युद्ध और शांति: इस्लामी शिक्षाओं के संदर्भ में

ह हिदायत हर समय के इंसानों के लिए है कि वे केवल शक्ति या प्रोपेगेंडा से प्रभावित होकर निर्णय न करें, बल्कि सत्य और न्याय को पैमाना बनाएं। इस्लाम न केवल विद्रोह का कठोर विरोधी है, बल्कि वह ऐसा समाज निर्मित करना चाहता है जिसमें शांति, न्याय और आपसी सम्मान हो। विरोधाभासों के बावजूद इंसानों को एक-दूसरे के साथ न्यायपूर्वक, आपसी तरक्की के नियमों पर जीवन व्यतीत करना चाहिए। अतः यह कहना कि इस्लाम युद्ध को बढ़ावा देता है या वह शांति विरोधी है, बहुत बड़ी नासमझी और सच्चाई से दूर करने वाली बात है। इस्लाम का वास्तविक संदेश सुधार, शांति और मानवता की भलाई है, और यही वह आधार है जिस पर एक संतुलित और शांतिपूर्ण सांसारिक व्यवस्था की स्थापना हो सकती है।

0
151
युद्ध और शांति इस्लामी शिक्षाओं के संदर्भ में
युद्ध और शांति इस्लामी शिक्षाओं के संदर्भ में
डॉ. मोहम्मद रज़ीउल इस्लाम नदवी     अनुवाद : मोहम्मद स्वालेह अंसारी 

संसार के वर्तमान परिदृश्य में युद्ध एवं शांति की समस्या अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषय बन चुकी है। पिछले कुछ महीनों में संसार के कई क्षेत्रों में युद्ध की स्थिति पैदा हुई है, जिसका प्रभाव केवल संबंधित देशों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वैश्विक स्तर पर उसके राजनीतिक, सामाजिक एवं वैचारिक परिणाम सामने आ रहे हैं। यद्यपि यह युद्ध ऐसा लगता है कि केवल कुछ ही देशों के बीच है, लेकिन उसका प्रभाव पूरी दुनिया महसूस कर रही है। 

वर्तमान घटनाओं में एक महत्वपूर्ण उदाहरण अमेरिका एवं इजरायल की ओर से ईरान पर अचानक किया गया हमला है, जो उस समय हुआ जब बातचीत की मेज पर वार्ता जारी थी और भविष्य की मुलाकातों की तिथियां भी तय हो चुकी थीं। इस अप्रत्याशित और धोखेबाज़ हमले में ईरान के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाया गया और कई शहरों पर गंभीर बमबारी की गई, जिसके बाद उस क्षेत्र में लगातार मुश्किल हालात बने हुए हैं। भले ही बीच-बीच में कुछ समय के लिए वार्ता की सूचनाएं आती हैं, लेकिन स्थिति फिर बिगड़ जाती है। 

इस संदर्भ में विभिन्न समूहों की ओर से विरोधाभासी विश्लेषण सामने आ रहे हैं। कई लोग इस भयानक युद्ध के बाद भी पीड़ित लोगों को ही इसका ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस स्थिति का उपयोग इस्लाम के विरुद्ध प्रोपेगेंडा करते हुए यह निष्कर्ष निकालने का प्रयास कर रहे हैं कि इस्लाम युद्धप्रिय धर्म है। कुछ लोग इससे आगे बढ़कर इसे सांप्रदायिक और घृणापूर्ण रंग देकर इस समस्या को शिया–सुन्नी विभाजन का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। 

ऐसी स्थिति में आवश्यकता इस बात की है कि हम भावनात्मक और अल्पकालिक टिप्पणियों से हटकर, खासकर युद्ध और शांति के संबंध में, इस्लाम की नैतिक शिक्षाओं को समझें। इसी लक्ष्य के आधार पर इस लेख में क़ुरआन और हदीस के संदर्भ में विषय का नैतिक और संतुलित विश्लेषण किया जा रहा है। 

इस्लाम का आधारभूत व्यवहार: शांति, न कि युद्ध 

इस्लाम की बुनियादी शिक्षाओं का अध्ययन किया जाए तो यह वास्तविकता सामने आती है कि इस्लाम का असली व्यवहार शांति, न्याय और सुधार पर आधारित है, जबकि वह युद्ध, प्रताड़ना और अशांति को गंभीरता से प्रतिबंधित करता है। क़ुरआन मजीद में बार-बार इंसानों को यह शिक्षा दी गई है कि वे ज़मीन में फ़साद न फैलाएँ और भलाई के मार्ग को अपनाएँ।

क़ुरआन में वर्णित है कि: 

“जमीन में फ़साद न फैलाओ, जबकि उसका सुधार हो चुका हो।” (अल-आराफ़: 56)

यह आयत इस वास्तविकता को स्पष्ट करती है कि अल्लाह ने इस संसार को एक संतुलित व्यवस्था के साथ बनाया है, जिसमें शांति और तटस्थता आधारभूत नियम हैं। इंसानों को यह ज़िम्मेदारी दी गई है कि वे इस व्यवस्था को बनाए रखें, न कि उसे बर्बाद करें।

एक और जगह वर्णित है कि:

“और अल्लाह को ख़ौफ़ और उम्मीद के साथ पुकारो, बेशक अल्लाह की रहमत नेकोकारों (भले कर्म करने वालों) के करीब है।” (अल-आराफ़: 56)

यह आयत इस बात की तरफ़ इशारा करती है कि वास्तविक शांति का संबंध अल्लाह से लगाव और नैतिक सुधार से है। 

विद्रोह करने वालों की निंदा 

क़ुरआन करीम में उन लोगों की निंदा की गई है जो सत्ता प्राप्त करने के बाद ज़मीन में विद्रोह (फ़साद) करते हैं। अल्लाह तआला का इरशाद है कि: 

और जब उन्हें सत्ता प्राप्त होती है तो ज़मीन में विद्रोह करते हैं, खेतों को तबाह करते हैं और नस्लों को बर्बाद करने का प्रयास करते हैं। और अल्लाह विद्रोह को पसंद नहीं करता।” (अल बक़रा: 205)

“जिन्होंने मुल्कों में सरकशी (विद्रोह) अख्तियार की, फिर उनमें बहुत फ़साद फैलाया, तो तेरे रब ने उन पर अज़ाब का कोड़ा बरसा दिया।” (अल फ़ज्र: 11-13)

ईश्वर की तरफ से भेजे गए संदेशवाहकों के संदेश का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी रहा है कि वे लोगों को विद्रोहियों का अनुयायी बनने से रोकते थे।

“और अल्लाह से डरो और मेरी पूजा करो और हद से बढ़ने वालों की पूजा न करो, जो ज़मीन में विद्रोह फैलाते हैं और न्याय नहीं करते।” (अश्शोरा: 150-152)

यह हिदायत हर समय के इंसानों के लिए है कि वे केवल शक्ति या प्रोपेगेंडा से प्रभावित होकर निर्णय न करें, बल्कि सत्य और न्याय को पैमाना बनाएं। इस्लाम न केवल विद्रोह का कठोर विरोधी है, बल्कि वह ऐसा समाज निर्मित करना चाहता है जिसमें शांति, न्याय और आपसी सम्मान हो। विरोधाभासों के बावजूद इंसानों को एक-दूसरे के साथ न्यायपूर्वक, आपसी तरक्की के नियमों पर जीवन व्यतीत करना चाहिए। अतः यह कहना कि इस्लाम युद्ध को बढ़ावा देता है या वह शांति विरोधी है, बहुत बड़ी नासमझी और सच्चाई से दूर करने वाली बात है। इस्लाम का वास्तविक संदेश सुधार, शांति और मानवता की भलाई है, और यही वह आधार है जिस पर एक संतुलित और शांतिपूर्ण सांसारिक व्यवस्था की स्थापना हो सकती है। 

इस्लाम की परिभाषा और उसका व्यवहार

इस्लाम की शिक्षाओं को स्पष्ट रूप से समझने के लिए ज़रूरी है कि उसकी मूलभूत परिभाषा पर विचार किया जाए। शब्द ‘इस्लाम’ अपने अंदर एक विशाल संदेश रखता है। यह अरबी भाषा का शब्द है जिसके अर्थ हैं शांति, सलामती और स्वयं को अल्लाह के सुपुर्द कर देना। इस आधार पर ‘इस्लाम’ की वास्तविक परिभाषा यह है कि इंसान अपनी इच्छाओं, व्यक्तिगत झुकाव और स्वयं की स्वनिर्मित प्राथमिकताओं को अल्लाह के आदेश के अधीन कर दे। इसी आधार पर मुस्लिम उन्हें कहा जाता है जो अल्लाह और उसके रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के आदेश के सामने नतमस्तक हो जाते हैं और अपने जीवन को पूर्ण रूप से ईश्वरीय भक्ति के सांचे में ढाल लेते हैं। इसी शब्द की बुनियाद में न्याय और सुरक्षा के अर्थ भी शामिल हैं, जो इस बात की ओर स्पष्ट इशारा करते हैं कि यह अपने नेचर और व्यवहार की बुनियाद पर पूरी तरह शांति एवं मेल-मिलाप, अर्थात सद्भाव का संदेश देता है।

रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने एक विस्तृत और अर्थपूर्ण हदीस में मुसलमान की वास्तविक पहचान यह बताई है:

“मुसलमान वह है जिसकी ज़बान और उसके हाथ से दूसरे मुसलमान सुरक्षित रहें।” (सहीह बुख़ारी 10)

हदीस के विद्वानों ने इस हदीस की व्याख्या करते हुए एक महत्वपूर्ण नियम बताया है कि यहां मुसलमानों का वर्णन बहुमत की स्थिति में है, अर्थात जिस समाज में मुसलमान बहुमत में थे, वहां इस प्रकार से خطاب किया गया। इसका यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि यह आदेश केवल मुसलमानों तक सीमित है और गैर-मुसलमानों के साथ किसी भी प्रकार का व्यवहार अपनाया जा सकता है। बल्कि वास्तविकता यह है कि इस्लाम की बुनियादी शिक्षा यह है कि इंसान की ज़ात से किसी भी दूसरे इंसान को तकलीफ न पहुंचे, भले वह किसी भी मजहब, धर्म, राष्ट्र या क्षेत्र से संबंधित हो। अतः इस्लामी नैतिकता का विस्तार संपूर्ण मानव समाज को शामिल करता है।

संसार के अधिकांश धर्म किसी न किसी व्यक्तित्व की ओर झुकाव रखते हैं। उदाहरणार्थ यहूदी, ईसाई, बौद्ध मत, हिन्दू मत आदि। लेकिन इस्लाम का मामला उससे भिन्न है। इस्लाम किसी व्यक्तित्व के नाम पर नहीं, बल्कि उसकी विशेषताओं और नियमों के आधार पर सामने आया है। यद्यपि कुछ लोगों ने अज्ञानता या नफरत के आधार पर उसे मोहम्मदनिज्म (Muhammadanism) कहने का प्रयास किया, लेकिन यह पूर्णतः गलत परिकल्पना है। इस्लाम अपने मूल में ही शांति, सुरक्षा और ईश्वर के सामने नतमस्तक हो जाने का भाव लिए हुए है। ऐसे दीन के लिए यह इल्ज़ाम लगाना कि वह युद्धप्रेमी है या दूसरों को शांतिपूर्वक जीवन व्यतीत करने का अधिकार नहीं देता, वास्तविकता के बिल्कुल विरुद्ध है। 

युद्ध और शांति: असल आदेश क्या है? 

इस्लामी शिक्षाओं का गंभीरता से अध्ययन किया जाए तो यह बात बिल्कुल स्पष्ट हो जाती है कि इस्लाम में वास्तविक और आधारभूत उपदेश शांति है, जबकि युद्ध एक अल्पकालीन या व्याकुलता की स्थिति है, जिसे विशेष परिस्थिति में अपनाया जाता है। 

कुरान मजीद इस बारे में अत्यंत स्पष्ट संदेश देता है कि अगर युद्ध की स्थिति में भी विरोधी पक्ष समझौते की पहल करे तो उसे स्वीकार कर लेना चाहिए। 

कुरान में वर्णित है कि: 

“और अगर वह अर्थात दुश्मन समझौते की ओर झुकाव रखें तो तुम भी उसकी तरफ तैयार हो जाओ और अल्लाह पर भरोसा करो, बेशक वही सब कुछ सुनने और जानने वाला है।” (अल-अनफाल: 61) 

ये आयत स्पष्ट करती है कि इस्लाम में युद्ध का उद्देश्य दुश्मन को बर्बाद करना नहीं, बल्कि उसकी उद्दंडता को समाप्त करना है। जैसे ही विरोधी पक्ष समझौते के लिए तैयार हो, युद्ध को जारी रखना आवश्यक नहीं रहता। 

कुरान ने इस संभावना को भी अनदेखा नहीं किया है कि दुश्मन समझौते की पेशकश धोखे या अल्पकालिक लाभ के लिए कर सकता है। इसके बावजूद मुसलमान को समझौता स्वीकार करने का आदेश दिया गया है। 

कुरान में वर्णित है: 

“और अगर वह तुम्हें धोखा देना चाहे तो अल्लाह तुम्हारे लिए काफी है।” (अल-अनफाल: 62)

इसका अर्थ यह है कि मुसलमान अपनी नियत और व्यवहार में अखलास (purity) को बनाए रखें और अल्लाह पर भरोसा करें। अगर बाद में दुश्मन वादे से मुकर जाए तो फिर स्थिति के अनुसार आगे के फैसले किए जाएं। उस समय अल्लाह की मदद ईमान वालों के साथ होगी। 

कुरान मजीद एक और स्थान पर यह स्पष्ट करता है कि कमजोरी की स्थिति अपनाते हुए स्वयं समझौते की पेशकश या मांग न की जाए:

“बस तुम कमजोरी न दिखाओ और समझौते की मांग न करो, तुम ही प्रभावी रहोगे अगर तुम मोमिन हो।” (मुहम्मद: 35)

इस आदेश का उद्देश्य यह है कि मुसलमान अपने आत्मसम्मान और प्रतिष्ठा को बनाए रखें और कमजोरी का भाव न दिखाएं। और अगर विरोधी पक्ष स्वयं समझौते की तरफ आए तो उसे स्वीकार करना इस्लामी शिक्षा का हिस्सा है। 

हुदैबिया के समझौते का उदाहरण 

इस्लामी शिक्षाओं का सबसे व्यावहारिक उदाहरण सीरत-ए-नबवी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम में मिलता है। सुलह-ए-हुदैबिया इसका एक स्पष्ट उदाहरण है। इस अवसर पर कुफ्फ़ार-ए-मक्का की तरफ से जो शर्तें रखी गईं, वे देखने में मुसलमानों के पक्ष में अत्यंत कठोर और एकतरफा थीं, उदाहरण के रूप में:

  • अगर मक्का से कोई व्यक्ति मदीना आए, तो उसे वापस किया जाएगा, 
  • लेकिन अगर मदीना से कोई मक्का जाए, तो उसे वापस नहीं किया जाएगा।

यह शर्तें देखने में मुसलमानों की कमजोरी को उजागर करती थीं। इसलिए बहुत से सहाबा को यह समझौता स्वीकार करने में हिचकिचाहट हुई। लेकिन रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने व्यापक कूटनीति और शांति की स्थापना को मद्देनज़र रखते हुए इन शर्तों को स्वीकार कर लिया। सहाबा की आरंभिक हिचकिचाहट उचित थी, लेकिन जब नबी करीम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने स्वयं व्यावहारिक कदम उठाया, कुर्बानी की और एहराम खोला, तब सभी सहाबा ने तुरंत उसका पालन किया।

मक्का विजय का उदाहरण

इस्लामी शिक्षाओं में शांति को जो केंद्रीय स्थान प्राप्त है, उसका सबसे स्पष्ट और व्यावहारिक उदाहरण सीरत-ए-नबवी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम में मक्का विजय के मौके पर मिलता है। यह वह ऐतिहासिक पल था जब रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम 10,000 सहाबा, अर्थात अपने साथियों के साथ, मक्का की तरफ बढ़ रहे थे। देखने में यह एक भारी सैन्य शक्ति थी, जिसके माध्यम से बड़ी आसानी से भयंकर युद्ध लड़ा जा सकता था। लेकिन आप सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का कूटनीतिक उद्देश्य युद्ध करना नहीं, बल्कि युद्ध को रोकना था। मक्का के समीप पहुंचकर आप सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने एक कूटनीतिक रवैया अपनाया। आपने सहाबा को आदेश दिया कि हर कोई अलग-अलग चूल्हा जलाए, जिसके परिणामस्वरूप संपूर्ण क्षेत्र में दूर-दूर तक आग की रोशनी फैल गई। इसे देखकर लोग भयभीत हो गए कि मुसलमान बहुत भारी सैनिक क्षमता के साथ आए हैं, जिसका सामना करना संभव नहीं।

रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की कूटनीति का उद्देश्य भी यही था कि कुरैश के लोग युद्ध के लिए तैयार न हों। अतः यह तरीका सफल रहा और उनके हौसले टूट गए। अगले दिन आप सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने आम ऐलान किया कि जो व्यक्ति मुकाबला न करे, उससे जंग न की जाए; जो हथियार डाल दे, उसे क़त्ल न किया जाए; जो मस्जिद-ए-हरम में प्रवेश कर जाए, उसके लिए शांति है और जो अबू सुफयान के घर में चला जाए, वह भी सुरक्षित है। इन घोषणाओं के परिणामस्वरूप युद्ध की स्थिति ही नहीं बनी और मक्का की रक्तहीन विजय हो गई। तत्पश्चात आप सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने जिस क्षमा, दया और उच्च नैतिकता का निर्णय लिया, उसने लोगों के दिलों को जीत लिया।

यह फैसला इस बात का स्पष्ट उदाहरण है कि रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की प्राथमिकता खून बहाने से बचाना और शांति स्थापित करना थी।

इस्लाम में युद्ध अंतिम चरण है।

इन घटनाओं से यह वास्तविकता सामने आती है कि इस्लामी शिक्षा शांति को बढ़ावा देने पर आधारित है। अगर शांति और युद्ध दोनों रास्ते खुले हों तो इस्लाम कदापि युद्ध के मार्ग को स्वीकार नहीं करता, बल्कि शांति को वरीयता देता है। अतः इस्लाम में जंग पहला नहीं, बल्कि अंतिम रास्ता है, जिसे उस वक्त अपनाया जाता है जब अन्याय और बिगाड़ अपने अंतिम चरण को पहुंच जाते हैं।

इस्लामी शिक्षाओं का गंभीरता से अध्ययन किया जाए तो पता चलता है कि युद्ध इस्लाम में पहला विकल्प नहीं, बल्कि अंतिम विकल्प है; अर्थात जब तक शांति का मार्ग संभव हो, इस्लाम युद्ध की अनुमति नहीं देता। जब स्थिति उस छोर पर पहुंच जाए कि ज़ुल्म, जबरदस्ती और अन्याय अपनी अंतिम सीमा को पहुंच जाएं और शांतिप्रिय मार्ग बंद हो जाए, तब इस्लाम बचाव के रास्तों की अनुमति देता है।

कुरआन में वर्णित है कि:

“और अल्लाह की राह में उन लोगों से जंग करो जो तुमसे जंग करते हैं, मगर ज्यादती न करो, बेशक अल्लाह ज्यादती करने वालों को पसंद नहीं करता।” (अल-बक़रा: 190)

इस्लाम में जंग की अनुमति का एक अहम उद्देश्य पीड़ितों की सहायता और अहंकार की समाप्ति है। इस बारे में कुरआन मजीद की यह आयत हमें सीधा रास्ता बताती है:

“और तुम्हें क्या हो गया है कि तुम अल्लाह की राह में और उन कमजोर मर्दों, औरतों और बच्चों के लिए जंग नहीं करते, जो दुआ करते हैं: हमारे रब! हमें इस बस्ती से निकाल, जिसके रहने वाले ظالم हैं, और हमारे लिए अपनी तरफ से कोई हिमायती/पक्षकार और मददगार मुकर्रर फरमा।” (अन-निसा: 75)

यह आयत स्पष्ट रूप से बताती है कि जंग का उद्देश्य अन्याय की समाप्ति, पीड़ितों की सहायता और मानव स्वतंत्रता की सुरक्षा है, न कि क्षेत्र विस्तार, प्रभाव प्राप्त करना और दूसरों पर अपनी मनमानी थोपना।

इस्लाम में शांति एवं युद्ध की अवधारणा: वरीयताएं, सीमाएं और उद्देश्य

इस्लाम ने युद्ध को एक बड़े और नैतिक उद्देश्य से जोड़ा है। एक सहाबी ने रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम से पूछा कि कोई व्यक्ति बहादुरी दिखाने के लिए, कोई कबीले की मर्यादा के लिए और कोई धन-दौलत की प्राप्ति के लिए युद्ध करता है; इनमें से किसका युद्ध उचित है? आप सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने कहा, “इनमें से किसी का युद्ध उचित नहीं है, बल्कि उस व्यक्ति का युद्ध उचित है जो अल्लाह का कलमा बुलंद करने के लिए लड़े।”

इस्लाम में जंग की अनुमति किसी सांसारिक लाभ, सत्ता विस्तार या नस्लीय, राष्ट्रीय प्रभुत्व के लिए नहीं, बल्कि केवल उच्च नैतिक उद्देश्यों के लिए है, और वह है अत्याचार की समाप्ति और न्याय की स्थापना।

इस्लाम ने युद्धकाल में भी कठोर नैतिक सीमाएं निर्धारित की हैं। युद्ध केवल उन लोगों से किया जाए जो शस्त्र उठाएँ और युद्धक्षेत्र में मुकाबला करें। औरतों, बच्चों, बूढ़ों, धार्मिक मुखियाओं और लड़ाई में शामिल न होने वाले लोगों को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं है। पेड़ों को काटने, खेतों को बर्बाद करने और अनावश्यक बर्बादी से भी रोका गया है।

खिलाफत काल में जब भी फौजी दस्ते भेजे जाते, उन्हें यह सावधानियां बताई जातीं:

  • धोखा न दिया जाए,
  • वादा न तोड़ा जाए, और
  • दूसरे लोग जिनका संबंध युद्ध से नहीं है, उन्हें नुकसान न पहुंचाया जाए।

यह शिक्षाएं इस वास्तविकता को और स्पष्ट करती हैं कि इस्लाम में युद्ध भी एक नैतिक और कानूनी बंधन है, न कि बेलगाम विद्रोह का नाम।

आज के समय में, जहां युद्ध अक्सर धोखे, मक्कारी और अचानक हमलों पर आधारित होते हैं, इस्लाम की शिक्षाएं उसके विरुद्ध स्पष्ट न्याय और नियमबद्धता का आदेश देती हैं। इस्लाम यह बताता है कि युद्ध का ऐलान भी खुले रूप में किया जाए और दुश्मन को पहले से इसकी सूचना दी जाए।

यह बात भी समझ लेना जरूरी है कि इस्लाम की बुनियादी शिक्षा co-existence (सह-अस्तित्व) पर आधारित है। यह कहना कि इस्लाम युद्धों का धर्म है या दूसरों को शांति से जीने का अधिकार नहीं देता, पूरी तरह गलत और आधारहीन दावा है।

कुरान में वर्णित है:

“और अल्लाह तुम्हें उन लोगों के साथ हुस्न-ए-सुलूक और इंसाफ करने से नहीं रोकता जो तुमसे दीन के मामले में जंग नहीं करते।” (अल-मुमतहिना: 8)

इस्लाम का मूल रवैया शांति, सुरक्षा और को-एक्जिस्टेंस अर्थात सह-अस्तित्व पर आधारित है, जबकि युद्ध एक अचानक और मजबूरी की स्थिति है, जिसे केवल विशेष हालात में अपनाया जाता है। कुरान मजीद की विभिन्न आयतें इस बात की गवाही देती हैं कि इस्लाम जमीन पर विद्रोह को सख्ती से रोकता है और शांति व सुधार का संदेश देता है। इस्लाम चाहता है कि विभिन्न धर्मों और विचारों के लोग आपस में मिलकर जीवन व्यतीत करें और मतभेद को दुश्मनी और विद्रोह का कारण न बनाएं।

  • सम्पादकीय नोट : 

१. लेखक के विचारों से छात्र विमर्श का सहमत होना आवश्यक नहीं है, यह लेख मासिक पत्रिका ज़िन्दगी-ए-नव, नई दिल्ली, में प्रकाशित हुआ है, जिसे विमर्श के पाठकों के लिए यहाँ प्रकाशित किया जा रहा है। 

२. अनुवादक मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद, उर्दू विभाग में शोधार्थी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here