शहीद याहया सिनवार की वसीयत

0
1227

मैं याहया हूं। एक शरणार्थी का बेटा, जिसने बेनामी को एक आरज़ी (अस्थाई) वतन बना लिया और ख़्वाब को एक ना ख़त्म होने वाले संघर्ष में बदल दिया। मैं यह लिख रहा हूं और इस समय मेरे जीवन का हर पल मेरी आंखों के सामने है। गलियों के बीच गुज़रने वाला मेरा बचपन, फिर जेल के लंबे साल और फिर ख़ून की हर बूंद जो इस ज़मीन की मिट्टी पर बहाई गई।

मैं ख़ान यूनुस के कैंप में 1962 में पैदा हुआ। यह वह समय था कि जब फ़िलिस्तीन सिर्फ़ एक याद थी जिसे टुकड़े-टुकड़े कर दिया गया था। सिर्फ़ कुछ नक़्शे थे जो राजनेताओं की मेज़ों पर भूले-भुलाए पड़े थे।

मैं वह शख़्स हूं, जिसने अपने जीवन को आग और राख के बीच गुज़ारा और बहुत पहले यह जान लिया कि दुश्मन के साए में जीवन बिताने का मतलब एक हमेशा की जेल में रहना है।

मैंने लड़कपन में ही यह जान लिया था कि इस सरज़मीन पर ज़िन्दगी गुज़ारना आम बात नहीं है। जो यहां पैदा होगा उसे अपने दिल के अंदर कभी मात ना खाने वाला हथियार उठाना होगा और यह समझना होगा की आज़ादी का रास्ता लंबा है।

आप लोगों के नाम मेरी वसीयत यहां से शुरू होती है। उस लड़के से जिसने ज़ालिमों पर पहला पत्थर फेंका और जिसने यह सीखा कि वह पत्थर ही पहले शब्द है जिनसे हम अपनी बात इस दुनिया को सुना सकते हैं, जो हमारे ज़ख़्मों को देख रही है और ख़ामोश खड़ी है।

मैंने ग़ज़ा की सड़कों पर यह सीखा है कि इंसान को उसकी उम्र, महीने और साल से नहीं मापा जाता, बल्कि इससे मापा जाता है कि वह अपने वतन के लिए क्या हाज़िर करता है। मेरी ज़िन्दगी इसी का सार थी। जेल और जंगें, तकलीफ़ और उम्मीद।

मैंने सबसे पहले सन् 1988 में जेल में क़दम रखा और मुझे उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई लेकिन मैंने डर को कभी अपने क़रीब भटकने नहीं दिया। उन अंधेरी कोठरियों के अंदर मैं हर दीवार में खिड़की देखता था, जिससे दूर आसमान दिखाई देता था। हर सूराख़ में से रोशनी फूटते देखता था, जो आज़ादी का रास्ता उजागर करती थी।

जेल में रहते हुए मैंने सीखा कि सब्र सिर्फ़ एक नैतिक ख़ूबी नहीं है बल्कि एक हथियार है, कड़वा हथियार। जैसे कोई समंदर को बूंद-बूंद करके पी ले।

मेरी तुम्हारे लिए वसीयत है कि जेलों से ख़ौफ ना खाओ, जेल तो आज़ादी की मंज़िल तक लेकर जाने वाली हमारी लंबी सड़क का एक टुकड़ा है।

जेल ने मुझे सिखाया कि आज़ादी सिर्फ़ एक हक़ नहीं जो छीन लिया गया, वह तो एक विचार है जो तकलीफ़ की कोख से जन्म लेता है और सब्र से उसकी धार तेज़ की जाती है। जब सन् 2011 में ‘एहरार की वफ़ादारी’ नामी सौदे के तहत मैं जेल से निकला तो मैं पहले जैसा नहीं रहा था। मैं निकला तो मेरा व्यक्तित्व मज़बूत हो चुका था और इस बात पर मेरा यक़ीन बढ़ चुका था कि हम जो कुछ कर रहे हैं वह एक वक़्ती संघर्ष नहीं है बल्कि यह हमारी क़िस्मत है जिसकी लाज हम अपने ख़ून की आख़िरी बूंद तक उठाते रहेंगे।

मेरी वसीयत है कि बंदूक़ को मज़बूती से थामे रहो, उस बुलंदी के साथ जिस पर कोई सौदा नहीं हो और उस ख़्वाब के साथ जो कभी मौत का मुंह ना देखे। दुश्मन चाहता है कि हम अपने विद्रोह को रोक दें और अपने संघर्ष को कभी ना ख़त्म होने होने वाली बातचीतों की हवाले कर दें।

लेकिन मैं तुमसे कहता हूं कि जो तुम्हारा हक़ है उस पर बहस मत करना। वह तुम्हारे हथियारों से ज़्यादा तुम्हारी मज़बूती से डरते हैं। प्रतिरोध सिर्फ़ हथियार नहीं है जो हम उठाए हुए हैं, वो तो फ़िलिस्तीन के लिए हमारी मोहब्बत है, जो हमारी हर सांस के साथ ताज़ा होती है। प्रतिरोध तो हमारा वह इरादा है कि ज़ुल्म और सितम के बावजूद हमें बाक़ी रहना है।

मेरी वसीयत है कि तुम सदा शहीदों के ख़ून के लिए वफ़ादार रहना। वह गुज़र गए और हमारे लिए कांटो भरी राह छोड़ गए। उन्होंने अपने ख़ून से हमारे लिए आज़ादी का रास्ता उजागर कर दिया। राजनेताओं के फ़ायदे के लिए और डिप्लोमेसी के खेलों में आकर इन क़ुर्बानियों को बेकार न जाने दो।

हमारा काम यह है कि पिछले लोगों ने जो शुरुआत की है, उसे अंजाम तक पहुंचाएं और इस राह से बिल्कुल ना हटें, चाहे इसके लिए कितनी ही भारी क़ीमत चुकानी पड़े। ग़ज़ा मज़बूती का घर और फ़िलिस्तीन का सदा धड़कता दिल, पहले भी था और आगे भी रहेगा, चाहे यह लंबी-चौड़ी सरज़मीन हमारे लिए कितनी ही छोटी हो जाए।

सन् 2017 में जब मैंने ग़ज़ा में हमास की लीडरशिप संभाली तो वह सिर्फ़ लीडरशिप का बदलाव नहीं था बल्कि प्रतिरोध का एक सिलसिला था जो पत्थर से शुरू हुआ और बंदूक़ तक जारी रहा। जेल में घिरी मेरी क़ौम का दर्द मुझे रोज़ बेचैन करता था। मैं जानता था कि आज़ादी की तरफ़ उठने वाला हमारा हर क़दम क़ीमत चाहता है, लेकिन मैं तुमसे कह देता हूं कि हार मान लेने की क़ीमत इससे बहुत बड़ी होगी। इसलिए इस ज़मीन से चिमटे रहो जिस तरह जड़ें मिट्टी से जुड़ी रहती हैं। जो क़ौम जिंदा रहने का फ़ैसला कर लेती है उसे कोई आंधी उखाड़ नहीं पाती।

तूफ़ान-ए-अक़्सा के विद्रोह के बीच मैं किसी संगठन या आंदोलन का लीडर नहीं था, मैं तो हर उस फ़िलिस्तीनी की आवाज़ था जो आज़ादी का ख़्वाब अपने दिल में सजाए है। मेरे ईमान ने मुझे यह राह दिखाई कि प्रतिरोध सिर्फ़ एक विकल्प नहीं है बल्कि यह एक कर्तव्य है। मैंने चाहा कि यह लड़ाई फ़िलिस्तीनी संघर्ष की किताब में एक नया अध्याय बन जाए। सारे प्रतिरोधी संगठन एकजुट हो जाएं और सब एक काई के साथी बन जाएं और उस दुश्मन का सामना करें जिसने कभी बच्चे और बूढ़े का या पत्थर और पेड़ का लिहाज़ नहीं किया।

मैंने कोई व्यक्तिगत विरासत नहीं छोड़ी है, बल्कि एक सामूहिक विरासत छोड़ रहा हूं, हर उस फ़िलिस्तीनी के लिए जिसने आज़ादी का ख़्वाब देखा, हर उस मां के लिए जिसने अपने शहीद बच्चों को अपने कंधों पर उठाया, हर उस बाप के लिए जिसने अपनी बच्ची को मक्कार दुश्मन की गोली खाकर तड़पते देखा और दर्द के ज़ोर से रो पड़ा।

मेरी आख़िरी वसीयत है कि हमेशा याद रखना कि प्रतिरोध बेकार काम नहीं है। यह सिर्फ़ एक गोली नहीं है जो चला दी जाए, बल्कि यह तो एक ज़िन्दगी है जिसे इज़्ज़त और बड़ाई के साथ हम जी रहे हैं। जेल और चहारदीवारी ने मुझे सिखाया है कि ये सफ़र लंबा है, रास्ता मुश्किल है, लेकिन मैंने यह भी सीखा है कि जो क़ौमें हार मानने से इन्कार कर देती हैं, वे अपने हाथों से करामात पैदा करती हैं।

दुनिया से उम्मीद मत रखना कि वह तुम्हारे साथ इंसाफ़ करेगी। मैंने अपनी ज़िन्दगी में अपनी आंखों से देखा है कि दुनिया किस तरह हमारे दर्द को ख़ामोश देखती रही। इंसाफ़ का इंतज़ार मत करो, बल्कि तुम ख़ुद इंसाफ़ बन जाओ। अपने दिलों में फ़िलिस्तीन का ख़्वाब सजा कर रखो। हर ज़ख्म को हथियार बना दो, हर आंसू को उम्मीद की धारा में बदल दो।

यह मेरी वसीयत है कि अपने हथियार हवाले मत करना, पत्थर ना डालना, अपने शहीदों को ना भूल जाना और उस ख़्वाब से कोई सौदा न करना जो तुम्हारा हक़ है।

हम यहां बाक़ी रहेंगे, अपनी सरज़मीन में, अपने दिलों में, अपने बच्चों के भविष्य में।

मैं तुम्हें वसीयत करता हूं कि फ़िलिस्तीन का ख़्याल रखना, उस ज़मीन का जिससे मैंने मौत की हद तक इश्क़ किया है, उस ख़्वाब का जिसको मैं अपने कंधों पर उठाए रहा, उस पहाड़ की तरह जो झुकता नहीं है।

अगर मैं गिर जाऊं तो तुम लोग मेरे साथ मत गिर जाना, बल्कि मेरे हाथ से परचम उठा लेना जो किसी एक दिन भी ज़मीन पर नहीं रहा। मेरे ख़ून से एक पुल तामीर करना जो उस ताक़तवर नस्ल को रास्ता दिखा सके जो हमारी राख से पैदा होगी।

जब तूफ़ान दोबारा आए और मैं तुम्हारे बीच ना रहूं तो समझ लेना कि मैं आज़ादी की लहरों की पहली बूंद था और मैं इसलिए ज़िंदा रहा ताकि तुम्हें सफ़र को पूरा करते देखूं।

उनके हलक़ का कांटा बने रहो, ऐसा तूफ़ान बन जाओ जो पलटना नहीं जानता हो और उस वक़्त तक पुरसुकून ना हो जब तक दुनिया यह ना जान ले कि हम हक़ वाले हैं। हम ख़बरों में दर्ज किए जाने वाली गिनतियां नहीं हैं।

उर्दू से अनुवाद: उम्मे वर्क़ा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here