आज का हिंदुस्तान समाज खास कर के मुस्लिम समुदाय के खिलाफ हिंसक बन चुका है। हर दिन आने वाली खबरें, मीडिया में चलने वाले डिबेट और नेताओं के बयान मुस्लिम समुदाय से नफरत और नरसंहार के लिए भूमिका तैयार कर रहे हैं। दंगों की चपेट में पैदा हुआ हिंदुस्तान आज नरेंद्र मोदी के काल में मुस्लिम विरोधी नफरत, हिंसा और कुंठा की भावना से लैस हो चुका है। मस्जिद, चौक, चौराहों से लेकर घर के अंदर की कोठारी तक सुरक्षित नहीं है। डर और भय के माहौल में जीता हिंदुस्तान का अल्पसंख्यक समुदाय अब अपने खिलाफ पैदा हो रहे नरसंहार की भूमिका को डॉक्यूमेंट कर रहा है।
यह खतरनाक समय बहुत सारे खतरों के साथ उन लोगों की सराहना करने का भी समय हुआ, जो लोग इन मुद्दों पर बात कर रहे हैं, लिख रहे हैं और उसे इतिहास में दर्ज कर रहे हैं। छात्र विमर्श का यह विचार श्रृंखला उसी लेखों और ट्वीट्स पर आधारित अंश की एक श्रेणी है। उम्मीद है पाठक इनसे कुछ सीखेंगे और समाज में पैदा हो रहे अपराधभाव से खुद को बचाने की कोशिश करेंगे।
यहां यह बात और नोट करने वाली है कि आज के बहुसंख्यक समाज को भी सोचना पड़ेगा। उन्हें यह सोचना पड़ेगा कि इस देश का भविष्य क्या सिर्फ हत्यारों का भविष्य है या एक सभ्य समाज का? क्या इस देश में सिर्फ नफरत की हवा को चलने देंगे या इसे रोकने की कोशिश करेंगे? बड़े बड़े विद्वान जो इस मुद्दे पर लिखते हैं, उनका इतना निराश हो जाना मुस्लिम समुदाय के लिए खतरा का विषय है। उन्हें सचेत होने की जरूरत है। अपने आस पास टटोलने और देखने की जरूरत है कि क्या हम किसी नफरत की भट्टी में तो नहीं आ गए हैं? जिसे हर दिन भड़काया जा रहा है। जिसकी लौ हर दिन बढ़ती जा रही है। किसी दिन यही आंधी इस देश को कलंकित करेगी और दुनिया भर के सामने विश्वगुरु का नाटक करने वाले मुंह छिपाते हुए दिखाई देंगे।
इससे पहले यह सब कुछ हो, बहुसंख्यक समाज को तय करना होगा कि वह जिस विचारधारा का समर्थन कर रहे हैं क्या वह इन्हें भी पसंद है? क्या इन्हें लगता है कि इसकी आग की लपट सिर्फ मुस्लिम, दलित, ईसाई या अल्पसंख्यक विरोधी है? अगर नहीं! तो अपने कर्तव्य को पहचानिए और आगे आइए। उन लोगों के साथ खड़े होइए , जो इसका मुकाबला बहादुरी से कर रहे हैं।
धन्यवाद
संपादक, छात्र विमर्श










