शोर नहीं, सवालों की फिल्म है ‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली’

संवादों के ज़रिए कई गहरे मुद्दों जैसे मुस्लिम परिवार की लड़की की दूसरी शादी, हिंदू धर्म के लड़के या लड़की से प्यार और शादी समेत कई बातें फिल्म करती है, लेकिन केवल सतही तौर पर। वह सभी पात्रों के ज़िन्दगी में झांकती है और निकल जाती है। संदेश अच्छा है कि इन सबके बावजूद सब साथ हैं और एकदूसरे को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

0
885
‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली
‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली

अब्दुल मुक़ीत 

शहरों की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में कुछ घर ऐसे भी होते हैं, जहां वक्त जैसे ठहर जाता है। जियो हॉटस्टार पर रिलीज़ हुई फिल्म ‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली’ ऐसे ही एक घर के दरवाज़े खोलती है, जहां एक ही दिन में ज़िंदगी के कई अध्याय सामने आ जाते हैं।

यह पूरी फिल्‍म एक ही दिन में, एक अपार्टमेंट के अंदर सेट की गई है। यह एक फैमिली चैंबर-स्टाइल ड्रामा-कॉमेडी है, जिसकी कहानी के केंद्र में बानी (कृतिका कामरा) हैं। उसका परिवार हंगामेदार है लेकिन आपस में जुड़ा हुआ है। इसमें मज़बूत इरादों वाली औरतें हैं, जो बानी के घर पर कई सारी समस्याओं के साथ आती हैं। बानी, परिवार की भरोसेमंद बड़ी बेटी है, जो पूरे घर को संभालकर रखती है। लेकिन वह भी उन समस्याओं के सैलाब के लिए तैयार नहीं है, अमेरिका की नौकरी के लिए तैयार किया जा रहा प्रेज़ेंटेशन उसके भविष्य का टिकट है लेकिन उसी दिन अतीत, रिश्ते और परिवार उसके कमरे में दस्तक देने लगते हैं। जैसे-जैसे घड़ी की सुई आगे बढ़ती है, बानी का घर सिर्फ़ ईंट-पत्थर की जगह नहीं रहता वह समाज का एक छोटा सा आईना बन जाता है।

तलाकशुदा बहन इरम, जो महर के पैसों को बैंक में जमा करने की चिंता में है, कज़िन भाई ज़ोहेब, जो अपने प्यार को नाम देने की हिम्मत जुटा रहा है, हिंदू-मुस्लिम रिश्तों की असहजता और घर की बुज़ुर्ग महिलाएं, जो उमरह जाने की तैयारी में हैं, मतलब यह कि हर किरदार अपनी कहानी के साथ मौजूद है।

फिल्म मुस्लिम परिवार के भीतर मौजूद उन मुद्दों को छूती है, जिन पर अक्सर या तो चुप्पी साध ली जाती है या फिर उन्हें एकतरफ़ा बहस में बदल दिया जाता है।

संवादों के ज़रिए कई गहरे मुद्दों जैसे मुस्लिम परिवार की लड़की की दूसरी शादी, हिंदू धर्म के लड़के या लड़की से प्यार और शादी समेत कई बातें फिल्म करती है लेकिन केवल सतही तौर पर। वह सभी पात्रों के ज़िन्दगी में झांकती है और निकल जाती है। संदेश अच्छा है कि इन सबके बावजूद सब साथ हैं और एकदूसरे को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

फिल्म बहुत कुछ कहना चाहती है, लेकिन कह नहीं पाती है। एक सवाल बार-बार सामने आता है, जब बानी कहती है कि “यहां कैसे रहेंगे, हालात देख रही हो…” यहां वह किन हालातों की बात कर रही है। लेखक अनूषा रिज़वी क्या ये कहना चाह रही हैं कि एक विशेष समुदाय के लिए देश में रहना कठिन है। जब प्रोफ़ेसर पूरब कहता है कि रजिस्ट्रार शादी कराने के लिए दो लाख रुपये लेगा क्योंकि लड़का मुस्लिम है और उस पर फरीदा जी का कहना कि रिश्वत तो सेक्यूलर होनी चाहिए, कुछ सवाल खड़े करके कहना चाहती है लेकिन बिना जवाब दिए आगे बढ़ जाती है।

अनूषा रिज़वी की लिखी यह कहानी एक ही दिन में सिमटी हुई है। ऐसे में एक घर के भीतर, इतने सारे पात्रों की अलग-अलग परेशानियों के साथ एक कहानी को पिरोने के लिए अनूषा की जितनी सराहना की जाए कम है। एक ही बैकग्राउंड में शूटिंग करना फिल्म को बोरिंग बना सकता है लेकिन इस फिल्म में ऐसा नहीं होता, जिसका श्रेय देबाशीष रेमी दलाई की सिनेमैटोग्राफी को जाता है।

अभिनय इस कहानी की सबसे बड़ी ताकत है। कृतिका कामरा ने बानी के किरदार में संयम और बेचैनी को संतुलित ढंग से निभाया है। फरीदा जलाल, शीबा चड्ढा और डॉली आहलूवालिया जैसी अनुभवी कलाकार अपने संवादों से पीढ़ियों की सोच और समय का फर्क बखूबी उभारती हैं। पूरब कोहली का प्रोफेसर किरदार कहानी में हल्की-सी राहत और व्यंग्य लेकर आता है।

‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली’ कोई शोर मचाने वाली फिल्म नहीं है। यह धीरे-धीरे खुलती है, बातचीत करती है और बिना फैसला सुनाए विदा ले लेती है। यह फिल्म याद दिलाती है कि परिवार सिर्फ़ रिश्तों का नाम नहीं, बल्कि मतभेदों, समझौतों और साथ बने रहने की जद्दोजहद भी है। यह उन दर्शकों के लिए बनी है, जो परदे पर सवालों के साथ जीना जानते हैं, जवाबों की जल्दी जिन्हें नहीं होती।

कुल मिलाकर, एक छोटे से कैनवास पर बनी ‘द ग्रेट शमसुद्दीन फैमिली’ शायद स्केल के मामले में ‘ग्रेट’ न हो लेकिन इसमें ईमानदारी, जुड़ाव और हम जिस समय में जी रहे हैं उसकी सच्ची झलक है। यह कुछ हिस्सों में थोड़ी उलझी हुई लेकिन असलियत, भावनाओं की गर्माहट और जिंदगी की सच्चाई से भरी हुई है।

इस फ़िल्म के हवाले से मशहूर पत्रकार रवीश कुमार लिखते हैं, द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली में मुस्लिम बहनें नायक की तरह आती हैं और भीड़ के भय का मुकाबला करते हुए मंगल गीत गाने लग जाती हैं। उस गीत के बोल को हिंदू और मुसलमान में बांटना असंभव है। दिल्ली के एक बंद कमरे में उस भारत को बचाकर रखना और बचाए रखने का ऐलान करती हैं, जिस भारत के मिटा देने का विजय जुलूस रोज़ निकलता रहता है।

वह लिखते हैं कि द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली में कोई मुस्लिम मर्द हीरो नहीं है, कोई औवैसी जैसा धारदार भाषण नहीं दे रहा है, इमरान प्रतापगढ़ी की तरह शेर-ओ-शायरी नहीं सुना रहा और न ही समर्पित होते हुए भी शाहनवाज़ हुसैन की तरह कार्यकर्ता और नेता के बीच झूलता नज़र आ रहा है। ऐसा कोई मर्द नहीं है। मुस्लिम राजनीति के स्पेस में मर्दों की मौजूदगी है लेकिन द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली की कहानी में मुस्लिम औरतें राजनीति का जवाब देती हैं।

अनुषा की यह फिल्म शम्सुद्दीन परिवार की औरतों की जानिब से अनऑफिशियल हिंदू राष्ट्र युक्त भारत को एक जवाब है।

आज कितने निर्देशक ऐसी कहानी को हाथ लगाएंगे, कई बार लगता है कि डरते-डरते उनके पास सेंसर की कैंची से बचाते हुए ऐसी कहानी कहने का फन भी नहीं बचा है। मुमकिन है द ग्रेट शम्सुद्दीन से भी अच्छी कहानी उनकी नज़र से गुज़री हो, जिसमें कोई मुस्लिम नाम वाला किरदार हीरो हो, गौ रक्षा के नाम पर फर्जी मुकदमे में फंसे मुस्लिम युवक की कहानी हो, लेकिन आज कोई भी इस कहानी पर फिल्म नहीं बनाएगा।

रवीश कुमार आगे लिखते हैं कि इस फिल्म का राष्ट्र एक कमरा है। इस कमरे में हिंदू राष्ट्र नहीं आया है लेकिन उसके आने की दहशत आती जाती रहती है, दरवाज़े पर है, खिड़कियों पर है, जब भी दरवाज़े की घंटी बजती है, लगता है कि वह भीड़ आ गई जिसके आने का डर किरदार जताते रहे हैं। जिस भीड़ के आने के डर से बहुत पहले ही बानी ने आदित्य से दूरी बना ली है। जिसने लिखने-बोलने से पहले हिसाब करना शुरू कर दिया है कि जान की सलामती के लिए कितना बोला जाए।

दरवाज़े पर भीड़ का इंतज़ार है लेकिन घंटी बजते ही आ जाती हैं कभी नबीला, कभी अमिताभ, कभी हुमयरा तो कभी पल्लवी को लिए ज़ोहेब चला आता है। बीच-बीच में मोबाइल पर गुरुग्राम की हिंसा की ख़बरें भी अलार्म की तरह बजती रहती हैं। जली हुई कार को अपना मान लेना भी हुमायरा के लिए कितना स्वाभाविक लगता है और यह भी मान लेना कि उसने अपने पति को हमेशा के लिए खो दिया है।

एक मुस्लिम परिवार में हिंदू लड़की और मुस्लिम लड़के का कहना कि शादी करेगा। अब यह केवल शादी का मामला नहीं है। ज़ोहेब पल्लवी के साथ आता है, जैसे जैसे औरतों की उस पर नज़र पड़ती है, लव जिहाद के नाम पर लिखी गईं झूठी हेडलाइनें, कहानियां, फर्ज़ी मुकदमे आंखों के सामने नाचने लगते हैं। भला हो घूस लेने वाले जज का, जो लव जिहाद के डर को किनारे कर घूस का रेट बढ़ा देता है लेकिन शादी की रजिस्ट्री करा देता है। इस फिल्म कोई लव जिहाद नहीं कहता है, कोई धर्मांतरण कानून का नाम नहीं लेता है, कोई आजीवन कारावास की बात नहीं करता है। सब भीड़ का नाम लेते हैं और भीड़ का नाम लेने से ही यह सब सुनाई देने लग जाता है।

कहानी के बीच-बीच में पल्लवी का फोन जब भी ज़ोर-ज़ोर से बजता है, पापा कॉलिंग, मम्मी कॉलिंग, दादी कॉालिंग, लगता है कि भीड़ का फोन आया है।

यह फिल्म भरोसा दिलाती है कि नारों से डरना अलग बात है जब तक इस देश में जज घूस लेता रहेगा, नोटबंदी के बाद भी कैश का चलन रहेगा, बैंक फेल होते रहेंगे, रिश्वत लेकर दीपक भाई बैंक में कैश जमा करवाते रहेंगे तब तक जीने के सारे रास्ते बंद नहीं होंगे। बस रिश्वत का रेट ज़्यादा देना होगा। रिश्वत लेने वाले अफसर उसी से घूस लेते हैं जो मजबूर होता है, ऐसा नहीं है कि मजबूर हिंदू से रिश्वत नहीं लेते हैं, बस इतना ही फर्क आया है कि मजबूर मुसलमान से थोड़ा ज़्यादा रिश्वत लेने लगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here