इस्लामी नज़रिये से इंसान अशरफ़ उल मख़लूक़ात (सर्वश्रेष्ठ प्राणी) है। अल्लाह तआला ने इंसान को मिट्टी से बनाया और उसमें अपनी रूह फूँकी। इंसान दो अलग चीज़ों का मिश्रण है, मिट्टी और रूह। रूह से मतलब वह ख़ास तत्व है जिससे इंसान को इल्म, ताक़त, इरादा, सोच-समझ, अक़्ल और फ़ैसला करने की क्षमता मिलती है। इंसानी ज़िन्दगी एक इम्तिहान है। इंसान को इख़्तियार दिए गए हैं और उसके अंदर तक़वा और फजूर (भलाई और बुराई) की स्थितियाँ रखी गईं ताकि देखा जाए कि वह अल्लाह की बात मानने वाला बनेगा या अपनी ज़िन्दगी गुनाह में बिताएगा। दूसरे नज़रिए के उलट इस्लाम इंसान की रचना को उद्देश्य पूर्ण बताता है। क़ुरआनी नज़रिये के अनुसार इंसान इस धरती पर अल्लाह का ख़लीफ़ा है। ख़लीफ़ा उस व्यक्ति को कहते हैं जो किसी की सत्ता में उसके सौंपे गए अधिकारों को उसके प्रतिनिधि के रूप में प्रयोग करे। ख़लीफ़ा मालिक नहीं होता, बल्कि असली मालिक का प्रतिनिधि होता है। उसके अधिकार निजी नहीं होते, बल्कि मालिक द्वारा दिये हुए होते हैं। वह अपनी मर्ज़ी से काम करने का हक़ नहीं रखता, बल्कि उसका काम मालिक की मर्ज़ी को पूरा करना होता है। अगर वह खुद को मालिक समझ बैठे और दिये गये अधिकारों को मनमाने तरीके से इस्तेमाल करने लगे, या असली मालिक के सिवा किसी और को मालिक मानकर उसकी मर्ज़ी और आदेशों की पालना करने लगें तो यह सब गद्दारी और बग़ावत के काम होंगे। (मौलाना सैयद अबुल आला मौदूदी, तफ़हीमुल कुरआन, जिल्द-ए-अव्वल))
आधुनिक पश्चिमी विचारों ने इंसान के इस मक़सद-ए-ख़ल्क़ (जीवन का उद्देश्य)को बदल दिया है। ह्यूमनिज़्म (Humanism) इंसान को ब्रह्मांड का केंद्र मानकर उससे ऊपर किसी भी सत्ता के होने को नकार देता है। जब किसी शख़्स में अपने से ऊँची किसी हद तक की मौजूदगी के सामने जवाबदेही का एहसास खत्म हो जाता है और वह अपनी ज़िन्दगी को अमानत नहीं समझता, तो वह अपनी मरज़ी से जीने लगता है। जब ज़िन्दगी की अमानत और इंसान के ख़लीफ़ा होने का ख्याल खत्म हो जाता है तो आदमी “ज़मीन की तहों से अलग-अलग हड्डियाँ निकालकर और उन्हें अनुमान और अटकलों से जोड़कर” अलग-अलग नतीजे निकालने की कोशिश करता है और नए-नए फ़लसफ़े और नज़रीयात बनाता है। खुदा की हिदायतों से बेपरवाह रहकर बनाए गए ये फ़लसफ़े इंसान को भटकाव के दलदल में धकेल देते और ज़िन्दगी के मार्ग को सीधे रास्ते से हटा देते हैं।
इन गुमराह करने वाले फ़लसफ़ों का सबसे बुरा असर हया के विचार पर पड़ा है। हया इंसानी ज़िन्दगी का सार है और इस सार को आधुनिक पश्चिमी विचारों ने चोट पहुँचाई है। यूटिलिटैरियनिज़्म (Utilitarianism) के अनुसार अच्छाई और बुराई का पैमाना सिर्फ़ निजी फ़ायदा और ख़ुशी रह गया है। लिबरलिज़्म (Liberalism) हया और पवित्रता को निजी चुनाव बताता है , मतलब व्यक्ति चाहे तो हया और पवित्रता का ख़्याल रखे और चाहे तो नज़रअंदाज़ कर दे। इस तरह का नैतिक गिरावट एक ऐसी संस्कृति बनाती है जो कामेच्छा को बढ़ावा देती है, पारिवारिक नज़रिए को कमजोर करती है और ख़ुदा के सामने जवाबदेही के अहसास को मिटा देती है। युवाओं में डिप्रेशन के बढ़ते रुझान, पहचान का संकट (identity crisis) और उद्देश्यहीनता, नैतिक गिरावट का साफ़ सबूत हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार हर सात में से एक भारतीय युवा मानसिक बीमारी से प्रभावित है। अश्लील धारावाहिकों और फ़िल्मों, अनुचित विज्ञापनों, मॉर्निंग और ईवनिंग शोज़, बेकार गानों, स्टैंडअप कॉमेडी और इन्फ़्लुएंसर कल्चर ने यौन असभ्य व्यवहार को सामान्य कर दिया है। यह कोई संयोग नहीं है बल्कि इसके पीछे कॉर्पोरेट और पूंजीवादी लाभ की रूचियाँ काम कर रही हैं। यौन असभ्य व्यवहार को सामान्य करने के लिए बड़ी-बड़ी इंडस्ट्रीज़ बनाई गई हैं ताकि युवाओं की भावनाओं का इस्तेमाल किया जा सके और उससे मुनाफ़ा कमाया जा सके।
इसके विपरीत हया रूह की रक्षा करती है। “हया” शब्द “हयात” (ज़िन्दगी) से लिया गया है। यानी जिस समाज के लोग हया वाले, अच्छे चरित्र वाले और नैतिक हों, वही समाज जीवन का मतलब होगा। इस्लाम में हया से मतलब वह शर्म है जो किसी बुरे काम की तरफ़ झुकने वाले इंसान को उसकी फितरत और ख़ुदा की मौजूदगी के सामने महसूस होती है (पर्दा, मौलाना सैयद अबुल आला मौदूदी)। यह एक ऐसी खूबी है जो इंसान को गुनाह की तरफ़ बढ़ने से रोकती है। इस्लाम में हया को बहुत अहम माना गया है। ईमान की बुलंदी के लिए जो नैतिक योग्यताएँ जरूरी हैं, उनमें हया एक बहुत ही अहम गुण है। हया और ईमान का रिश्ता वैसे ही है जैसे रूह का जिस्म के साथ है। रसूल-ए-अकरम ﷺ ने कहा: “जब तुम्हारे अंदर हया न रहे तो जो चाहो करो” (बुख़ारी)। ईमान और हया आपस में जुड़े हुए हैं, जब एक उठता है तो दूसरा भी उठ जाता है (तिर्मिज़ी)। इस डिजिटल दौर में जहाँ इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब और ओटीटी जैसे प्लेटफ़ॉर्म्स पर अश्लील और बेहया सामग्री आसानी से मिल जाती है, वहाँ ईश्वर की उस हिदायत को शिद्दत से याद रखना ज़रूरी है जिसमें कहा गया है: “ऐ नबी ﷺ, मुमिन मर्दों से कहो कि अपनी नज़रें झुका कर रखें और अपनी शर्मगाहों की रक्षा करें; यह उनके लिए ज़्यादा पाक़ तरीका है।” (सूरह अन-नूर)
बेशर्मी से बचाव के तीन अहम स्तंभ हैं: तक़वा, निकाह और तौबा। मोमिनों को तक़वा अपनाने की हिदायत दी गई है। कहा गया है: “जिन्हें हम से पहले किताब दी गई थी, उन्हें भी यही हिदायत दी गई थी; अब तुम्हें भी यही हिदायत देते हैं कि अल्लाह का तक़वा अपनाओ” (सूरह अन-निसा)। तक़वा का मतलब ‘बचाव‘ है, यानी ऐसी चीज़ों से बचना जो नुक़सान पहुँचाने वाली हों। तक़वा नफ़्स (आत्मा) को हर उस चीज़ से बचाता है जिससे हानि पहुँचने का अंदेशा हो। हज़रत उमर फ़ारूक़ ने हज़रत अबी बिन क़ाब से तक़वा के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि तुम कांटों भरे रास्ते पर चल रहे हो और अपनी चादर व कपड़े बचाते हो ताकि कांटों में फंस न जाएँ, बस यही तक़वा है। इस यौन उन्मुक्ति के दौर में तक़वा शैतानी चाल और फुसलियों (वसवसों) से बचने का एक अहम ज़रिया है। तक़वा अपनाने से इंसान खुद को बेहया और अश्लीलता से बचा सकता है। तक़वा रूह और दिल का कपड़ा है। कहा गया है: “सबसे अच्छा कपड़ा तक़वा का कपड़ा है” (सूरह अल-आराफ़)। जैसे कपड़ा जिस्म को हानिकारक चीज़ों से बचाता है, वैसे ही तक़वा रूह और दिल को हानिकारक चीज़ों से बचाता है।
इस्लाम इंसानी भावनाओं को स्वाभाविक समझता है और न केवल उनकी तर्बियत करता है बल्कि उनके सही इज़हार का तरीका भी देता है। निकाह बेहया और अश्लीलता से बचने का एक मज़बूत क़िला है। रसूल-ए-अकरम ﷺ ने नौजवानों से कहा: “तुम में से जो निकाह करने की हालत रखता हो, वह निकाह कर ले क्योंकि यह नज़रों को रोकने और शर्मगाह की रक्षा करने वाला है” (तिर्मिज़ी)। निकाह करने को अपने आधे ईमान को पूरा करने के बराबर बताया गया है (बयहक़ी)। क़ुरआन ने पति-पत्नी को एक-दूसरे का लिबास कहा है (सूरह अल-बकरा), जैसे लिबास जिस्म की हिफाज़त करता और उसे मौसम की मुश्किलों से बचाता है, उसी तरह पति-पत्नी एक-दूसरे के रक्षक होते हैं।
तौबा गुनाह और नाफ़रमानी से अल्लाह की तरफ़ लौटने का नाम है। इस्लाम उस हस्ती का उतारा हुआ नज़रिया है जो इंसानी कमजोरियों को अच्छी तरह से जानता है इसलिए उसने इंसान को तौबा का रास्ता दे रखा है। कहा गया है: “ऐ ईमानवालों! अल्लाह के सामने सच्ची और ख़ालिस तौबा करो; निकट है कि तुम्हारा रब तुम्हारे गुनाह दूर कर दे” (सूरह तहरीम)। रसूल-ए-अकरम ﷺ ने कहा: “सारे इंसान गुनहगार हैं और सबसे अच्छा गुनहगार वह है जो तौबा करता है” (तिर्मिज़ी)। तौबा दिल की सफ़ाई है; तौबा का मतलब है कि इंसान अपने किए पर पछताए, खुद को उस गुनाह से पूरी तरह अलग कर ले और दृढ़ इरादा करे कि वह फिर उस गुनाह में कभी नहीं पड़ेगा।
बेशर्मी और अश्लीलता के ख़िलाफ़ जंग सिर्फ़ व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामाजिक फ़र्ज़ भी है। जब बेहया और अश्लीलता किसी समाज में फैल जाती है तो वह परिवारों के ढांचे को नष्ट कर देती है और अंततः वह समाज नष्ट हो जाता है। मुस्लिम समाज की ज़िम्मेदारी है कि वह बेहया और अश्लीलता के रोकथाम में अपना क़िरदार निभाए और हया के बारे में इस्लामी तालीमात को आम करे। जो अश्लील और फूहड़ सामग्री है, जिसे सामान्य और गैर-ज़रूरी दिखाने की कोशिश की जा रही है, उसके बारे में सामूहिक रूप से यह बताया जाना चाहिए कि वह गलत और नैतिक रूप से बुरी है। युवाओं की तालीम और मार्गदर्शन के लिए असरदार व्यवस्था बनानी चाहिए। माता-पिता, उलेमा और समाज के नेता खुलकर उन मसलों पर बात करें जो बेहया और अश्लीलता के कारण पैदा हुए हैं। मस्जिदों और स्थानीय संस्थानों में युवाओं की काउंसलिंग का इंतज़ाम करें। समाज के लोग, धार्मिक संगठन, शैक्षिक संस्थान और नागरिक समाज मिलकर नैतिक मीडिया नीतियों की माँग करें और अश्लील ओटीटी सामग्री के खिलाफ़ कानूनी लड़ाई का हिस्सा बनें।
SIO एक इस्लामिक छात्र संगठन होने के नाते युवाओं को इस्लामी क़द्रों पर आधारित जीवन जीने की राह दिखाना अपना धार्मिक फ़र्ज़ समझता है। युवाओं में बढ़ती हुई उद्देश्यहीनता बेहयाई व अश्लीलता के बढ़ते रुझानों को देखते हुए SIO ने देशव्यापी मुहिम “हया ही ज़िन्दगी है: अर्थपूर्णता, नैतिकता और दिल की सुकून” शुरू की है। इस मुहिम का मक़सद युवाओं में हया के ख्याल और मिज़ाज को बढ़ावा देना, इस मुद्दे में कानूनी और नीतिगत सुधारों का समर्थन करना और ऐसे सिस्टम के निर्माण में समाज की मदद और मार्गदर्शन करना है जो युवाओं को पवित्र और सुरक्षित माहौल दे सके।
शेख़ लुक़मान (अनुवाद: उम्मे वर्का़ {ए.एम.यू.})










