हिंदी अनुवादक: उसामा हमीद
प्रकाशन वर्ष: 2017 (हिंदी संस्करण 2024)
पुस्तक समीक्षक: मोहम्मद सालेह अंसारी
टेन मिथ एबाउट इसराइल,
इलान पापे द्वारा रचित यह पुस्तक इसराइल से संबंधित उन दस बड़े झूठों पर आधारित है जिन के आधार पर इसराइल दुनिया भर में मानवीकृत छवि प्रस्तुत करता है। इलान पापे आधुनिक इसराइल इतिहासकारों में से एक हैं। इलान पापे हाइफा में पैदा हुए वहीं से प्रारंभिक शिक्षा हुई तत्पश्चात ऑक्सफोर्ड से शिक्षा प्राप्त की। इलान पापे हाइफा विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ व्याख्याता और हाइफा में फलस्तीन और इसराइल अध्ययन के लिए -एमिल टौमा- संस्था के अध्यक्ष रहे हैं। इन्होंने इसराइल राज्य द्वारा फलस्तीनियों पर हुए बर्बरता पूर्ण जघन्य अपराधों के लिए खुद को समर्पित किया। विशेषतः फलस्तीनियों के बलपूर्ण निष्काषन(1948) पर इलान पापे ने लिखा। कठोर लेखन के परिणाम स्वरूप इलान पापे को धमकियों का सामना करना पड़ा और 2008 में देश छोड़ने पर विवश हुए। इलान पापे द्वारा लिखित पुस्तकों में इसराइल के दस बड़े झूठ(2017) के अलावा, द एथिनिक क्लींजिंग ऑफ फलस्तीन (2006), द मॉडर्न मिडिल ईस्ट(2003), ए हिस्ट्री ऑफ मॉडर्न फलस्तीन: वन लैंड, टू पीपुल्स(2003), ब्रिटेन एंड द अरब इसराइल कनफ्लिक्ट (1988) आदि हैं।
वर्तमान में फिलिस्तीन और इजरायल की समस्या को समझना अत्यंत कठिन कार्य है। पाश्चात्य मीडिया का एकतरफा इजरायली समर्थन और फलस्तीन से मुंह मोड़ लेने के परिणाम स्वरूप इस संघर्ष को समझ पाना और कठिन हो जाता है। इसराइल और पाश्चात्य देशों के प्रोपेगेंडा मशीनरी के सामने फलस्तीन कहीं गायब सा हो जाता है। न कोई बात करता है और न किसी को बात करने दिया जाता है। ऐसे में इलान पापे की यह पुस्तक जिसे हिंदी में उसामा हमीद ने अनुवाद किया है भारतीय महाद्वीप के लोगों को लिए फलस्तीन के मुद्दे की बेहतरीन समझ के द्वार खोलती है लेखक इलान पापे ने भी इसे फलस्तीन के मुद्दे को समझने की कड़ी मात्र कहा है।
मूलतः तीन भागों में विभाजित 176 पृष्ठ पर आधारित यह इतिहास गाथा 10 अध्यायों पर विभाजित है।
इस पुस्तक का प्रथम खंड फलस्तीन को लेकर इसराइल के कुछ अतीत की भ्रांतियों पर बात की गई है। इसमें छः अध्याय सम्मिलित हैं। इस खंड के प्रथम अध्याय में इस झूठ की पोल खोली गई है कि ‘फलस्तीन एक खाली जमीन थी’ जिसे इसराइल ने आबाद किया या इसराइल के आने के बाद यह भूमि आबाद हुई है, इस अध्याय में ऐतिहासिक साक्ष्यों और 16वीं सदी से लेकर 20वीं सदी का पूर्ण इतिहास की झलकियों की सहायता से इसराइल के इस झूठ का पर्दाफाश किया गया है।
द्वितीय अध्याय में पापे बताते हैं कि किस प्रकार से दुनिया के अलग अलग हिस्सों में बैठे लोग यह झूठ लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे कि यहूदी एक क़ौम हैं जिन्हें एक न एक दिन अपने जमीन पर वापस जाना चाहिए। इस झूठ को अस्ट्रो-हंगेरियन फील्ड मार्शल चार्ल्स जोसेफ, फ्रांसिस रेने डे शॉटोबि्रयांड, लार्ड शाफ्टबरी जैसे लोगों ने प्रमुखता दी। इस योजना को मजबूत करने के लिए 1838 में पहला ब्रिटिश दूतावास खोला गया। इसके संक्षिप्त उद्देश्यों में यहूदियों को फिलिस्तीन में लाने के लिए अनौपचारिक रूप से प्रोत्साहित करना, उनकी रक्षा का भरोसा दिलाने और हो सके तो उन्हें ईसाई धर्म में परिवर्तित करने का प्रयास शामिल था। इन्हीं प्रयासों के परिणाम स्वरुप 1866 में हाइफा में माउंट कार्मेंल पर अपनी पहली कॉलोनी स्थापित की और देश के अन्य हिस्सों में बढ़ते गए। इस झूठ को प्रमाणित करने के लिए इलान पापे ने विभिन्न पुस्तकों और तत्कालीन प्रकाशित कई रिपोर्ट का सहारा लिया है। जिसमें ब्रिटिश पत्रकार जे एम एन जैफ्रीज़ का फिलिस्तीन: असलियत ( palestine: The reality), ऑथर कोएस्टलर का ‘13वां कबीला (the thirteenth tribe)’ (1976) और श्लोमो सैंड की पुस्तक ‘यहूदी क़ौम का आविष्कार (invention of the Jewish people)’ और ‘यहूदी भूमि का आविष्कार (the invention of the land of Israel)’ शामिल हैं।
तीसरे अध्याय में इलान पापे ने इस झूठ का वर्णन किया है की ‘जायोनवाद ही यहूदी धर्म है’। यहां पर पापे ने इस बात का वर्णन किया है कि किस प्रकार से बाइबल का सहारा लेकर उसके कुछ चुनिंदा अध्यायों की सहायता से यह बात लोगों के मस्तिष्क में बिठाई जा रही है कि बाइबल में ही फिलिस्तीन की जमीन को यहूदियों की जमीन बताया गया है। यह धार्मिक जायोनवाद समकालीन इजराइल में एक बहुत ही महत्वपूर्ण आंदोलन बन गया क्योंकि यह मसीहाई औपनिवेशिक आंदोलन अगस्त अमोनियम का वैचारिक केंद्र है। जिसने 1967 में वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी पर उपनिवेश स्थापित कर रखा है। यहां पर इस बात का भी वर्णन मिलता है कि किस प्रकार से इसराइल ने 2014 शिक्षण संस्थानों को पत्र लिखकर और अनेक शोध लेखो के माध्यम से इस झूठ को मजबूत करने में सहायता ली। 2014 के इस पत्र का सीधा संबंध डेविड बेनगुरियन द्वारा 1937 में रॉयल पील कमीशन को दिए सबूत में मिलता है। फिलिस्तीन के भविष्य पर सार्वजनिक चर्चा में, बेनगुरियन, समिति के सदस्यों के सामने बाइबल की एक प्रति लहराते हुए चिल्लाया: “यह हमारा कुशान [ऑटोमन ज़मीन रजिस्ट्री प्रमाण] है, फलस्तीन पर हमारा अधिकार मैंडेट चार्टर से नहीं आता, बाइबल हमारा मैंडेट चार्टर है। पापे यहां पर बाइबल की सहायता से जायोनवाद को सही ठहराए जाने की आलोचना करते हैं और लिखते हैं कि “वे ईश्वर में विश्वास नहीं करते थे फिर भी उसने उन्हें फिलिस्तीन देने का वादा कर रखा था।”
इसी अध्याय में ऐलान पापे ने महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला जैसी कई प्रसिद्ध हस्तियों के ज्यॉनवाद के इस रवैया की भी आलोचना का वर्णन किया है उन्होंने लिखा है कि “फिलीस्तीन और यहूदी समस्या पर गांधी का प्रमुख बयान 11 नवंबर 1938 के व्यापक रूप से प्रसारित ‘हरिजन’ के संपादकीय में ब्रिटिश सरकार की यहूदी समर्थक नीतियों के खिलाफ मूल फ़लीस्तीनियों के लिए एक बड़े विद्रोह के समय आया। गांधी ने अपने लेख की शुरुआत यह कहकर की कि उनकी सारी सहानुभूति यहूदियों के साथ है जो एक कौम के रूप में सदियों से अमानवीय व्यवहार और उत्पीड़न का शिकार कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने आगे कहा, मेरी सहानुभूति मुझे न्याय की आवश्यकताओं के प्रति अंधा नहीं बनाती। यहूदियों के लिए राष्ट्रीय घर की मांग मुझे अधिक आकर्षित नहीं करती। इसका प्रमाण बाइबल में और उस जि़द में देखा जा रहा है जिसके साथ यहूदी फिलिस्तीन लौटने के लिए लालायित है। उन्हें दुनिया की अन्य कौमों की तरह इस देश को अपना घर क्यों नहीं बनाना चाहिए जहां वह पैदा हुए हैं और जहां वे अपनी आजीविका कमाते हैं?”
चतुर्थ अध्याय की शुरुआत इस प्रकार होती है कि ‘दुल्हन खूबसूरत है लेकिन उसकी शादी किसी दूसरे आदमी से हो चुकी है।’ अर्थात इसराइल द्वारा यह झूठ फैलाया गया कि ‘फलस्तीन एक निर्जन जमीन है’। इस झूठ की बुनियाद पर जब दुनिया के अलग अलग कोने से लोग आने लगे तो वहां पर आबादी के अलावा कुछ मिला ही नहीं, कोई खाली जमीन नहीं, लोगों की आबादी है जो पिछले कई सौ सालों से वहां आबाद हैं। अब इन लोगों को अलग से कोई क्षेत्र न मिलने पर फलस्तीनियों के साथ ही कम से कम आर्थिक सहयोग के साथ जीवन यापन करना शुरू किया। लेकिन जायोनी उपनिवेशवाद की पोल जल्द ही फिलिस्तीन की आम जनता में खुल गई। राजनेताओं और जनता ने इसका विरोध किया। टकराव की स्थिति में सन 1919 के जब अमेरिकी राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने फलस्तीनियों की इच्छा की समझने के लिए कमीशन (किंग क्रेन) भेजा तो समिति ने पाया कि बहुमत एक स्वतंत्र क्षेत्र चाहता है। 1920 तक फलस्तीनियों ने यह बात स्पष्ट कर दिया कि वह सिर्फ उन लोगों के साथ ज़मीन साझा करने को तैयार हैं जो पहले से आ चुके हैं। आगे इलान पापे बताते हैं कि किस प्रकार फलस्तीनियों की अनुपस्थिति में ही संयुक्त राज्य ने 1947–48 में ‘दो राज्य’ का सिद्धांत स्वीकार कर लिया। जबकि फलस्तीनी 1920 में ही अपनी राय को साफ कर चुके थे। 1945 तक इसराइल की स्थिति ये थी कि 20 लाख आबादी वाले फलस्तीन में 5 लाख यहूदी आ चुके थे। और 7प्रतिशत भू भाग खरीद चुके थे। लेकिन अल्पसंख्यक और कम जमीन की बुनियाद पर उन्हें राज्य का दर्जा नहीं दिया जा सकता था। इस कथन के साथ कि ‘इसराइल राज्य अभी भी अपना उपनिवेश बढ़ा रहा है, यहूदियों की संख्या बढ़ाने के लिए – फलस्तीनियों को बेदखल कर, और मूल निवासियों को उनकी मातृ भूमि के अधिकार से वंचित कर – ग़ैलिली, नेगेव और वेस्ट बैंक में कई कालोनियां बना रहा है’ यह अध्याय समाप्त हो जाता है।
पांचवां अध्याय इसराइल के उस सब बड़े झूठ पर आधारित है जिसमें यह कहा गया कि ’1948 में फलस्तीनियों ने मर्जी से अपनी मातृ भूमि छोड़ी।’ झूठ के आधार पर खड़े हो रहे एक राज्य के लिए जरूरी था कि अब अपने झूठ को सच में बदला जाए। इसके लिए इसराइल ने बड़े बड़े मास्टर प्लान बनाए और दुनिया भर के संस्थाओं के दबाव की कोई परवाह किए बिना फलस्तीनियों को जबरन निष्कासित करने की प्रक्रिया शुरू की। इसके क्रम में इसराइल ने कई अन्य मिथक भी पैदा किए। जैसे फलस्तीनियों के इसराइल से सुलह को मानने से इनकार कर दिया या ये कि इसराइल ने संघर्ष के बाद शांति के लिए हाथ बढ़ाया। महज सात महीनों के अंतराल में 531 गांव नष्ट कर दिए गए और ग्यारह शहरी इलाके खाली कर दिए गए। बड़े पैमाने पर निष्काषन के साथ नरसंहार, बलात्कार और 10 वर्ष से अधिक आयु के पुरुषों को एक वर्ष से अधिक अवधि के लिए श्रम शिविरों में कैद कर दिया गया। यह घटना इसराइल के लिए सिर्फ एक उदाहरण मात्र प्रयोग था। 1948 से 1956 के मध्य इसराइल के क्षेत्र से और भी ग्रामीणों का निष्कासन; 1967 के युद्ध के दौरान वेस्ट बैंक और गाजा़ पट्टी से 300,000 फलस्तीनियों का जबरन हस्तांतरण; और ग्रेटर यरुशलम क्षेत्र से फलस्तीनियों का बहुत ही सोचा समझा, लेकिन निरंतर सफाया, जिसकी गिनती वर्ष 2000 तक 250,000 तक पहुंच चुकी है। इलान पापे बताते हैं कि इन सब घटनाओं पर इसराइल को अपने अंदर भी कुछ लोगों का विरोध देखने को मिला।
छठवां अध्याय इस झूठ पर आधारित है कि जून 1967 में युद्ध के अलावा “कोई विकल्प नहीं था”. इस पूरे अध्याय में इलान पापे ने इसराइल की युद्धक नीति और उनके राजनीतिज्ञों का आक्रामक रवैया दर्शाया है। किस प्रकार सिर्फ एक बहाने से युद्ध की शुरुआत इसराइल द्वारा की जाती है। पापे ने यह भी बताया है कि जॉर्डन का मिस्र के साथ समझौता होने पर कि यदि इसराइल मिस्र पर हमला करता है तो जॉर्डन सिर्फ खाना पूर्ति के लिए ही हमला करेगा, उसका युद्ध में हिस्सा लेने का कोई मन नहीं है। इसके बाद भी 5 जून को इसराइल ने युद्ध के पहले दिन में ही जॉर्डन के प्रमुख सैन्य ठिकानों पर बड़े हमले किए और जॉर्डन की सैन्य क्षमता बिल्कुल खत्म सी हो गई। तत्पश्चात जॉर्डन को मजबूरन इस युद्ध में हिस्सा लेने पर मजबूर होना पड़ा। इलान पापे बताते है कि 1967 के युद्ध के बाद इसराइल के इरादे क्या रहे हैं, इसके आकलन का एक और तरीका फलस्तीनी पीड़ितों के दृष्टिकोण से देखना है। कब्जे के बाद, नए शासक ने वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी के फलस्तीनियों को एक असंभव अधर में कैद कर दिया: वे न तो शरणार्थी रहे और न ही नागरिक –वे नागरिकता–विहीन निवासी रह गए और आज भी हैं। 1967 तक इसराइल ने फलस्तीन के 80% क्षेत्र पर कब्जा कर लिया था। जहां पर जायोनी अल्पसंख्यक थे वहां के फलस्तीनी नागरिकों को जेल में कैद कर के निडरता पूर्वक ग्रेटर इसराइल का सपना हल कर लिया।
इस पुस्तक का दूसरा भाग आगे के तीन अध्यायों पर आधारित है जो इसराइल द्वारा फैलाए गए वर्तमान समय के झूठ पर आधारित है।
इसका पहला खंड अर्थात सातवां अध्याय इस बात का वर्णन करता है कि ‘इसराइल मध्य पूर्व में एक मात्र लोकतंत्र है।’ इस झूठ को पूरा करने में एक हद तक पश्चिम मीडिया और विचारकों का बड़ा योगदान है। इन्होंने इसराइल के हर उस जघन्य अपराध को छिपाया या उसे आम जनता तक लाने से रोका जो फलस्तीनियों के साथ किया जा रहा है।
इस पूरे अध्याय में इसराइल के सैन्य शासन और उनके द्वारा फलस्तीनियों पर किए जा रहे कुकर्मों का वर्णन है। पापे ने बताया कि किस प्रकार इसराइल ने 1967 युद्ध के बाद फलस्तीनी क्षेत्रों पर कब्जा कर के उन्हें ‘अनिवार्य ब्रिटिश सैन्य शासन’ के अंतर्गत ला कर सभी बुनियादी या मानवी अधिकारों से वंचित कर दिया। सेना इनके लिए मनचाहा कानून बनाती और जैसे मर्जी उसको लागू करती। यहां तक कि इजरायली आर्मी का एक छोटा सैनिक भी इन को अपनी आज्ञा मानने के लिए विवश करता था।
इसराइल द्वारा कई ऐसी बस्तियों से लोगों को यह बोल कर विस्थापित कर दिया गया कि यह भूमि सैन्य प्रशिक्षण के लिए कुछ दिनों तक उपयोग की जाएगी। परंतु जब कभी वे वापस लौटे उन्हें वहां पर नई जायोनी बस्ती का निर्माण मिला।
एलान पापे बताते हैं कि व्यवस्थित क्रूरता केवल नरसंहार के दिनों के नहीं होते बल्कि वह दैनिक, सांसारिक गतिविधियों में पाए जाते हैं। जब एक फलस्तीनी महिला और उसके तीन साल और छः साल के दो बच्चों के साथ जॉर्डन नदी के पार बिना किसी स्पष्टीकरण के भेज दिया। जब उन्होने वापस लौटने की कोशिश की तो उन्हें जेल में डाल दिया। इस घटना और इसी अलावा अन्य कई घटनाओं जिस में फलस्तीनियों को सीधे गोली मारने जैसी घटनाएं हैं, से प्रभावित हो कर एक कवि ने कविता इस लिए लिखी कि लोग पर कुछ प्रभाव पड़े लेकिन एक हफ्ते बाद वह अखबार में लिखता है कि “और इस लेखक ने गलत समझा था कि कहानी को झुठलाया जाएगा या उसकी सफाई में कुछ कहा जाएगा लेकिन नहीं, एक शब्द नहीं।”
इसके अलावा एलान पापे आर्थिक स्तर पर तुलना करते हैं और बताते हैं कि “वर्ष 1997 से 2009 के बीच औसत यहूदी आय औसत अरब आए से 40%से 70% अधिक थी।” इसी प्रकार यहूदी बस्तियां तीन तीन गुणा बढ़ती गई जब फलस्तीनी जनसंख्या बढ़ने के बाद भी फलस्तीनी क्षेत्र कम होते गए। फलस्तीनी घरों को ढहाया जाना कोई नई घटना नई थी बल्कि यह पुरानी कृत थी जो अब भी जारी थी। परिवार के किसी एक सदस्य की गलती के उपरांत इजरायली सरकार द्वारा सामूहिक सजा के रुप में हर साल सैकड़ों घर ढहाए जाने की प्रथा जारी थी।
सामूहिक सजा के तौर पर घरों को ढहाने के साथ साथ घरों को ब्लॉक कर देना या गैर कानूनी हत्याएं, प्रबुद्ध कब्जे और बिना मुकदमे गिरफ्तारी की घटनाएं आम थी।
इस प्रकार एलान पापे ने इसराइल के लोकतांत्रिक झूठे दावे की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक पोल खोल कर दुनिया के सामने रखी है।
आठवें अध्याय के ओस्लो मिथक का वर्णन है जो 13 सितंबर 1993 को इसराइल और PLO ने राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की सरपरस्ती में व्हाइट हाउस में “सिद्धांतों के घोषणा पत्र” पर हस्ताक्षर किए। अमेरिका और जायोनी तंत्र का निराशाजनक चेहरा छुपाने के लिए ओस्लो समझौते की पृष्टि भूमि और झूठ का द्वार खोला गया और कहा गया कि यह शांति का मार्ग है जबकि स्पष्ट रूप से यह सिर्फ और सिर्फ जायोनी शासन के शक्ति पतन का परिणाम था।
जमीन की वापसी
सेना की वापसी
प्रशासनिक व्यवस्था की वापसी
इन तीन मुद्दों पर समझौते की असफलता ने ओस्लो समझौते को समाप्त कर दिया।
इस दूसरे खंड का अंतिम और पुस्तक का नौवां अध्याय गाजा़ से संबंधित झूठ पर आधारित है जिस में कई उप हेडिंग की सहायता से अलग अलग बिंदुओं पर बात की है। जैसे ‘हमास एक आतंकवादी संगठन है’, ‘गाजा़ में इसराइल की वापसी शांति का संदेश है’ और ‘क्या गाजा़ पर हमला आत्म रक्षा का युद्ध था’ जिस में इसराइल ने खाद्य पदार्थों की तुलना में कई गुना अधिक बम बरसाए थे, आदि शामिल हैं। लेखक ने इस अध्याय में एक जगह अंतरराष्ट्रीय और अरब दानदाताओं की आलोचना की है जो गाजा़ के निर्माण के लिए करोड़ों रुपए के सहायता की घोषणा करते हैं जिसे इसराइल द्वारा बरबाद कर दिया जाना है। जो किसी बुरी आपदा से कम नहीं है।
पुस्तक का तीसरा खंड अंतिम दसवें अध्याय पर आधारित है जिस में ‘दो राज्य समाधान ही एक मात्र हल’ नमक झूठ पर बात की गई है। इस अध्याय में लेखक ने दो राज्य समाधान को मुर्दा लाश कहा है। जिसे समय–समय पर मुर्दा घर से बाहर निकाला जाता है, उसे अच्छे कपड़े पहनाए जाते हैं और उसे जीवित चीज की तरह पेश किया जाता है। लेकिन जब एक बार फिर यह साबित हो जाता है कि इसमें कोई जान नहीं बची है तो इसे फिर मुर्दा घर भेज दिया जाता है।
लेखक का मानना है कि लूट के माल का न्यायपूर्ण बंटवारा यहूदियों या फलस्तीनियों के लिए सामान्य जीवन सुनिश्चित नहीं कर सकता; यह केवल लूट पाट और डकैती के अंत द्वारा ही सुनिश्चित किया जा सकता है।
पुस्तक की शुरुआत प्रस्तावना और इसका अंत निष्कर्ष के साथ होता है। अंत में इलान पापे ने लिखा कि जब आप अन्य लोगों को बेदखल कर के कोई राज्य बनाते हैं –भले ही वह एक समृद्ध संस्कृति, एक सफल उच्च तकनीकी उद्योग और एक शक्ति शाली सेना वाला हो – तो आपकी नैतिकता पर हमेशा सवाल उठाएं जाएंगे।
अंत में हम यह कह सकते हैं कि पुस्तक फलस्तीन के अस्तित्व पर मंडराते इसराइल नामी संकट को समझने में हमारा साथ देती है। हमें फलस्तीन के अतीत, वर्तमान और भविष्य के काफी करीब रखने में सफल दिखाई देती है। जो इस मुद्दे को समझने के लिए कई द्वार खोलती है। यह पुस्तक पाठक को फलस्तीन के मुद्दे पर गहराई से विचार करने और सच्चाई तक पहुंचने में भी मददगार होती है। ज्योंवाद का आगमन, विस्तार और राज्य का नियम जैसे क्रिया कलाप सिर्फ और सिर्फ झूठ पर आधारित एक कपोल कल्पना है जिसे एक दिन नष्ट हो जाना है फलस्तीन एक वास्तविकता है और उसी को मानना अंतिम समस्या का समाधान है ऐसा इस पुस्तक से प्रतीत होता है। हालांकि लेखक ने बड़ी सादगी से अपना कोई निर्णय सुनाए बिना एक इतिहासकार का कर्तव्य पूरा कर देता है और अंतिम निर्णय पाठक पर छोड़ देता है।










