत्यधिक बल देना और तीसरे ब्याज के लेनदेन को अपरिहार्य बना देना।

आर्थिक गतिविधियों को नैतिकता के बंधन से आज़ाद करने का अर्थ होगा बेलगाम मनचले घोड़े की सवारी। मानव मूल्य(Human Values): आदमी का जौहर उसकी आत्मा है। इंसान और जानवर के बीच यही चीज़ अंतर करती है। यह अजीब दोहरा मानदंड है की समाज में हम नैतिकता, ईमानदारी तथा उच्च आदर्श की बात करें परंतु आर्थिक क्षेत्र से इन्हें बाहर करदें। मानवीय व्यवहार सामाजिक मान्यताओं एवं मूल्यों से नियंत्रित होता है। आर्थिक क्रियाओं को इससे अलग करके अध्ययन करना उचित नहीं है। दुर्भाग्यवश, आधुनिक अर्थशास्त्र ने नैतिक मूल्यों की प्रति ‘उदासीन’ (neutral) रहने का सिद्धांत अपनाया जिसके परिणाम स्वरूप आर्थिक क्षेत्र में स्वार्थपरता ,शोषण तथा अन्याय को बढ़ावा मिला। पाश्चात्य अर्थशास्त्रियों को भी अब नैतिक मूल्यों के महत्व का आभास होने लगा है। यह अलग बात है कि परलोक की अवधारणा के अभाव में ईमानदारी (Honesty) मात्र एक नीति (Policy ) बनकर रह गई है।

आम आदमी के जीवन में नई-नई चीज़ें उसकी आवश्यकता की सूची में अस्वाभाविक रूप से बढ़ाना और उनके उत्पादन और विक्रय से धन बटोरना अर्थात ‘उपभोक्तावाद’(consumerism) को बढ़ावा देना यह भी पाश्चात्य संस्कृति की देन है। मूलभूत आवश्यकताओं –रोटी, कपड़ा, आवास, इलाज, शिक्षा – की पूर्ति की किसी को चिंता नहीं, हां विलासिता (Luxury) की सामग्री के उत्पादन एवं विपणन में हर व्यावसायी रुचि रखता है। यही कारण है कि उत्पादन बढ़ने के बावजूद विश्व की एक तिहाई से अधिक आबादी ग़रीबी से जूझ रही है। संसाधन हैं परंतु उनका उचित प्रयोग एवं दोहन नहीं हुआ और जो कुछ उत्पादन हुआ उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचा। उद्योगपतियों का पूरा ज़ोर अमीरज़ादों की पसंद का ख़याल रखना है। महंगे आवासीय प्रोजेक्टों की भरमार है जबकि करोड़ों लोगों का ठिकाना फुटपाथ या फिर झोपड़पट्टी है। जो कारीगर और मज़दूर इन आलीशान इमारतों को बनाते हैं, उन्हें छत नसीब नहीं। पीने के शुद्ध पानी की आपूर्ति की समस्या विकट है जबकि शराब की कोई कमी नहीं, हां बोतल बंद पानी ख़ूब उपलब्ध है क्योंकि इसमें अच्छा मुनाफ़ा है। किसान आत्महत्या को विवश हैं, उनकी उपज को स्टॉक करने वाले व्यापारी तथा उनके द्वारा उत्पादित गन्ने से चीनी कम और अल्कोहल ज़्यादा बनाने वाले उद्योगपति मालामाल हैं। उदाहरण अनगिनत हैं, वास्तविकता यह है कि गिने चुने सरमायादारों को छोड़कर शेष जनता गंभीर रूप से आर्थिक समस्याओं की चपेट में है।

हज़रत मुहम्मद (PBUH) की शिक्षाओं को भी जानें

ऐसे में आर्थिक समस्याओं से जूझती, पिसती और कराहती इंसानियत किसी ‘मसीहा’ की तलाश में है। इतिहास के पन्ने गवाह हैं कि इसी तरह का शोषण, यही महाजनी रंग ढंग, यही भुखमरी, दरिद्रता, संपन्नता और असंपन्नता के घोर अंतर का विकराल रूप पैगंबर मुहम्मद(PBUH) के सामने भी था। उन्होंने पवित्र क़ुरआन की शिक्षाओं तथा अपनी असाधारण सूझ-बूझ के द्वारा 23 वर्ष की छोटी सी अवधि में सामाजिक, राजनीतिक तथा आध्यात्मिक क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार करते हुए आर्थिक समस्याओं का भी संतुलित, व्यावहारिक तथा पूर्ण समाधान बड़ी सुंदरता से कर दिखाया। यही कारण है कि एक प्रतिष्ठित लेखक और विद्वान माइकल एच. हार्ट (Michael H. Hart) जब निष्पक्ष होकर ग़ौर करता है तो ईसाई धर्म का अनुयायी होने के बावजूद अपनी पुस्तक ‘The Hundred’ में दुनिया की सौ प्रभावशाली हस्तियों में पैग़ंबर हज़रत मुहम्मद को पहले नंबर पर रखता है और पूरी ईमानदारी से स्वीकार करता है कि–

“इतिहास में वे (पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद) एकमात्र ऐसे व्यक्ति (दिखाई पड़ते हैं) जो धार्मिक और सांसारिक दोनों स्तरों पर सबसे अधिक सफल रहे”।

आर्थिक समस्याओं के समाधान में पैग़ंबर मुहम्मद(PBUH) ने आर्थिक क्रियाकलापों को भी उसी जीवन दर्शन से जोड़ा जिसकी बुनियाद ईशभय और परलोक की जवाबदेही पर है। नैतिकता और ईमानदारी को केवल ‘नीति’ नहीं बनाया बल्कि ‘आस्था’ का दर्जा दिया। उन्होंने न्याय, ईमानदारी और वादों को पूरा करने की शिक्षा दी। अर्थव्यवस्था का जो मॉडल उनके द्वारा लागू किया गया उसमें न तो पूंजीवाद की स्वच्छंदता है और न साम्यवाद का कठोर नियंत्रण। जनहित में कुछ प्रतिबंधों के बाद पूर्ण स्वतंत्रता दी गई है। आप खूब कमाएं मगर शराब, जुआ, लॉटरी, व्यभिचार के धंधे, ब्याज, ब्लैक मार्केटिंग, रिश्वत आदि से नहीं कमा सकते क्योंकि इसमें आपको व्यक्तिगत रूप से भले ही अच्छी कमाई हो जाए मगर पूरा  समाज दूषित होकर रहेगा। कमाए हुए धन को व्यय करने के लिए आप स्वतंत्र हैं मगर फ़ुज़ूल ख़र्ची सहन नहीं, क्योंकि उस धनराशि से कई घरों के चूल्हे जल सकते हैं। कंजूसी तथा धन और संसाधनों को  एकत्रित करके रखने की भी अनुमति नहीं, धन का प्रवाह सामान्य रूप से बाज़ार में रहना चाहिए। एक सीमा के बाद आपको अपनी बचत की जमा में से कम से कम ढाई प्रतिशत ‘ज़कात’ ग़रीबों को देनी ही होगी। आप अपनी पूंजी से स्वयं  कारोबार कर सकते हैं अथवा लाभ हानि की क़रार पर साझेदारी कर सकते हैं, परंतु पूर्व निश्चित दर तय कर के ब्याज नहीं ले सकते। जब दुनिया में किसी भी चीज़ की ठीक ठीक भविष्यवाणी या पूर्वानुमान संभव नहीं है तो पूंजीपति के ब्याज की दर पहले से निर्धारित करने का क्या औचित्य है? और फिर हानि का जोखिम(Risk) कौन वहन करेगा? वास्तव में ब्याज शोषण और अन्याय की जड़ है तथा समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है, इसीलिए इस  को प्रतिबंधित किया गया। पैग़ंबर हज़रत मुहम्मद के अनुसार रोज़ी कमाने की व्यस्तता भी ईशभक्ति है, मगर हर समय 99 के फेर में पड़ने और धन का लोभी होने से रोका गया है।

ईश्दूत हज़रत मुहम्मद (PBUH) ने श्रम को उचित सम्मान दिया, मेहनतकश की सराहना की, मज़दूर का पसीना सूखने से पहले उसकी मज़दूरी का भुगतान करने के आदेश दिए। संतुलित जीवन शैली की शिक्षा दी जिसमें हलाल रोज़ी हो, व्यय में न कंजूसी हो न अपव्यय हो और न संसाधनों की बर्बादी हो। अपने पड़ोसी का की ज़रूरत का पूरा ख़याल रखा जाए, यतीम, बेसहारा, विधवा और अन्य ज़रूरतमंदों की ज़रूरत का पूरा-पूरा ध्यान रखा जाए। उनके द्वारा सुझाई गई आर्थिक स्कीम में समाज के हाशिए पर जीने वाले व्यक्ति (Marginal Man) की बुनियादी ज़रूरत को पूरा करने की गारंटी दी गई। धन के केंद्रीयकारण को न्यूनतम स्तर पर रखने की व्यवस्था की गई, विरासत के क़ानून के द्वारा मृतक के धन को दूर तक फैला दिया गया। और एक ऐसी जीवन व्यवस्था प्रस्तुत की जिसमें भौतिकता एवं आध्यात्म का सुंदर संयोजन पाया जाता है। इस स्कीम में न तो दुनिया त्यागना और सन्यास है और न ही धन दौलत को अपने जीवन का अंतिम लक्ष्य बनाने की अनुमति है। धन  दौलत जीवन यापन के साधन हैं, यही हैसियत उनको देनी चाहिए।

इस स्कीम में जहां एक ओर लोगों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने की व्यवस्था की गई वहीं दूसरी ओर आर्थिक विकास के लिए नियम बनाए गए। बाज़ार, कृषि, व्यापार, उत्पादन एवं विक्रय संबंधी विस्तृत नियम बनाकर उन्हें लागू किया गया।

निस्संदेह, आज अर्थव्यवस्था, उसके घटक और आर्थिक क्रियाएं बहुत जटिल हो चुकी हैं। ऐसी स्थिति में उस समय के समाधान अक्षरशः प्रासंगिक नहीं हो सकते, परंतु यह भी सत्य है कि पैग़म्बर मुहम्मद(PBUH) की शिक्षाओं में ऐसे बुनियादी एवं सार्वभौमिक सिद्धांत मौजूद हैं जिनका अध्ययन करके आज के अर्थशास्त्री तथा विषय विशेषज्ञ वर्तमान समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। मुस्लिम अर्थशास्त्रियों ने इस दिशा में अनेक शोध  किए हैं जिनसे ज्ञात होता है कि पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद(PBUH) द्वारा सुझाए गए समाधान आज भी मार्गदर्शन के लिए अत्यंत मूल्यवान एवं प्रासंगिक हैं।

डॉ फ़रहत हुसैन

नोट: PBUH= Peace Be Upon Him, उन पर ईश्वर की शांति

सम्पादकीय नोट : 

१. लेखक के विचारों से छात्र विमर्श का सहमत होना आवश्यक नहीं है, यह लेख कान्ति, नई दिल्ली, में प्रकाशित हुआ है, जिसे विमर्श के पाठकों के लिए यहाँ प्रकाशित किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here