दयार-ए-शौक़ मेरा, जामिया की स्थापना के 104‌ साल

0
1383
JAMIA MILLIA ISLAMIA, NEW DELHI
JAMIA MILLIA ISLAMIA, NEW DELHI

मुहम्मद स्वालेह अंसारी

मेरी आंखों के सामने जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 15 दिसंबर 2019 की रात की वो तस्वीर है जब जामिया के बच्चों को दिल्ली पुलिस ने ग़ुलामों की तरह हाथ ऊपर कर के बाहर निकाला था। मेरी यादों के किसी कोने में क़ैद अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी की तारीख़ में दफ़्न वो क़िस्सा भी है जब अंग्रेज़ी पुलिस ने बंदूक़ों और लाठियों के साए में असहयोग आंदोलन का हिस्सा बनने वाले जामिया के संस्थापकों को मस्जिद के सहन से बाहर निकाल दिया था। मेरे दिमाग़ के किसी कोने में बंद कोठरी में मौलाना महमूद हसन के वो जुमले हैं जो उन्होंने जामिया की स्थापना के दिन अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी की मस्जिद के सहन में पढ़ने को दिया था और उसे पढ़ कर सुनाया गया था। मेरे यादों के हिस्से में जामिया के संस्थापक सदस्य और पहले वाइस चांसलर रहे हकीम अजमल ख़ान का वो क़िस्सा है जब उन्होंने अपनी‌ क़ीमती सोने की अंगूठी सिर्फ़ इसीलिए बेचने के लिए बाज़ार भेज दी थी कि जामिया के अध्यापकों को देने के लिए पैसे नहीं थे। मेरे दिमाग़ में वह यादगार लम्हा भी है जब हकीम अजमल ख़ान साहब में लंदन जाकर डॉक्टर ज़ाकिर हुसैन से दरख़्वास्त की थी कि आप अपने देश चलिए और जामिया की ज़िम्मेदारी लीजिए। मेरे आंखों में वह सपना भी दिखाई दे रहा है जब जामिया करोल बाग़ दिल्ली में सिर्फ़ चन्द कोठियों में चलता था। मेरे आंखों के तहख़ाने में ज़ाकिर हुसैन का वह यादगार वाकिया भी बंद है जब उनके पास अध्यापकों और कारीगरों को देने के लिए पैसा नहीं बचा था तो उन्होंने हर सब्ज़ी के दुकानदार और मालिक को बोल रखा था कि जामिया के टीचर और कर्मचारी अगर समान लेने आएं तो उन से पैसे न लिए जाएं, उनका वेतन आने पर वह आपका क़र्ज़ वापस कर देंगे। मेरे आंखों के सामने आज के जामिया की भी तस्वीर है जिस में विशाल और बड़ा मैदान, हज़ारों की संख्या में छात्रों का समंदर, सैकड़ों कर्मचारी और सड़क पर आए दिन खड़ी हो जाने वाली भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ़ की कई बटालियन।

सी ए ए आंदोलन के समय जामिया के छात्रों को दिल्ली पुलिस द्वारा हाथ उपर कर कैंपस से बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है

ऐसा लगता है बीते कई सालों के सफ़र में जामिया ने बहुत सारे उतार-चढ़ाव देखे हैं, वह दिन भी देखा जब यह कहा जाने लगा था कि जामिया को बंद हो जाना चाहिए, अब इसको देखने वाला कोई नहीं, वह दिन भी देखे जब गांधी जी ने कहा कि अगर जामिया मिल्लिया इस्लामिया से इस्लामिया शब्द हटा दिया जाएगा तो गांधी पहला इंसान होगा जो इसका विरोधी होगा, वह दिन भी देखा जब मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और जिन्ना आख़िरी बार एक साथ आए थे और वह दिन भी देखा जब इंदिरा गांधी इसकी धरती पर आईं।

जामिया तो डॉक्टर ज़ाकिर हुसैन, मुजीब साहब, नजीब जंग, तलत हुसैन, मुशीरुल हसन जैसे महान शिक्षाविदों के साए में रहा है। यह वह दौर था जब जामिया बन रहा था, बन कर खड़ा हो रहा था और आज ऊंचाइयों पर पहुंच कर अपनी पहचान बनाए हुए है। जहां जामिया ने अपने इतिहास के इन हसीन पलों को जिया तो वहीं जामिया ने 2019 नागरिकता संशोधन विरोधी आंदोलन के काले इतिहास को भी देखा है। जब जामिया के कोने-कोने में पुलिस की लाठियां, आंसू गैस के गोले और छात्रों के ज़ख्मों के निशान थे। जामिया तारीख़ के इन पन्ने को नहीं भूल सकता। भला भूले भी तो कैसे जब इसी मिट्टी पर पलने और चलने वाले आसिफ इक़बाल तन्हा को दिल्ली पुलिस पीटती है, घसीटती है और लहूलुहान कर के हॉस्पिटल पहुंचा देती है, जब इसी की फ़िज़ा में सांस लेने वाले एक साथी को इतना पीटा जाता है कि उनकी आंखे फूट जाती हैं और वो अब इस ख़ूबसूरत वादी को ठीक से देख भी नहीं सकता, जब इसी ज़मीन पर बैठने वाले एक लड़के को पुलिस द्वारा गोली मार कर घायल कर दिया जाता है जिसके ख़ून आज भी जामिया की सड़कों पर गवाही देते हैं, जब इसी कैंपस में रहने वाले मीरान हैदर को पिछले कई सालों से जेलों की सलाखों में रखा गया है, जब इसी कैंपस में खिलखिलाने वाली बहन सफ़ूरा को जेल में डाला जाता है और मीडिया उसके चरित्र का गंदा मज़ाक़ बनाती है, जब इसी कैंपस में रहने वाले हज़ारों छात्रों को मानसिक पीड़ा के लंबे दौर में धकेल दिया जाता है जिसकी कसक आज तक नई या ताज़ा बनी हुई है, तो भला कैसे भूल जाएं इस काले इतिहास को!

जामिया छात्रों द्वारा सी‌ ए ए आंदोलन के दौरान ली गई एक तस्वीर

असल में भूलने की वाली बात इस देश में हिंदुत्व की राजनीति करने वाली पार्टी करती है जो कभी कहती है गुजरात दंगा भूल जाओ, जो कभी कहती है मलियाना, मुज़फ़्फ़रनगर भूल जाओ, जो कभी कहती है हाशिमपुरा भूल जाओ, वही अब भी कहती है कि जामिया की 15 दिसंबर की रात भूल जाओ लेकिन कैसे भूल जाएं? सवाल आज भी है।

सी ए ए आंदोलन का नेतृत्व कर रहीं जामिया की छात्राएं

जामिया से एक रिश्ता है और यह रिश्ता कोई जज़्बाती या अल्पकालीन नहीं है। जामिया ने मेरे दिमाग़ को अपने पानी से सींचा है, उसकी वादियों को शादाब किया है। इस दुनिया को समझने, देखने और पहचानने का तरीक़ा दिया है। इसी जामिया ने मुहब्बत और बग़ावत का अफ़साना भी सिखाया है। इसने बताया है कि कब किसी को गले से लगाना है तो कब सड़कें जाम कर के शहर को रोक लेना है ताकि काली अंधेरी रात का गुज़र न हो। हम ने यहीं से इतिहास के पन्ने पलटे, शिक्षक की अवधारणा पढ़ी, अरस्तू का फ़लसफ़ा जाना, अर्थशास्त्र की गुत्थियां समझी, समाज की बनावट को परखा, इंसानी दिमाग़ को पढ़ना सीखा, तकलीफ़ में थेरेपी की और ज़रूरत पड़ी तो ईरान, अफ़ग़ान, चीन, रूस, अमरीका और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों को जाना। जो रिश्ता ऐसी मज़बूत बुनियादों पर बना हो तुम कहते हो हम उसे भूल जाएं।

हमने इसी धरती से दुनिया के बड़े-बड़े ज़ालिमों को ललकारा और मज़लूमों के हक़ में आवाज़ उठाई। जब इराक़ चीख़ा तो हमने सुना और जवाब दिया, जब इस्राइल ने आंख दिखाई तो हमने बढ़ कर उसके सामने इंसाफ़ की बात उठाई और जामिया से भगाया, जब फ़िलिस्तीन चीख़ा तो हम सामने आए और उसकी बात दुनिया तक पहुंचाई, जब अपने मुल्क में किसी ने ज़ुल्म सहा तो जामिया बोला, आसाम पर जामिया खड़ा था, राजस्थान पर जामिया खड़ा था, गुजरात पर जामिया खड़ा रहा, मॉब लिंचिंग से लेकर हर ज़ुल्म पर जामिया बोला तो आज कैसे हम ख़ामोश हो जाएं। हो भी नहीं सकता क्योंकि हमें तो ताक़त 1920 की उस बुनियाद से मिली है जब अंग्रेज़ों ने हमारे अपनों को अलीगढ़ के सहन से बंदूक़ के साए में निकलने पर मजबूर किया था।

जामिया के संस्थापकों की एक पुरानी तस्वीर

बात साफ़ है जामिया पढ़ेगा, लड़ेगा और बोलेगा। हर उस ज़ुल्म के ख़िलाफ़ जो किसी मज़लूम पर होगा, जो किसी कमज़ोर पर होगा, जो किसी मुसलमान पर होगा, जो किसी दलित, आदिवासी या किसी भी इंसान पर होगा। बिना इसकी परवाह किए कि सामने वक़्त का ख़ुदा है या कोई सरकार।

आज जब आप और मैं जामिया मिल्लिया इस्लामिया के 104वें स्थापना दिवस के इतिहास का भाग बन रहे हैं, तब जामिया पर काले बादलों का घना अंधेरा छा रहा है। अपनी इस तारीख़ को याद रखना। ये तुम्हारी ताक़त, हिम्मत और बहादुरी को हमेशा ऊंचा रखेंगे। बस इतना याद रखना कि जो पढ़ना ईमानदारी के साथ बुद्धि का प्रयोग कर के पढ़ना और जो पढ़ लेना तो उस पर पूरी शक्ति के साथ खड़े रहना, किसी के बहकाने, मीडिया के डराने या दलालों के लालच देने में मत आना। ईमानदारी आपका हथियार है, सच्चाई आपका ज़ेवर और बेबाकी आपकी ताक़त, इसे बचाए रखना। आसिफ़, सफ़ूरा, मीरान, शिफ़ाउर्रहमान और गुलफ़िशां के साथ-साथ उन तमाम को याद रखना जो आपके इस रास्ते के साथी है।

स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। खुदा इस चमन को शाद ओ आबाद रखे जहां से हज़ारों लाला ए सहरा को पयाम मिला और मिलता रहेगा।

(लेखक जामिया मिल्लिया इस्लामिया से उर्दू में एम ए हैं, फ़िलहाल मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू युनिवर्सिटी से पी एच डी कर रहे हैं)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here